Web News

www.upwebnews.com

बकाया विनिमय शुल्क न जमा करने पर ईंट भट्ठे पर कार्रवाई

February 24, 2026

बकाया विनिमय शुल्क न जमा करने पर ईंट भट्ठे पर कार्रवाई

Santosh Kumar Singh Gorakhpur
24/02/2026

देवकली स्थित गुरु गोरखनाथ ब्रिक फील्ड में ईंट पथाई कार्य रोका गया, कच्ची ईंटें क्षतिग्रस्त; बकाया जमा करने का निर्देश

गोरखपुर। जिलाधिकारी गोरखपुर एवं अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) के निर्देशन में खान अधिकारी, खान निरीक्षक गोरखपुर तथा जिला पंचायत की संयुक्त टीम द्वारा 24 फरवरी 2026 को जनपद में विनिमय शुल्क एवं जिला पंचायत शुल्क जमा न करने वाले ईंट भट्ठों के विरुद्ध अभियान चलाया गया।
कार्रवाई के दौरान तहसील सदर के ग्राम देवकली स्थित गुरु गोरखनाथ ब्रिक फील्ड (प्रोपराइटर आलोक कुमार शुक्ला) का निरीक्षण किया गया। जांच में पाया गया कि उक्त भट्ठा पिछले दो वर्षों से विनिमय शुल्क जमा किए बिना संचालित किया जा रहा था। निरीक्षण के समय भट्ठे पर ईंट पथाई का कार्य चलता हुआ मिला।
नियमों के उल्लंघन को देखते हुए टीम ने तत्काल ईंट पथाई का कार्य रुकवा दिया तथा मौके पर मौजूद कच्ची ईंटों को क्षतिग्रस्त कराया। संचालक को निर्देशित किया गया कि संपूर्ण बकाया विनिमय शुल्क मय ब्याज तथा जिला पंचायत शुल्क नियमानुसार तत्काल जमा करें, अन्यथा की स्थिति में वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जनपद के सभी ईंट भट्ठा संचालक विनिमय शुल्क एवं संबंधित देयकों का समय से भुगतान सुनिश्चित करें। यदि किसी भी भट्ठे द्वारा बिना शुल्क जमा किए संचालन किया जाता पाया गया तो उसका संचालन बंद कराते हुए कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन ने यह भी संकेत दिया है कि आगे भी ऐसे निरीक्षण एवं अभियान लगातार जारी रहेंगे, ताकि राजस्व हानि को रोका जा सके और नियमों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित हो।

महिला डॉक्टर से छेड़खानी, तीन अभियुक्त गिरफ्तार

Santosh Kumar Singh Gorakhpur
24/02/2026

*एम्स गेट नंबर-2 पर की गई अभद्रता व जान से मारने की धमकी; मुकदमा दर्ज, अग्रिम कार्रवाई जारी*

गोरखपुर। थाना एम्स क्षेत्र में महिला के साथ छेड़खानी और अभद्रता का मामला सामने आया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना में शामिल तीनों अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार 22 फरवरी 2026 की रात्रि में वादिनी ओरियन मॉल से बाहर निकल रही थीं। उसी दौरान तीन युवकों द्वारा उनके ऊपर अभद्र टिप्पणी की गई। आरोप है कि इसके बाद एम्स अस्पताल के गेट नंबर-2 के पास उन्हीं युवकों ने वादिनी के साथ गलत हरकत की। जब पीड़िता ने विरोध किया तो आरोपितों ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी।
पीड़िता की तहरीर के आधार पर थाना एम्स में मुकदमा अपराध संख्या 52/2026 धारा 74, 296(ए), 351(3), 352 भारतीय न्याय संहिता के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 23 फरवरी 2026 को अभियुक्त सूरज गुप्ता एवं अमृत विश्वकर्मा को गिरफ्तार कर लिया। घटना से संबंधित तीसरे अभियुक्त आदित्य राव पुत्र सत्येंद्र राव, निवासी रामपुर खास, थाना रामपुर कारखाना, जनपद देवरिया को भी गिरफ्तार कर लिया गया है।
पुलिस द्वारा प्रकरण में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि महिला सुरक्षा से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

दहेज हत्या के मामले में पति-पत्नी गिरफ्तार*

Santosh Kumar Singh Gorakhpur
24/02/2029

*थाना बेलघाट पुलिस की कार्रवाई, महिला संबंधी अपराध में दर्ज था मुकदमा*

गोरखपुर। थाना बेलघाट क्षेत्र में दहेज हत्या के आरोप में एक अभियुक्त और एक अभियुक्ता को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। दोनों के विरुद्ध पहले से मुकदमा दर्ज था।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक गोरखपुर द्वारा महिला संबंधी अपराधों पर अंकुश लगाने एवं अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के क्रम में यह कार्रवाई की गई। पुलिस अधीक्षक दक्षिणी के मार्गदर्शन एवं क्षेत्राधिकारी खजनी के पर्यवेक्षण में थाना बेलघाट पुलिस ने मुकदमा अपराध संख्या 275/85/50(2)/115(2)/352 बीएनएस व ¾ दहेज प्रतिषेध अधिनियम के तहत दर्ज प्रकरण में आरोपितों को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान श्यामनरायन पुत्र सरजू निवासी बेईली कुण्ड थाना बेलघाट जनपद गोरखपुर तथा रमावती उर्फ तारा पत्नी श्यामनरायन निवासी बेईली कुण्ड थाना बेलघाट जनपद गोरखपुर के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार दोनों के विरुद्ध दहेज हत्या से संबंधित धाराओं में मुकदमा पंजीकृत है। गिरफ्तारी के बाद अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि महिला उत्पीड़न एवं दहेज से जुड़े मामलों में सख्त कार्रवाई की जा रही है और दोषियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।

February 23, 2026

जनसुनवाई में डीएम दीपक मीणा की सख्ती

Santosh Kumar Singh Gorakhpur
23/02/2026

*सुबह 10 बजे कार्यालय पहुंचकर फरियादियों की समस्याएं सुनीं, त्वरित निस्तारण के दिए निर्देश; शासन कर रहा ऑनलाइन निगरानी*

गोरखपुर। शासन के निर्देशानुसार जिलाधिकारी दीपक मीणा ने सोमवार सुबह ठीक 10 बजे कलेक्ट्रेट स्थित अपने कार्यालय पहुंचकर जनसुनवाई की। निर्धारित समय पर शुरू हुई जनसुनवाई में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए फरियादियों ने अपनी समस्याएं जिलाधिकारी के समक्ष रखीं। डीएम ने एक-एक प्रार्थना पत्र को गंभीरता से सुना और संबंधित विभागों के अधिकारियों को मौके पर ही त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि आमजन की समस्याओं का समाधान प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्राप्त शिकायतों का निस्तारण समयबद्ध, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण ढंग से सुनिश्चित किया जाए। किसी भी स्तर पर लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारी की जवाबदेही तय की जाएगी।
जनसुनवाई के दौरान राजस्व, पुलिस, विकास, समाज कल्याण, नगर निगम, बिजली, आपूर्ति और शिक्षा विभाग से संबंधित शिकायतें प्रमुख रूप से सामने आईं। डीएम ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे शिकायतकर्ता से सीधे संपर्क कर वस्तुस्थिति की जांच करें और निर्धारित समय सीमा के भीतर रिपोर्ट प्रस्तुत करें।
इस दौरान फर्टिलाइजर सैनिक स्कूल परिसर के अंदर दुकान लगाने वाले दुकानदारों का एक प्रतिनिधिमंडल भी जिलाधिकारी से मिला। दुकानदारों ने स्कूल परिसर में लगाए गए स्टॉल एवं दुकानों की व्यवस्था को सुव्यवस्थित करने की मांग उठाई। उन्होंने बताया कि उचित स्थान निर्धारण, सुरक्षा व्यवस्था और आधारभूत सुविधाओं के अभाव में उन्हें कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
जिलाधिकारी ने उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को आवश्यक जांच कर समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यदि कहीं अव्यवस्था है तो उसे तत्काल दुरुस्त किया जाए, ताकि किसी प्रकार की असुविधा या सुरक्षा संबंधी समस्या उत्पन्न न हो।
डीएम ने अधिकारियों को यह भी निर्देशित किया कि विद्यालय परिसर जैसे संवेदनशील स्थलों पर विशेष सतर्कता बरती जाए और नियमों के अनुरूप ही दुकान या स्टॉल संचालित हों। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप व्यवस्था, अनुशासन और पारदर्शिता सर्वोपरि है।
जिलाधिकारी ने बताया कि शासन स्तर से जनसुनवाई और शिकायत निस्तारण की ऑनलाइन निगरानी की जा रही है। पोर्टल के माध्यम से यह देखा जा रहा है कि फरियादियों की शिकायतों पर प्रशासन किस प्रकार कार्रवाई कर रहा है और उनका समाधान कितनी प्रभावशीलता से किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक अधिकारी यह सुनिश्चित करें कि पोर्टल पर दर्ज शिकायतों का समयबद्ध और संतोषजनक निस्तारण हो।
उन्होंने अधिकारियों को चेताया कि लंबित शिकायतों को गंभीरता से लें और अनावश्यक रूप से प्रकरणों को लंबित न रखें। शिकायतकर्ता को समाधान की जानकारी समय से उपलब्ध कराई जाए, ताकि उन्हें बार-बार कार्यालय का चक्कर न लगाना पड़े।
जनसुनवाई के दौरान जिलाधिकारी ने कई मामलों में संबंधित अधिकारियों को मौके पर ही फोन कर आवश्यक निर्देश दिए। कुछ मामलों में तत्काल कार्रवाई के आदेश भी जारी किए गए। डीएम ने कहा कि प्रशासन की कार्यप्रणाली जनहित आधारित होनी चाहिए और आमजन को त्वरित न्याय व राहत मिलनी चाहिए।
जनसुनवाई में अपर जिलाधिकारी, संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। प्रशासन द्वारा यह संदेश दिया गया कि आमजन की समस्याओं का समाधान सर्वोच्च प्राथमिकता है और शासन की मंशा के अनुरूप पारदर्शी व जवाबदेह व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।

परंपरागत मुख्यमंत्री के जुलूस को लेकर प्रशासन अलर्ट

Santosh Kumar Singh
Gorakhpur
23/02/2026

घंटाघर क्षेत्र का डीआईजी एस. चनप्पा, डीएम दीपक मीणा व एसएसपी डॉ. कौस्तुभ ने किया निरीक्षण; चलते-चलते व्यापारियों से की बातचीत, रमजान को लेकर विशेष सुरक्षा के निर्देश*

गोरखपुर। होली के अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा घंटाघर क्षेत्र में परंपरागत रूप से खेले जाने वाले फूलों की होली शोभायात्रा को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस महकमा पूरी तरह सतर्क है। शोभायात्रा में सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं का जायजा लेने के लिए डीआईजी गोरखपुर परिक्षेत्र एस. चनप्पा, जिलाधिकारी दीपक मीणा और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. कौस्तुभ ने घंटाघर एवं आसपास के इलाकों का संयुक्त निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने कार्यक्रम स्थल, जुलूस मार्ग, प्रमुख चौराहों, छतों की स्थिति, बैरिकेडिंग, पार्किंग व्यवस्था और आपातकालीन निकास मार्गों का गहन अवलोकन किया। अधिकारियों ने निर्देश दिया कि सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह चाक-चौबंद रहे और किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।
डीआईजी एस. चनप्पा ने कहा कि मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को देखते हुए बहुस्तरीय सुरक्षा घेरा बनाया जाएगा। पर्याप्त संख्या में पुलिस बल, पीएसी एवं सादी वर्दी में पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाएगी। संवेदनशील बिंदुओं पर विशेष निगरानी रखी जाएगी तथा सीसीटीवी कैमरों और ड्रोन के माध्यम से लगातार मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाएगी।
जिलाधिकारी दीपक मीणा ने नगर निगम एवं संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि घंटाघर क्षेत्र में साफ-सफाई, सड़क मरम्मत, स्ट्रीट लाइट और पेयजल की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम स्थल और जुलूस मार्ग पर किसी प्रकार का अतिक्रमण न रहे तथा भीड़ प्रबंधन के लिए पर्याप्त इंतजाम किए जाएं।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. कौस्तुभ ने स्पष्ट किया कि जुलूस मार्गों पर प्रभावी बैरिकेडिंग की जाए और छतों पर अनधिकृत रूप से लोगों के चढ़ने पर रोक लगाई जाए। कार्यक्रम समाप्ति के बाद भी कुछ समय तक पुलिस बल तैनात रहेगा ताकि किसी भी प्रकार की हुड़दंग या अप्रिय घटना की संभावना न रहे।
निरीक्षण के दौरान अधिकारी चलते-चलते स्थानीय व्यापारियों से भी बातचीत करते रहे। व्यापारियों से सुरक्षा, भीड़ नियंत्रण और यातायात व्यवस्था को लेकर सुझाव लिए गए। अधिकारियों ने उनसे अपील की कि वे प्रशासन का सहयोग करें, दुकानों के सामने अनावश्यक सामान न रखें और अपने प्रतिष्ठानों के सीसीटीवी कैमरे सक्रिय रखें। व्यापारियों ने प्रशासन को पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया और बेहतर व्यवस्था के लिए धन्यवाद भी दिया।
इस वर्ष होली का पर्व रमजान के पवित्र महीने में पड़ रहा है। इसे देखते हुए अधिकारियों ने विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। धार्मिक स्थलों के आसपास अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी और सौहार्दपूर्ण वातावरण बनाए रखने के लिए संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी जाएगी।
निरीक्षण के दौरान एसपी सिटी अभिनव त्यागी, सिटी मजिस्ट्रेट उत्कर्ष श्रीवास्तव, अपर नगर आयुक्त दुर्गेश मिश्रा, क्षेत्राधिकारी कोतवाली ओमकार दत्त तिवारी सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे होली का त्योहार प्रेम, सौहार्द और परंपरागत उत्साह के साथ मनाएं तथा किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें। प्रशासन की प्राथमिकता है कि मुख्यमंत्री के कार्यक्रम सहित संपूर्ण होली पर्व शांतिपूर्ण, सुरक्षित और भाईचारे के माहौल में संपन्न हो।

« Newer PostsOlder Posts »