Web News

www.upwebnews.com

मुठभेड़ में नाबालिग से दुष्कर्म का आरोपी गिरफ्तार, गोली लगी

March 19, 2026

मुठभेड़ में नाबालिग से दुष्कर्म का आरोपी गिरफ्तार, गोली लगी

फिरोजाबाद। थाना खैरगढ़ पुलिस टीम ने नाबालिग से दुष्कर्म के आरोपित को मुठभेड़ में गिरफ्तार किया है। गोली लगने से घायल अभियुक्त को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया है।
सीओ शिकोहाबाद अमरीश कुमार ने बताया कि 18 मार्च को थाना खैरगढ़ पर एक पीड़ित पिता ने शिकायत दी कि उसकी नाबालिग पुत्री अपने परिजनों के साथ कंस मेला देखने कस्बा हाथवंत गयी थी। मेले में भीड़ अत्यधिक होने के कारण उसकी पुत्री परिजनों से बिछड़ गयी। इसी दौरान अभियुक्त सत्यवीर पुत्र हरिशंकर निवासी नगला कल्याण थाना खैरगढ़ उसकी पुत्री को घर छोड़ने की बोलकर अपनी मोटर साइकिल पर ले गया और रास्ते में डरा धमकाकर उसके साथ गलत काम किया। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपित की तलाश शुरू कर दी। थाना खैरगढ़ प्रभारी प्रेम सिंह बृहस्पतिवार को पुलिस टीम के साथ क्षेत्र में गश्त पर थे तभी सांखिनी चौराहा के पास पुलिस टीम को एक संदिग्ध दिखा। पुलिस ने रोका तो संदिग्ध ने जान से मारने की नियत से पुलिस टीम पर फायर कर दिया। पुलिस टीम द्वारा आत्मरक्षार्थ की गयी जबावी कार्यवाही में अभियुक्त के पैर में गोली लगने से वह घायल हो गया। घायल अभियुक्त की पहचान सत्यवीर पुत्र हरि शंकर निवासी नगला कल्याण थाना खैरगढ़ के रूप में हुई है। जिसके कब्जे से एक अवैध तमंचा 315 बोर, 01 खोखा कारतूस, 01 जिंदा कारतूस बरामद हुए हैं।
सीओ ने बताया कि घायल अभियुक्त को उपचार के लिए पुलिस अभिरक्षा में अस्पताल में भर्ती कराया गया है । अभियुक्त के विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्यवाही की जा रही है।

हत्यारोपी गिरफ्तार, अवैध सम्बन्धों में हुई थी व्यक्ति की हत्या

फिरोजाबाद। थाना टूण्डला क्षेत्र अन्तर्गत तीन दिन पूर्व युवक की हत्या अवैध संबंधों के चलते हुई थी। पुलिस ने बृहस्पतिवार को हत्यारोपी को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा किया है। पुलिस ने उससे अलाकत्ल बरामद किया है।
थाना टूंडला क्षेत्र के गांव उलाऊ निवासी तेजपाल सिंह की जरौली कट के समीप चाय समोसे की दुकान पर सोते समय 15 मार्च की रात्रि में सिर पर भारी बस्तु प्रहार कर हत्या कर दी थी। मृतक के पुत्र कौशल किशोर ने 16 मार्च को थाना टूंडला पर मुकदमा दर्ज कराया था। पुलिस घटना की जांच के साथ ही एएसपी सिटी रवि शंकर प्रसाद ने बताया कि घटना के खुलासे के लिए थाना टूण्डला पुलिस एवं सर्विलांस टीम सहित 04 टीमों का गठन किया गया। गठित टीमों द्वारा घटनास्थल के आस-पास संदिग्ध रास्तों व सडक के किनारे प्रतिष्ठानो पर लगे हुए सीसीटीवी कैमरे आदि की फुटेज देखे गये थे एवं घटना से सम्बन्धित संदिग्ध मोबाइल नम्बरो को सर्विलांस टीम द्वारा गहनता से अध्ययन कर साक्ष्य संकलन किया गया। जांच में अभियुक्त मुकेश पुत्र मुकट सिह निवासी जलोपुरा थाना टूण्डला का नाम प्रकाश में आया।
उन्होंने बताया कि थाना टूंडला प्रभारी अनिल कुमार सिंह पुलिस टी के साथ बृहस्पतिवार को क्षेत्र में गश्त पर थे तभी सूचना पर वांछित अभियुक्त मुकेश को राजा का ताल रोड से नागऊ कच्चे रास्ते से गिरफ्तार किया है।अभियुक्त की निंशादेही पर घटना मे प्रयुक्त आलाकत्ल एक स्टील का बांका, एक लोहे का मूसल व घटना के समय पहनी एक शर्ट बरामद हुई है।
एएसपी ने बताया कि पूछताछ के अभियुक्त ने बताया है कि मेरे एक महिला से अवैध सम्बन्ध थे उसी महिला के घर तेजपाल का आना जाना था जब मुझे पता चला कि उस महिला से तेजपाल के भी अवैध सम्बन्ध हैं तो मैने महिला से कहा कि तेजपाल से सम्बन्ध खत्म कर दो तो उसने मुझसे ही सम्बन्ध खत्म कर दिये और बात करना बंद कर दिया । इसी बात से चिड़कर मैंने रात्रि में अपनी दुकान पर सो रहे तेजपाल की हत्या कर दी थी।
पुलिस ने हत्यारोपी को कार्यवाही कर न्यायालय के समक्ष पेश किया। जहां से उसे जेल भेजा है।

March 18, 2026

नव निर्माण के नौ वर्ष: विकास भवन में हुआ भव्य कार्यक्रम


प्रदेश बना भयमुक्त और विकास पथ पर हुआ अग्रसर – प्रेमपाल सिंह
फिरोजाबाद। नव निर्माण के नौ वर्ष: विकसित भारत-विकसित उत्तर प्रदेश की थीम पर पूरे प्रदेश के साथ-साथ जनपद फिरोजाबाद के विकास भवन के प्रांगढ़ में बुधवार को एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर सरकार की उपलब्धियों पर आधारित एक प्रदर्शनी लगाई गयी। जिसका अवलोकन जन प्रतिनिधियों ने किया।
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विभागों की योजनाओं के लाभार्थियों को प्रमाण पत्र सौपें गए। साथ ही हैल्प डेस्क के माध्यम से विभिन्न योजनाओं की जानकारी देकर लोगों को लाभान्वित किया गया। जन प्रतिनिधियों के हाथों इस अवसर पर विभिन्न योजनाओं से आच्छादित लाभार्थियों को प्रमाण पत्र और चैक भी सौंपे गए। जिनके उमाकांत विश्वकर्मा को विश्वकर्मा योजना के तहत प्रमाण पत्र सौंपा गया, जबकि डम्बर सिंह और राधे श्याम को मुख्यमंत्री आवास योजना की चाबियां सौंपी गयी, जबकि शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को जिनमें सौम्या, निधि जन्नत राधा आदि को जनप्रतिनिधियों के द्वारा सम्मानित किया गया।
इस मौके पर विधायक प्रेमपाल धनगर ने विस्तार से नौ साल की उपलब्धियों का वर्णन किया, उन्होने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश ने पिछले नौ वर्षाें में कानून व्यवस्था, निवेश, बुनियादी ढ़ाचां, कृषि, रोजगार और महिला सशक्तिकरण जैसे क्षेत्रों में व्यापक परिवर्तन देखा है, आज प्रदेश भयमुक्त और विकास पथ पर अग्रसर राज्य बन चुका है, प्रदेश सरकार द्वारा अपनायी गयी अपराध और अपराधियों के विरूद्ध जीरो टाॅलरेंस की नीति से अपराधों में निरंतर कमी आई है, वही, मिशन शक्ति, महिला हैल्पलाइन 181, वूमेन पावर लाइन 1090 एंटी रोमियो स्काॅड के माध्यम से महिाला सुरक्षा को मजबूत किया गया है।
प्रदेश में 50 लाख करोड़ रुपए से अधिक के निवेश प्राप्त हुए है, जिससे 60 लाख रोजगार केे अवसर सृजित हुए है, अब प्रदेश एक्सप्रेस वे प्रदेश बन चुका है, देश के कुल एक्सप्रेस वे कुल नेटवर्क का लगभग 55 प्रतिशत हिस्सा उ0प्र0 में है, वर्तमान में 22 एक्सप्रेस वे या तो संचालित है या तो निर्माणाधीन है, प्रदेश में 65.50 लाख वृद्धजन और 26.81 लाख निराश्रित महिलाऐं, 11.57 लाख दिव्यांगजन पेंशन योजना का लाभ ले रहें है, पी0एम0 किसान सम्मान निधि के तहत 2 करोड़ 12 लाख किसानों को 99 हजार करोड़ रू0 से अधिक की राशि हस्तांतरित की गयी है, अयोध्या कांशी, मथुरा, प्रयागराज, चित्रकूट, नेमीषारण जैसी प्राचीन सांस्कृतिक स्थलों का व्यापक विकास कर सांस्कृतिक पुर्नजागरण के नए युग का प्रारम्भ हुआ है। कार्यक्रम के अंत में मुख्य विकास अधिकारी शत्रोहन वैश्य ने अन्य जनपद स्तरीय अधिकारियो के साथ उपस्थित रहकर लाभार्थियों का उत्साहवर्द्धन किया।मेयर कामिनी राठौर ने भी कहा कि यह नौ वर्ष प्रदेश को विकसित भारत की दिशा में ले जाने वाले निर्णायक वर्ष साबित हुए है।
इस परियोजना निदेशक सुभाष चन्द्र त्रिपाठी, बीएसए आशीष पाडेय, पिछडा वर्गकल्याण अधिकारी के0एम0 सिंह आदि अधिकारी उपस्थित रहे।

March 17, 2026

कंटेनर में 11 हजार लाइन का करंट दौड़ा, बालक की मौत, युवक घायल

घटना के बाद मौके पर एसडीएम सहित पुलिस फोर्स पहुंचा

फिरोजाबाद। शिकोहाबाद के ग्राम शोभनपुर के पास रोड पर खड़े कंटेनर से हाइटेंशन लाइन का तार छू जाने से एक मासूम बालक की मौत हो गई जबकि एक युवक गंभीर रूप से झुलस गया। घटना से परिवार में हाहाकार मच गया। हादसे की सूचना पर पहुंची पुलिस ने लोगों को समझा बुझाकर शांत किया। पुलिस आगे की कार्यवाही में जुटी हुई है।
थाना शिकोहाबाद क्षेत्र के गांव शोभनपुर गांव में सड़क किनारे कंटेनर खड़ा हुआ था। उसके ऊपर से हाइटेंशन लाइन गुजर रही थी। उससे तार कंटेनर से छू गया। इसी दौरान कैंटर के सहारे हिमांशु (12) दीपेंद्र निवासी नगला कोल्हू, उधम उर्फ राजा (20) पुत्र विजेन्द्र निवासी शोभनपुर उसकी चपेट में आ गए। जिससे दोनों लोगों के शरीर से आग की लपटे उठने लगे। इसी दौरान एक महिला ने किसी तरह से युवक के शरीर से तार को अलग किया। लेकिन मासूम बालक की बुरी तरह से झुलस गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। घटना से गांव में अफरा तफरी मच गई। मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। लोगों ने घायल राजा को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। ग्रामीणों का आरोप है कि कई बार विभागीय अधिकारियों को हाइटेंशन लाइन को ऊंचा करने की मांग की थी लेकिन अधिकारियों ने कोई ध्यान नहीं दिया। जिसके कारण घटना घटित हुई। पहले भी घटना होने से बच चुकी है। हादसे की सूचना पर पहुंची पुलिस ने लोगों को समझा बुझाकर शांत किया। वहीं पुलिस आगे की कार्यवाही करने में जुटी हुई है।

मृतक बालक कक्षा 6 में पढ़ता था। उसका छोटा भाई 5 वर्ष का है जबकि मां कीर्ति का रो रोकर बुरा हाल हो रहा था। परिवार के लोग ढाढस बधा रहे थे। पिता किसान है।

बालक की हाइटेंशन लाइन की चपेट में आने के बाद एसडीएम डॉ गजेन्द्र पाल सिंह पीड़ित परिवार के साथ मिलने पहुंचे। पीड़ित किसान को सरकारी अनुदान दिलाने का आश्वासन दिया।

डीएम ने गैस एजेन्सी स्वामियों के साथ की बैठक,

कालाबाजारी करने पर लाइसेंस रद्द की चेतावनी
फिरोजाबाद 17 March 26, जिलाधिकारी रमेश रंजन ने मंगलवार को कलैक्ट्रेट स्थित अपने कक्ष में जनपद के सभी गैस एजेन्सी स्वामियों के साथ महत्वपूर्ण आपात बैठक की। उन्होंने कालाबाजारी करने पर लाइसेंस रद्द करने की भी चेतावनी दी है।
बैठक में जिलाधिकारी रमेश रंजन ने घरेलू गैस की आपूर्ति व्यवस्था और उपभोक्ताओं की समस्याओं को लेकर कडे़ दिशा-निर्देश जारी किए। उन्होंने स्पष्ट किया कि गैस एजेन्सियों के बाहर आम नागरिकों की लम्बी लाइनें किसी भी आधार पर नही लगनी चाहिए, उपभोक्ताओं को सुचारू और समयबद्ध तरीके से गैस सिलेण्डर उपलब्ध कराना एजेन्सी मालिकों की जिम्मेदारी है।
जिलाधिकारी ने महत्वपूर्ण निर्देश देते हुए कहा कि जिन उपभोक्ताओं के पास पी.एन.जी. (पाइप नेचुरल गैस) के कनेक्शन है, उनकी सघन जांच की जाए और यह सुनिश्चित किया जाए की वह अवैध रूप से एल.पी.जी. के सिलेण्डर का उपयोग तो नही कर रहे है, यदि ऐसा पाया जाता है, तो सम्बन्धित के विरूद्ध कार्यवाही की जाएगी। पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि वितरण रजिस्टर से प्रतिदिन रैण्डम आधार पर 50 उपभोक्ताओं से टेलीफोन पर वार्ता की जाए, फीडबैक के जरीए यह पुष्टि की जाएगी की गैस सही व्यक्ति तक पहुंच रहीं है या नही, वितरण में कोई अनियमितता तो नही है।
जिलाधिकारी ने चेतावनी दी की, जिले में गैस की कालाबाजारी किसी भी स्थिति में स्वीकार नही है, यदि किसी भी गैस एजेन्सी मालिक की, संलिप्तता कालाबाजारी में पाई गयी, तो उसका लाइसेंस तत्काल प्रभाव से रदद् कर दिया जाएगा।
जिलाधिकारी ने जिला पूर्ति अधिकारी को निर्देशित किया कि निर्देशों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित कराऐं और गैस एजेन्सियों का आकास्मिक निरीक्षण करें।
इस दौरान अपर जिलाधिकारी विशु राजा भी उपस्थित रहें।

« Newer PostsOlder Posts »