Web News

www.upwebnews.com

हिरण्यकश्यप जैसे हैं माफिया व गुंडे, लातों के भूत बातों से नहीं मानते

March 2, 2026

हिरण्यकश्यप जैसे हैं माफिया व गुंडे, लातों के भूत बातों से नहीं मानते

Santosh Kumar Singh
Gorakhpur
02/03/2026

होलिकादहन के महात्म्य, भक्त प्रह्लाद और हिरण्यकश्यप की कथा का उल्लेख करते हुए सीएम योगी ने कहा कि उस समय भगवान विष्णु ने भगवान नृसिंह का अवतार लेकर हिरण्यकश्यप का वध किया था और धर्म की स्थापना की थी। हमें याद रखना होगा कि अराजकता, गुंडागर्दी, माफियागिरी भी हिरण्यकश्यप जैसे ही हैं, ये प्यार से नही मानेंगे क्योंकि लातों के भूत बातों से नहीं मानते हैं। अराजकता, गुंडागर्दी, अव्यवस्था जैसे हिरण्यकश्यप, कंस या रावण को मारने के लिए किसी न किसी नृसिंह, कृष्ण या राम को अवतरित होना ही पड़ेगा।

*किसी को जबरन रंग न डालें, वैर भाव समाप्त करें*
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश की जनता को रंग उत्सव की बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि होलिकादहन और होली को लेकर कहीं ऐसा कोई कृत्य नहीं होना चाहिए जिससे कोई टकराहट पैदा हो। ऐसा माहौल होना चाहिए कि सब सुरक्षित महसूस करें। उन्होंने सभी लोगों से अपील की कि किसी के ऊपर जबरन रंग न डालें। ऐसा कोई कार्य न करें, जिससे दूसरे को नुकसान हो। वैर भाव दूर करें और उत्साह से त्योहार मनाएं। उन्होंने कहा कि होली समरसता का पर्व है। यह वैर बुलाने और सामाजिक एकता का प्रतीक है। सामाजिक एकता से ही अखंडता होगी। सीएम योगी ने होलिका दहन पर अहंकार, बुराइयों और नकारात्मकता का दहन करने का आह्वान किया। साथ ही उन्होंने अपील की कि अश्लील गाने न बजाएं। अश्लील गाने हमें पतन की ओर ले जाते हैं और पर्व के महत्व को कम करते हैं।

उपद्रव से उबरकर बनते हैं उत्सव की यात्रा का हिस्सा

Santosh Kumar Singh
Gorakhpur
02/03/2026

मुख्यमंत्री ने कहा कि जब अव्यवस्था से व्यवस्था, अराजकता से अनुशासन, अधर्म से धर्म और असत्य से सत्य की यात्रा होती है, तभी हम उपद्रव से उबरकर उत्सव की यात्रा का हिस्सा बनते हैं। यही उत्सव आज गोरखपुर के विरासत गलियारे में देखने को मिल रहा है। पहले पांडेयहाता आने को संकरी गली थी। वाहन मुश्किल से आ पाता था। व्यापार अस्त व्यस्त था। ग्राहक नहीं आ पाते थे। अराजकता का साम्राज्य था।

*विरासत गलियारा के प्रभावित व्यापारियों के लिए बनेगा कॉम्प्लेक्स*
सीएम योगी ने कहा कि गोरखपुर का विरासत गलियारा प्रदेश का सबसे खूबसूरत गलियारा होगा। गलियारा बनने से प्रभावित व्यापारियों को घण्टाघर के बंधु सिंह पार्क में कुछ दुकानें दी जा रही हैं। इसके बाद अन्य जो दुकानदार शेष रह जाएंगे, उनके लिए डायट के पास कॉम्प्लेक्स बनाया जाएगा। जगह चिन्हित करने के साथ पैसा भी आवंटित कर दिया गया है। सरकार का संकल्प है कि किसी को उजड़ने नहीं देना है, बल्कि अवसर देकर आगे बढ़ाना है। मुख्यमंत्री ने कहा कि विरासत गलियारा पहले पूर्वी यूपी, बिहार और नेपाल के व्यापारियों और नागरिकों के लिए महत्वपूर्ण केंद्र होता था। सुविधा न देने, कंजेशन और जाम के कारण यहां का कारोबार उजड़ने लगा था। अब विरासत गलियारा नव विकास से एक बार फिर व्यापार का प्रमुख केंद्र हो जाएगा।

*सबको सुरक्षा और सुविधा दे रही डबल इंजन की सरकार*
सीएम योगी ने कहा कि सबके जीवन में खुशहाली लाने के लिए डबल इंजन की सरकार सुरक्षा और सुविधा दे रही है। इसी भाव से जब गोरखपुर विकास करेगा तो प्रदेश और देश का भी विकास होगा। विकास नीचे से ऊपर आता है। विरासत गलियारा के व्यापारियों के मन में पीड़ा थी, लेकिन उन्होंने इसे व्यक्त करने की बजाय शासन-प्रशासन का सहयोग किया। इसी के परिणामस्वरूप आज शानदार विरासत गलियारा बनकर तैयार हो रहा है। यहां की सड़कें पहले से तीन गुना अधिक चौड़ी होंगी। फसाड लाइट लग जाने के बाद यह प्रदेश का सबसे शानदार गलियारा होगा।

सबको सुरक्षा का अहसास ही रामराज्य की अवधारणा: सीएम योगी

Santosh Kumar Singh
Gorakhpur
02/03/2026

CM Yogi Adityanath

*मुख्यमंत्री ने कहा, यूपी में न तनाव, न अराजकता और न ही गुंडागर्दी*

*पांडेयहाता में होलिकादहन उत्सव समिति की तरफ से आयोजित भक्त प्रह्लाद शोभायात्रा में शामिल हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ*

*पूरी दुनिया में उपद्रव, पर पीएम मोदी के रूप में यशस्वी नेतृत्व करा रहा नए भारत का दर्शन: सीएम योगी*

*भक्त प्रह्लाद की आरती उतारी और फूलों की होली खेली मुख्यमंत्री ने*

*गोरखपुर, 2 मार्च।* गोरक्षपीठाधीश्वर एवं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सभी नागरिकों को होली की मंगलमय शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश में आज कोई तनाव नहीं है। कोई भय नहीं, कोई अराजकता नहीं और न ही कोई गुंडागर्दी। सबको सुरक्षा का एहसास है और सबको विश्वास है। सबके मन में एक दूसरे के प्रति सम्मान का भाव है। यही अहसास और विश्वास, रामराज्य की अवधारणा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी यही कहते हैं कि जब ऐसी स्थिति रहेगी तो भारत को विकसित बनने में कोई देर नहीं लगेगी।

सीएम योगी सोमवार शाम पांडेयहाता में होलिकादहन उत्सव समिति की ओर से आयोजित भक्त प्रह्लाद शोभायात्रा के अवसर पर उपस्थित लोगों को संबोधित कर रहे थे। होलिकादहन के दिन शोभायात्रा का शुभारंभ करने से पहले मुख्यमंत्री ने कहा कि आज पूरी दुनिया में उपद्रव, अराजकता और अव्यवस्था है। पर, हम भारतवासी गर्व कर सकते हैं कि पीएम मोदी के रूप में यशस्वी नेतृत्व देश को नई बुलंदी देते हुए नए भारत का दर्शन करा रहा है। नया भारत हर व्यक्ति, हर तबके को अवसर देकर उत्सव का वातावरण देता है।

*पहले यूपी में समाज को बांटती थीं सरकारें*
सीएम योगी ने कहा कि हमारे यहां पर्व, त्योहारों की लंबी श्रृंखला है। पर, वर्ष 2014 के पहले लोग बेहतर तरीके से उत्सव नहीं मना पाते थे। यूपी में तो पर्व, त्योहार के पहले कर्फ्यू लग जाता था। समाज में भय और तनाव रहता था। तब की सरकारें समाज को बांटती थीं और इसका परिणाम व्यापारी और नागरिक चुकाते थे। तब गुंडागर्दी, अराजकता चरम पर थी। न बेटी सुरक्षित थी और न ही व्यापारी। मुख्यमंत्री ने कहा कि आज का उत्तर प्रदेश सुरक्षा और सुविधा देकर उत्सव प्रदेश बन चुका है। अब यूपी में न कर्फ्यू है और न दंगा है, यूपी में अब सब चंगा है। सब ओर उत्सव का माहौल है। पिछले पंद्रह दिनों से मथुरा-वृंदावन में होली का कार्यक्रम चल रहा है। सबकुछ स्वतः स्फूर्त देखकर विदेशियों की आंखे फटी रह जाती हैं। सीएम योगी ने कहा कि जो लोग हम पर आरोप लगाते थे कि हम बंटे हुए हैं, वे बताएं कहां बंटे दिख रहे हैं। इस उत्सव में इतनी बड़ी संख्या में लोग आए हैं। किसी की जाति का पता नहीं है, लेकिन सभी लोग होली का आनंद ले रहे हैं।

March 1, 2026

गोरक्षपीठाधीश्वर योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में निकलेगी भक्त प्रहलाद की भव्य शोभायात्रा

Santosh Kumar Singh
Gorakhpur
01//03/2026

पाण्डेहाता में होलिका दहन उत्सव को लेकर तैयारियां पूरी, पुष्प वर्षा व शंखनाद से होगा स्वागत*

गोरखपुर। श्री श्री होलिका दहन उत्सव समिति, पाण्डेहाता महानगर गोरखपुर द्वारा होली पर्व के अवसर पर दिनांक 02 मार्च 2026 को सायंकाल 3 बजे भक्त प्रहलाद की भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। इस शोभायात्रा में मुख्य अतिथि के रूप में गोरक्षपीठाधीश्वर एवं उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री महंत योगी आदित्यनाथ शामिल होंगे।
समिति के संरक्षक आशीष गुप्ता एवं अध्यक्ष रामप्रकाश गुप्ता ने जानकारी देते हुए बताया कि इस वर्ष शोभायात्रा को विशेष रूप से भव्य एवं आकर्षक स्वरूप दिया जा रहा है। विरासत गलियारे में विस्थापित व्यापारियों को पुनः स्थापित किए जाने को लेकर व्यापारी वर्ग द्वारा गोरक्षपीठाधीश्वर का गुलाब की पंखुड़ियों से पुष्प वर्षा एवं शंखनाद के साथ भव्य स्वागत किया जाएगा।
समिति के महामंत्री शिवम पटवा एवं कोषाध्यक्ष राहुल गुप्ता ने बताया कि इस बार कानपुर से आने वाली आकर्षक झांकियां शोभायात्रा का प्रमुख आकर्षण होंगी, जिनमें भक्त प्रहलाद एवं भगवान विष्णु से जुड़ी धार्मिक झलकियां प्रस्तुत की जाएंगी। शोभायात्रा का शुभारंभ गोरक्षपीठाधीश्वर महंत योगी आदित्यनाथ महाराज द्वारा भक्त प्रहलाद की विधिवत आरती कर तथा फूलों एवं अबीर-गुलाल के साथ होली खेलकर किया जाएगा।
शोभायात्रा पाण्डेहाता क्षेत्र से प्रारंभ होकर महानगर के विभिन्न प्रमुख मार्गों से होते हुए पारंपरिक धार्मिक एवं सांस्कृतिक वातावरण के बीच सम्पन्न होगी। आयोजन को लेकर समिति एवं स्थानीय नागरिकों में विशेष उत्साह देखा जा रहा है तथा सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं को लेकर भी व्यापक तैयारियां की गई हैं।
समिति के मीडिया प्रभारी हिमांशु गुप्ता ने बताया कि होलिका दहन उत्सव को सफल बनाने हेतु समिति के पदाधिकारी एवं क्षेत्रीय व्यापारी सक्रिय रूप से तैयारियों में जुटे हुए हैं।

यूजीसी बिल पर आंदोलन तेज, SIR फॉर्म न भरने पर अड़ीं पल्लवी पटेल

Pallavi Patel, MLA

Santosh Kumar Singh
Gorakhpur
01/03/2029

गोरखपुर। अपना दल केमरवादी विधायक पल्लवी पटेल आज गोरखपुर पहुंचीं, जहां उन्होंने कार्यकर्ताओं की समीक्षा बैठक की। बैठक के बाद मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में वह एकमात्र विधायक हैं जो यूजीसी के समर्थन में सड़क पर उतरकर आंदोलन कर रही हैं।

पल्लवी पटेल ने कहा कि विश्वविद्यालयों में समानता, पारदर्शिता और दलित-पिछड़ों को न्याय दिलाने के लिए यूजीसी बिल का लागू होना बेहद जरूरी है। उनका कहना था कि जब तक यूजीसी बिल पास नहीं होगा, तब तक शिक्षण संस्थानों में स्वतंत्र और निष्पक्ष माहौल स्थापित नहीं हो सकता। उन्होंने सरकार से मांग की कि यूजीसी बिल को जल्द से जल्द पारित किया जाए, तभी उनका आंदोलन समाप्त होगा।

*SIR फॉर्म को लेकर दिया बड़ा बयान*

SIR फॉर्म भरने के सवाल पर विधायक ने साफ कहा कि वह यह फॉर्म नहीं भरेंगी। जब पत्रकारों ने पूछा कि फॉर्म न भरने की स्थिति में 2027 के चुनाव से पहले मतदाता सूची से उनका नाम हट सकता है, तो उन्होंने जवाब दिया कि वह एक संवैधानिक पद पर विधायक हैं और कानूनी तौर पर 2027 तक उनका नाम नहीं काटा जा सकता।

अन्य मुद्दों पर साधी चुप्पी
शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद द्वारा उत्तर प्रदेश सरकार को हिंदू विरोधी बताए जाने के सवाल पर पल्लवी पटेल ने टिप्पणी करने से किनारा कर लिया। उन्होंने कहा कि उनके लिए इस समय सबसे बड़ा और अहम मुद्दा यूजीसी बिल पास कराना है।

मीडिया से बातचीत के दौरान वह विभिन्न राजनीतिक सवालों पर सीधे जवाब देने से बचती रहीं और लगातार यूजीसी बिल के मुद्दे को ही प्रमुखता देती नजर आईं।

« Newer PostsOlder Posts »