Web News

www.upwebnews.com

डग्गामार वाहनों के खिलाफ परिवहन विभाग की ताबड़तोड़ कार्रवाई, 20 वाहन सीज व 59 का चालान

August 6, 2026

डग्गामार वाहनों के खिलाफ परिवहन विभाग की ताबड़तोड़ कार्रवाई, 20 वाहन सीज व 59 का चालान

डग्गामार वाहनों के विरोध में अनुबंधित बस यूनियन की हड़ताल तीसरे दिन भी जारी

परिवहन विभाग के ‘मिशन आरोही’ अभियान के तहत लखीमपुर खीरी में हुई बड़ी कार्रवाई

एआरटीओ शांति भूषण पांडे के नेतृत्व में 20 वाहन सीज और 59 वाहनों के चालान किए गए

लखीमपुर खीरी। जनपद में अवैध टैक्सियों और डग्गामार बसों के बढ़ते संचालन के खिलाफ अनुबंधित बस यूनियन के पदाधिकारियों का गुस्सा फूट पड़ा है। शासन-प्रशासन को बार-बार ज्ञापन देने के बावजूद कोई ठोस कार्रवाई न होने से नाराज अनुबंधित बस यूनियन के पदाधिकारी पिछले तीन दिनों से लगातार हड़ताल पर हैं यूनियन का साफ तौर पर कहना है कि जिले में डग्गामार वाहन और अवैध टैक्सियां भारी पैमाने पर चलाई जा रही हैं, जिससे अनुबंधित बसों को सवारियां नहीं मिल पा रही हैं और वे भारी घाटे में चल रही हैं।
अनुबंधित बस यूनियन की हड़ताल और लगातार मिल रही शिकायतों के बीच उत्तर प्रदेश परिवहन विभाग पूरी तरह सख्त हो गया है। विभाग द्वारा चलाए जा रहे ‘मिशन आरोही’ अभियान के अंतर्गत लखीमपुर खीरी के एआरटीओ शांति भूषण पांडे के नेतृत्व में 5 और 6 अगस्त 2026 को डग्गामार वाहनों के खिलाफ ताबड़तोड़ छापेमारी की गई इस कार्रवाई के दौरान परिवहन विभाग ने कुल 20 अवैध वाहनों को सीज कर विभिन्न थानों में बंद कराया है, जबकि 59 वाहनों का चालान काटा गया।एआरटीओ शांति भूषण पांडे ने बताया कि कार्रवाई में एलआरपी चौराहा से लखनऊ जा रही 7 डग्गामार बसें, 2 स्लीपर बसें और 11 अन्य अवैध वाहन शामिल हैं जिन्हें सीज किया गया है उन्होंने साफ चेतावनी दी है कि अवैध रूप से संचालित होने वाले वाहनों के खिलाफ यह अभियान रुकने वाला नहीं है और डग्गामार वाहनों को सीज करने की यह कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।

राजस्व को लग रहा चूना अनुबंधित बसें चलाना मुश्किल: यूनियन

इधर अनुबंधित बस यूनियन के जिला अध्यक्ष श्रवण कुमार गुप्ता और संरक्षक प्रेम प्रकाश बाजपेई ने अपनी चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि अवैध डग्गामार वाहन लगातार सरकारी राजस्व को भारी चूना लगा रहे हैं। उन्होंने कहा कि डग्गामार वाहनों के अवैध संचालन के कारण अनुबंधित बसों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है, जिससे अब इन बसों को चला पाना बिल्कुल संभव नहीं रह गया है। यूनियन के पदाधिकारियों की मांग है कि जनपद में अवैध वाहनों के संचालन पर पूरी तरह से रोक लगाई जाए, तभी वे अपनी हड़ताल वापस लेंगे।

August 5, 2026

19 जुलाई से लापता युवक का शव अठारहवें दिन कुएं से बरामद किया गया.

मितौली
बीती 19 जुलाई से लापता 20 वर्षीय युवक का शव बुधवार सुबह गांव के पास अठारहवें दिन खेतों में बने एक कुएं में तैरता हुआ मिला। शव मिलने से परिजनों में कोहराम मच गया और क्षेत्र में सनसनी फैल गई।
मितौली थाना क्षेत्र की कस्ता चौकी के ग्राम भिखनापुर के रहने वाले प्यारे लाल राठौर का 20 वर्षीय पुत्र गोविंद 19 जुलाई को अचानक घर से गायब हो गया था। काफी खोजबीन के बाद परिजनों ने 21 जुलाई को मितौली थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई थी। पीड़ित पिता ने लखनऊ और नीमसार तीर्थ तक जाकर फोटो-पोस्टर लगवाने सहित काफी जगहों पर जा-जाकर पता किया,लेकिन गोविंद का कोई सुराग नहीं लगा।बुधवार सुबह गांव के निवासी जिलेदार के खेत में कुएं के पास चप्पलें रखी देख जब उन्होंने अंदर झांका, तो युवक का शव उतराता हुआ दिखाई दिया, जिसकी जानकारी परिजनों को दी।कस्ता चौकी प्रभारी जयकृष्ण तिवारी, दीवान राजेश मिश्रा, सिपाही अंकित हुड्डा व विशाल की पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर शव को कुएं से बाहर निकलवाया। शव पूरी तरह सड़ा-गला था, जिसकी पहचान गोविंद के रूप में हुई। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर उसे पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

किशोरियों के एचपीवी टीकाकरण को लेकर कॉलेजों में जागरूकता, प्रधानाचार्यों से की गई चर्चा

सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए सीएचसी व पीएचसी में निशुल्क लगवाएं एचपीवी टीका

लखीमपुर-खीरी। सर्वाइकल कैंसर से बचाव के उद्देश्य से मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ संतोष गुप्ता के दिशा-निर्देश मे चलाए जा रहे एचपीवी टीकाकरण अभियान को लेकर स्वास्थ्य विभाग की टीम ने विभिन्न इंटर कॉलेजों में पहुंचकर प्रधानाचार्यों से परिचर्चा की। इसी क्रम में नेताजी सुभाष चंद्र बोस इंटर कॉलेज तथा किसान समाज इंटर कॉलेज में प्रधानाचार्यों के साथ एचपीवी टीकाकरण को लेकर महत्वपूर्ण चर्चा की गई।
बैठक के दौरान सीएचसी अधीक्षक डॉ अमित बाजपेई व स्वास्थ्य विभाग की ओर से बताया गया कि एचपीवी संक्रमण सर्वाइकल कैंसर का प्रमुख कारण है। किशोरियों को समय पर एचपीवी का टीका लगवाने से भविष्य में सर्वाइकल कैंसर के खतरे को कम करने में मदद मिल सकती है।
स्वास्थ्य विभाग की टीम ने विद्यालय प्रबंधन से कहा कि छात्राओं के अभिभावकों को भी एचपीवी टीकाकरण के प्रति जागरूक किया जाए। इस दौरान सहमति पत्र भी वितरित किए गए तथा अभिभावकों से अपने बच्चों को टीका लगवाना अथवा नही लगवाने के संबंध में सहमति देने के लिए कहा गया बताया गया कि 14 से 15 वर्ष की उम्र की किशोरियों को यह टीका निःशुल्क लगाया जा रहा है। टीकाकरण के लिए स्वास्थ्य विभाग द्वारा निर्धारित केंद्रों एवं टीकाकरण सत्रों पर व्यवस्था की गई है।
इस अवसर पर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र फरधान के अधीक्षक डॉ. अमित बाजपेई सहित स्वास्थ्य विभाग से जुड़े अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। स्वास्थ्य विभाग ने अभिभावकों से अपील की कि सभी अभिभावक यू-विन पोर्टल पर पंजीकरण कर डिजिटल सहमति दे सकते हैं। इंटरनेट की उपलब्धता न होने पर लिखित सहमति ली जाएगी, जिसे बाद में पोर्टल पर अपलोड किया जाएगा। आयु सत्यापन के लिए जन्म प्रमाण पत्र, आधार कार्ड अथवा स्कूल आईडी कार्ड मान्य होंगे। टीकाकरण प्रमाणपत्र भी यू-विन पोर्टल से डाउनलोड किया जा सकेगा।

प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत किसानों से अधिकाधिक बीमा कराने की अपील

लखीमपुर खीरी, दिनांक 5 अगस्त, 2026।

उत्तर प्रदेश शासन द्वारा वर्ष 2026-27 के खरीफ एवं रबी मौसम में प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना (PMFBY) तथा पुनर्गठित मौसम आधारित फसल बीमा योजना (RWBCIS) को प्रदेश में प्रभावी रूप से संचालित किए जाने के निर्देश जारी किए गए हैं। शासनादेश के अनुसार वर्ष 2023-24 से 2025-26 तक चयनित बीमा कंपनियों के माध्यम से ही वर्ष 2026-27 में भी योजनाओं का संचालन किया जाएगा तथा सभी जनपदों में इन योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाएगा।

जिला कृषि अधिकारी, खीरी ने जनपद के समस्त कृषकों से अपील की है कि वे खरीफ 2026 की अधिसूचित फसलों का समय से बीमा कराकर प्राकृतिक आपदाओं, प्रतिकूल मौसम एवं अन्य अधिसूचित जोखिमों से होने वाली संभावित क्षति के विरुद्ध आर्थिक सुरक्षा प्राप्त करें।जनपद हेतु यूनिवर्सल सैमपू लिमिटेड कंपनी अधिकृत की गई है ।
खरीफ फ़सलो हेतु 2% प्रीमियम , रबी फ़सलो हेतु 1.5 % प्रीमियम ब वाणिज्यिक फ़सलो हेतु 5% प्रीमियम की राशि कृषकों द्वारा देय की जाएगी , अवशेष धनराशि सरकार द्वारा देय होगी ।

कृषकों की सुविधा एवं अधिकाधिक किसानों को योजना का लाभ हेतु ऋणी किसानों के लिए अंतिम तिथि 31 अगस्त, 2026 तथा गैर-ऋणी किसानों के लिए 14 अगस्त, 2026 निर्धारित की गई है।

जनपद के किसान अपने निकटतम बैंक, जन सेवा केंद्र (CSC), नामित बीमा कंपनी से संपर्क कर समय रहते अपना फसल बीमा अवश्य कराएं। बीमा कराने के लिए आधार कार्ड, बैंक पासबुक, भूमि अभिलेख एवं बोई गई फसल का विवरण साथ रखें।

जिला कृषि अधिकारी सूर्य प्रताप सिंह ने समस्त विकास खंड स्तरीय कृषि अधिकारियों एवं बीमा कंपनी को योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार करते हुए प्रत्येक पात्र किसान तक इसकी जानकारी पहुँचाई जाए, ताकि अधिक से अधिक कृषक फसल बीमा योजना से आच्छादित होकर प्राकृतिक आपदाओं की स्थिति में आर्थिक सुरक्षा प्राप्त कर सकें।

August 4, 2026

हर घर तिरंगा अभियान को सफल बनाने के लिए भाजपा की कार्यशाला आयोजित

10 से 14 अगस्त तक जिलेभर में निकलेंगी तिरंगा यात्राएं

14 अगस्त को विभाजन विभीषिका दिवस पर होगा मौन जुलूस

लखीमपुर-खीरी। भारतीय जनता पार्टी के जिला कार्यालय पर सोमवार को हर घर तिरंगा अभियान को लेकर एक कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एवं जिला प्रभारी वासुदेव मौर्य का जिला अध्यक्ष अरविंद गुप्ता ने माल्यार्पण कर स्वागत किया। वहीं अभियान के जिला संयोजक आशू मिश्रा ने भी जिला अध्यक्ष का माल्यार्पण कर अभिनंदन किया। मंच पर वासुदेव मौर्य, अरविंद गुप्ता, आशू मिश्रा, अनुराग मिश्रा, मनोज वर्मा, रश्मि गुप्ता, अमित सिंह और उमेश शुक्ला सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।
मुख्य अतिथि वासुदेव मौर्य ने कहा कि संत शिरोमणि रविदास की 650वीं जयंती के अवसर पर समाज को जोड़ने का अभियान भी चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि संत-महात्माओं ने सदैव सामाजिक समरसता और राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया है तथा समाज को संगठित करके ही भारत को और अधिक मजबूत बनाया जा सकता है।कार्यशाला को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष अरविंद गुप्ता ने कहा कि तिरंगा प्रत्येक भारतीय के गौरव, सम्मान और राष्ट्रभक्ति का प्रतीक है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विकसित भारत का संकल्प तेजी से साकार हो रहा है। उन्होंने कहा कि 11 से 15 अगस्त तक प्रत्येक नागरिक अपने घर पर तिरंगा अवश्य फहराए तथा अधिक से अधिक संख्या में तिरंगा यात्राओं में भाग ले। उन्होंने बताया कि 10 से 14 अगस्त तक जिले के सभी मंडलों में भव्य तिरंगा यात्राएं निकाली जाएंगी और इसके साथ स्वच्छता अभियान भी चलाया जाएगा।
कार्यक्रम संयोजक आशू मिश्रा ने बताया कि 10 से 13 अगस्त तक प्रत्येक मंडल स्तर पर अलग-अलग तिरंगा यात्राएं आयोजित होंगी। 13 अगस्त को जिला मुख्यालय पर भव्य तिरंगा यात्रा विलोबी मेमोरियल से प्रारंभ होकर नगर के विभिन्न मार्गों से गुजरते हुए पुनः वहीं संपन्न होगी। उन्होंने सभी से 13 अगस्त को अपने घरों पर तिरंगा लगाने तथा 15 अगस्त को शाम पांच बजे तक सम्मानपूर्वक उतारने की अपील की। 14 अगस्त को विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस पर मौन जुलूस भी निकाला जाएगा।कार्यशाला में अनुश्री जायसवाल, दिव्या सिंह, किरण अग्रवाल, रामजी मौर्य, देवदत्त चड्ढा, संजय गुप्ता, शौर्य सक्सेना, शरद मिश्रा, सुदीप निगम, सुमित मोदी, आशीष गुप्ता, राजू अग्रवाल, निष्कर्ष मिश्रा, राहुल मिश्रा, अजय अवस्थी, अंबरीश सिंह, कीर्ति गुप्ता, अंजू साहनी, अंकित अवस्थी और जितेंद्र साहनी सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। अंत में जिला अध्यक्ष अरविंद गुप्ता ने राष्ट्रगान के साथ कार्यशाला का समापन किया।

« Newer PostsOlder Posts »