Web News

www.upwebnews.com

डीएम ने उत्साहवर्धन कर आशा मालवीय को उज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी

February 23, 2026

डीएम ने उत्साहवर्धन कर आशा मालवीय को उज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी

Asha Malviya

उप्रससे अजय बरया

ललितपुर। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले की रहने वाली आशा मालवीय इन दिनों अपने साहस, संकल्प और देशभक्ति के जज़्बे से लोगों को प्रेरित कर रही हैं। नारी शक्ति, देशभक्ति और अदम्य साहस के उद्देश्य के साथ वह 7800 किलोमीटर की लंबी साइकिल यात्रा पर निकली हैं। जयपुर से शुरू हुई उनकी यह यात्रा गुजरात होते हुए कन्याकुमारी तक जाएगी। फिलहाल वह ललितपुर पहुंच चुकी हैं और अब तक 3100 किलोमीटर की दूरी तय कर चुकी हैं।
कलेक्ट्रेट परिसर में जिलाधिकारी सत्य प्रकाश ने आशा मालवीय का उत्साहवर्धन किया और उनके इस साहस भरे कदम की प्रशंसा करते हुए कहा कि नारी शक्ति अगर ठान ले तो वह सब कुछ कर सकती हैं। आज महिलाएं हर क्षेत्र के कीर्तिमान स्थापित कर रही हैं। इसके लिए सरकार नारी सुरक्षा, नारी सम्मान व नारी स्वावलंबन के लिए संकल्पित है। उन्होंने कहा कि सरकार अपनी नारी शक्ति की ताकत, साहस और दृढ़ता का सम्मान करते हुए विभिन्न क्षेत्रों में उनकी उपलब्धियों की सराहना करती है, केन्द्र व प्रदेश की सरकार शिक्षा, उद्यमिता, कृषि, प्रौद्योगिकी, खेल सहित अन्य क्षेत्रों में अनेक पहलों के माध्यम से महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने आशा मालवीय को उज्वल भविष्क की शुभकामनाएं देते हुये जनपद के पर्यटन चित्र भेंट किये।
आशा मालवीय ने बता कि उन्होंने फिजिकल एजुकेशन में पीजी की पढ़ाई की है। खेल और फिटनेस के क्षेत्र से जुड़ी होने के कारण उन्होंने हमेशा युवाओं और विशेषकर महिलाओं को शारीरिक रूप से सशक्त बनने के लिए प्रेरित किया है। उनका मानना है कि आत्मविश्वास, अनुशासन और दृढ़ निश्चय से कोई भी लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।
उन्होंने बताया कि इस यात्रा का मुख्य उद्देश्य महिलाओं को आत्मनिर्भर और साहसी बनने के लिए प्रेरित करना है। वे जहां-जहां से गुजर रही हैं, वहां लोगों से संवाद कर रही हैं और बेटियों की शिक्षा, महिला सुरक्षा तथा राष्ट्रप्रेम का संदेश दे रही हैं। रास्ते में कई सामाजिक संगठनों और स्थानीय लोगों द्वारा उनका स्वागत भी किया जा रहा है।
कठिन मौसम, लंबी दूरी और शारीरिक थकान जैसी चुनौतियों के बावजूद आशा का उत्साह कम नहीं हुआ है। उनका कहना है कि यह यात्रा केवल साइकिल चलाने की नहीं, बल्कि समाज में सकारात्मक बदलाव लाने की एक मुहिम है।
ललितपुर पहुंचने पर स्थानीय लोगों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया और उनके साहस की सराहना की। आशा मालवीय की यह पहल न केवल महिलाओं के लिए प्रेरणा है, बल्कि युवाओं में देशभक्ति और आत्मबल की भावना को भी मजबूत कर रही है।
7800 किलोमीटर की इस ऐतिहासिक यात्रा को पूरा करने का उनका संकल्प अडिग है। उनका संदेश स्पष्ट हैकृ“यदि हौसले बुलंद हों तो कोई भी मंजिल दूर नहीं।

February 21, 2026

ललितपुर में दुर्लभ चिकित्सीय उपलब्धि–डा कौर

35 सप्ताह की गर्भवती में प्लेसेंटा से निकला दुर्लभ ट्यूमर

उप्रससे अजय बरया

ललितपुर- गुरु नानक हॉस्पिटल में एक अत्यंत दुर्लभ और असामान्य प्रसूति संबंधी मामला सामने आया है। 35 सप्ताह की गर्भवती महिला, जिनका पूर्व में एक सीज़ेरियन ऑपरेशन हो चुका था, प्रसव पीड़ा एवं स्कार टेंडरनेस के साथ अस्पताल में भर्ती हुईं। स्थिति को देखते हुए आपातकालीन सीज़ेरियन सेक्शन करने का निर्णय लिया गया।

ऑपरेशन वरिष्ठ स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ डॉ. कौर के मार्गदर्शन में डॉ. आकांक्षा सिंघई (एम.एस., स्त्री एवं प्रसूति रोग) द्वारा सफलतापूर्वक संपन्न किया गया।

ऑपरेशन के दौरान 2.5 किलोग्राम वजन का स्वस्थ शिशु (पुरुष) जन्मा, जिसने जन्म के तुरंत बाद रोना शुरू कर दिया। शिशु पूर्णतः स्वस्थ पाया गया।

हालांकि, प्लेसेंटा निकालने के बाद चिकित्सकों को एक अप्रत्याशित खोज मिली। प्लेसेंटा से जुड़ा हुआ लगभग 7 × 6 × 4.5 सेमी आकार एवं लगभग 230 ग्राम वजन का एक स्पष्ट सीमांकित मास पाया गया।

यह मास पतली झिल्ली से ढका हुआ था। कट सेक्शन पर निरीक्षण करने पर उसमें त्वचा, बाल, वसायुक्त ऊतक तथा उपास्थि/हड्डी जैसे कठोर भाग दिखाई दिए। महत्वपूर्ण बात यह रही कि:

• किसी भी प्रकार के भ्रूण अंगों की पहचान नहीं हुई
• यह मास शिशु एवं नाल से पूर्णतः अलग था
• नवजात शिशु पूरी तरह सामान्य था

प्रारंभिक निरीक्षण के आधार पर इसे प्लेसेंटल टेराटोमा होने की संभावना व्यक्त की गई है। पुष्टि हेतु प्लेसेंटा सहित मास को हिस्टोपैथोलॉजिकल परीक्षण के लिए भेजा गया है।

चिकित्सकों के अनुसार प्लेसेंटल टेराटोमा अत्यंत दुर्लभ एवं सामान्यतः सौम्य (benign) प्रकृति का ट्यूमर होता है, जो प्लेसेंटा के ऊतकों से उत्पन्न होता है। अधिकांश मामलों में इसका माँ या शिशु के भविष्य के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव नहीं पड़ता।

ऑपरेशन के पश्चात माँ और शिशु दोनों स्वस्थ एवं स्थिर हैं।

यह मामला ललितपुर में चिकित्सा क्षेत्र की एक उल्लेखनीय उपलब्धि के रूप में देखा जा रहा है।

February 17, 2026

विधानसभा में गूंजा बुंदेलखंड — विधायक रामरतन कुशवाहा का दमदार भाषण

उप्रससे अजय बरया ललितपुर- उत्तर प्रदेश विधानसभा के बजट सत्र में सदर ललितपुर के विधायक रामरतन कुशवाहा ने प्रभावशाली और राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण वक्तव्य देते हुए ललितपुर एवं बुंदेलखंड क्षेत्र के विकास से जुड़े मुद्दों को मजबूती के साथ सदन के केंद्र में ला दिया। उनके भाषण ने यह स्पष्ट कर दिया कि अब सीमावर्ती क्षेत्रों की आवाज विधानसभा में और अधिक ताकत के साथ गूंज रही है।
विधायक ने कहा कि बजट केवल आंकड़ों का दस्तावेज नहीं, बल्कि जनता की उम्मीदों और विकास का संकल्प है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी , मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ तथा वित्त मंत्री सुरेश खन्ना का आभार व्यक्त करते हुए बजट को समग्र विकास का रोडमैप बताया।
बड़ा राजनीतिक संदेश: ललितपुर आखिरी जिला नहीं, उत्तर प्रदेश का मुख्य प्रवेश द्वार
सदन में बोलते हुए विधायक ने कहा कि ललितपुर को सीमावर्ती नहीं, बल्कि रणनीतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण जनपद के रूप में देखा जाना चाहिए। मध्यप्रदेश से लगी सीमाओं का उल्लेख करते हुए उन्होंने क्षेत्रीय विकास को प्रदेश की प्रगति से सीधे जोड़कर प्रस्तुत किया।
वही विधायक ने विकास का मजबूत एजेंडा — सड़क, सेतु और कनेक्टिविटी पर फोकस करते हुए
विधायक ने बजट में सड़क एवं सेतु निर्माण के लिए हुई बड़ी वित्तीय व्यवस्था का स्वागत करते हुए सदन में कई महत्वपूर्ण मांगें रखीं—
• जखौरा–तालबेहट संपर्क मार्ग का उच्चीकरण
• दैलवारा से अमरपुर मंडी तक हाईवे कनेक्टिविटी
• रेलवे स्टेशन दैलवारा पर रेलवे ओवरब्रिज का निर्माण
• ललितपुर नगर में इनर रिंग रोड का निर्माण, जिससे देवगढ़, राजघाट एवं जखौरा मार्ग सीधे राष्ट्रीय राजमार्ग–44 से जुड़ सकें
• शहजाद नदी पर पंचमुखी हनुमान मंदिर, बार बांसी मार्ग और पारौन हज़ारिया मार्ग (किमी-3) पर तीन दीर्घ सेतुओं का निर्माण
सदन में क्षेत्रीय सम्मान और गौरव को ध्यान में रखते हुए विधायक ने महत्वपूर्ण प्रस्ताव रखे—
• देवगढ़ मार्ग पर सेतु निगम द्वारा निर्मित रेलवे ओवरब्रिज का नाम “महाराजा छत्रसाल सेतु” रखा जाए।
• शहजाद नदी पर निर्माणाधीन दीर्घ सेतु का नाम भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी सेतु रखा जाए।
इन प्रस्तावों को क्षेत्रीय इतिहास और राष्ट्रीय नेतृत्व को सम्मान देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया गया।
शिक्षा, तकनीकी संस्थान और युवाओं पर विशेष जोर
विधायक ने कहा कि सीमावर्ती ग्रामीण क्षेत्र की बेटियों की शिक्षा को ध्यान में रखते हुए विकासखंड तालबेहट की ग्राम पंचायत पूरा कला में राजकीय इंटर कॉलेज की स्थापना अत्यंत आवश्यक है।
साथ ही उन्होंने मांग रखी—
• ललितपुर में इंजीनियरिंग कॉलेज की स्थापना
• युवाओं की खेल प्रतिभा को बढ़ावा देने हेतु स्पोर्ट्स कॉलेज की स्थापना
अपने संबोधन में विधायक ने करकरावल कॉरिडोर, देवगढ़ किला, दशावतार मंदिर, बेतवा तट, गोविंद सागर बांध, राजघाट बांध क्षेत्र एवं पंचमुखी हनुमान मंदिर को जोड़कर बुंदेलखंड धार्मिक एवं विरासत पर्यटन सर्किट विकसित करने का प्रस्ताव रखा।
राजनीतिक विश्लेषकों के अनुसार, यह प्रस्ताव क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था को नई दिशा देने वाला साबित हो सकता है।
फुलावन, पठारी एवं रमपुरा कठवर सहित लगभग 20 ग्रामों के पास भव्य राज्य प्रवेश द्वार बनाए जाने की मांग रखते हुए विधायक ने कहा कि यह उत्तर प्रदेश की सांस्कृतिक पहचान और गौरव का प्रतीक बनेगा।
विधायक ने विश्वास व्यक्त किया कि प्रधानमंत्री जी के निर्देशन और मुख्यमंत्री जी के नेतृत्व में बुंदेलखंड अब विकास और समृद्धि की नई पहचान बनेगा।
ललितपुर सीमा नहीं, प्रदेश का गौरव और उत्तर प्रदेश का मुख्य प्रवेश द्वार है।

February 16, 2026

डीएम ने दलहन क्रय केन्द्र खुलवाने के लिए शासन स्तर पर फोन पर वार्ताकर लिखा पत्र

उप्रससे अजय बरया
ललितपुर। जनपद के किसानों के हितों के प्रति संवेदनशीलता दिखाते हुए जिलाधिकारी सत्य प्रकाश ने एक महत्वपूर्ण पहल की है, उन्होंने किसान संगठनों व किसानों की माँग पर दलहन फसलों की शीघ्र खरीद सुनिश्चित कराने के उद्देश्य से शासन स्तर पर दूरभाष पर सीधे वार्ता की और पत्र लिखा।
जिलाधिकारी ने वार्ता के दौरान शासन को अवगत कराया कि जनपद ललितपुर में बड़ी संख्या में किसान आर्थिक रुप से कमजोर वर्ग से हैं, फसल तैयार होते ही उन्हें घरेलू एवं कृषि सम्बंधी आवश्यकताओं की पूर्ति हेतु तत्काल धन की जरूरत पड़ती है, ऐसे में यदि क्रय केन्द्र समय पर संचालित न हों तो किसान मजबूरन अपनी उपज को बिचौलियों को ओने-पोने दामों पर बेंच देते हैं। बाद में यही बिचौलिये सरकारी खरीद प्रारंभ होने पर उसी उपज को समर्थन मूल्य पर बेंच कर अनुचित लाभ अर्जित करते हैं, जिससे मूल किसानों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ता है।
जिलाधिकारी ने शासन से आग्रह किया कि जनपद की परिस्थितियों को दृष्टिगत रखते हुए जनपद में मध्य मार्च से पूर्व ही दलहन क्रय केन्द्रों के संचालन की अनुमति प्रदान की जाए, ताकि किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य सीधे किसानों को प्राप्त हो सके और बिचौलियों की भूमिका समाप्त हो।
जिलाधिकारी की इस पहल को शासन स्तर पर सकारात्मक रूप से लिया गया है, सब ठीक रहा तो मार्च में ही क्रय केन्द्र खोले जाने की अनुमति मिल सकती है। जिलाधिकारी सत्य प्रकाश ने कहा है कि जिला प्रशासन जनपद के किसानों के हितों की रक्षा के लिए पूर्णतः प्रतिबद्ध है। यह सुनिश्चित किया जाएगा कि प्रत्येक पात्र किसानों को उसकी उपज का समर्थन मूल्य समय पर प्राप्त हो तथा किसी भी प्रकार की शोषणकारी गतिविधि पर प्रभावी नियंत्रण रखा जाए।’ जनपद के किसान भाईयों से अपील की जाती है कि वे अपनी दलहन उपज को अधिकृत क्रय केन्द्रों पर ही विक्रय करें और किसी प्रकार की समस्या होने पर तत्काल जिला प्रशासन को अवगत करायें। जिला प्रशासन हर संभव किसानों की मदद के लिए तत्पर है।
जिलाधिकारी ने इससे पूर्व भी किसान हितों में संवेदनशीलता दिखाते हुए विगत वर्षों की फसल बीमा योजना के तहत किसानों को 60 करोड़ से अधिक का भुगतान भी कराया है और आगे भी किसानों के शेष भुगतान के लिए लगातार प्रयासरत हैं।

February 6, 2026

डीएम ने शुरु की अभिनव पहल, जनजाति वाहुल्य ग्रामों में लोगों के जन्म प्रमाण पत्र जारी करने हेतु लगाये जायेंगे कैम्प

उप्रससे अजय बरया
ललितपुर। सरकार की अन्त्योदय की भावना को साकार रुप देते हुए जिलाधिकारी सत्य प्रकाश नियमित अपने कार्यालय कक्ष में जनसुनवाई कर प्रभावी रुप से समस्याओं का निस्तारण करा रहे हैं और साथ ही जरुरतमंदों को सरकारी योजनाओं का भी लाभ दिला रहे है। इसी के क्रम में उन्होंने शुक्रवार को अपने कार्यालय कक्ष में जनसुनवाई के दौरान फरियादियों को सुना और पूरी संवेदनशीलता के साथ सम्बंधित अधिकारियों से दूरभाष पर निर्देशित कर समस्याओं का निस्तारण कराया।
इसी दौरान जिलाधिकारी ने अभिनव शुरु पहल करते हुए जिले के जनजाति बाहुल्य ग्राम मादौन, कपासी, धौजरी, धौर्रा, पिपरई व भाटौन में ग्रामीणों के जन्म प्रमाण पत्र बनाये जाने हेतु आगामी बुधवार को कैम्प आयोजित कराने के निर्देश दिये, उन्होंने कहा कि जन्म प्रमाण पत्र बन जाने से इन ग्रामीणों का आधार कार्ड भी बन सकेगा और सरकारी की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ भी मिल सकेगा।
इसी प्रकार उन्होंने जल जीवन मिशन अन्तर्गत खोदी गई सड़कों की मरम्मत के लिए नगर पालिका, जल निगम और जल संस्थान के अधिकारियों को रोडवाइज सूची उपलब्ध कराने के निर्देश दिये, ताकि विभागवार सड़कों का आवंटन कर त्वरित गति से उनकी मरम्मत करायी जा सके।
इस दौरान महरौनी निवासी एक वृद्ध फरियादी ने उनका मकान गिर जाने के कारण आर्थिक सहायता की मांग की, जिस पर जिलाधिकारी ने तत्काल शिकायती पत्र को उप जिलाधिकारी महरौनी को पृष्ठाकिंत करते हुए आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिये।
शिकायतकर्ता मदनलाल द्वारा विद्युत बिल में सुधार न किये जाने की शिकायत की, जिस पर जिलाधिकारी ने दूरभाष पर अधीक्षण अभियन्ता विद्युत से वार्ता कर शिकायतकर्ता के बिल में संशोधन कराते हुए उसे एकमुश्त समाधान योजना का लाभ दिलाये जाने के निर्देश दिये।
ग्राम दैलवारा निवासी किसान ने ग्रामीण बैंक दैलवारा में उसके जमा धन की निकासी पर बैंक द्वारा प्रतिबंध लगाने की शिकायत की, इस पर जिलाधिकारी ने एलडीएम का लाइन पर लेकर कहा कि आये दिन बैंकों की मनमानी की शिकायतें आ रहीं हैं, ऐसे बैंकों पर तत्काल कोई कार्यवाही करें, अन्यथा मैं स्वयं दोषियों पर कठोर कार्यवाही करुॅगा। साथ ही पीढ़ित किसान का पैसा निकलवाने के भी निर्देश दिये।
इसी प्रकार उन्होंने अन्य फरियादियों की समस्याओं का भी सम्बंधित अधिकारियों से वार्ता कर निस्तारण कराया। जिलाधिकारी ने कहा कि जनसुनवाई का उद्देश्य केवल शिकायत सुनना नहीं, बल्कि जनसमस्याओं का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित कराकर जनता को राहत देना है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनसामान्य की शिकायतों के प्रति संवेदनशील रहते हुए प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण कराया जाए, ताकि शासन की योजनाओं का वास्तविक लाभ जनता तक पहुंच सके।

« Newer PostsOlder Posts »