Web News

www.upwebnews.com

Etah दिनदहाड़े एक ही परिवार के चार लोगों की हत्या के बाद फैली सनसनी, पुलिस जांच में जुटी

January 19, 2026

Etah दिनदहाड़े एक ही परिवार के चार लोगों की हत्या के बाद फैली सनसनी, पुलिस जांच में जुटी

 

एटा 19 जनवरी उप्रससे। कोतवाली नगर क्षेत्र के अंतर्गत गांव नगला प्रेमी में दिनदहाड़े एक ही परिवार के चार लोगों की निर्मम हत्याकांड से सनसनी फ़ैल गई।
हत्याएं इतनी बेरहमी और खौफनाक तरीके से की गई थीं लाशों के आस-पास खून के चीथड़े फैले हुए थे।

गांव नगला प्रेमी में अज्ञात हमलावरों ने घर के अंदर घुसकर पूरे परिवार पर जानलेवा हमला किया और जो मिला उसको मौत के घाट उतार दिया।
इस खौफनाक हत्याकांड में बुजुर्ग गंगा सिंह, उनकी पत्नी श्यामा देवी, पुत्रवधू रत्ना देवी और नातिन ज्योति की मौत हो गई। लाशों को देखकर ऐसा प्रतीत हो रहा था जैसे अज्ञात हत्यारों ने धारदार हथियार के अलावा ईट-पत्थर से उनपर हमला किया गया हो, घटना के बाद से पूरे इलाके में दहशत और सनसनी का माहौल है, गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है।
घटना के वक्त मृतक बुजुर्ग गंगा सिंह का नाती स्कूल गया हुआ था, जब वह स्कूल से लौटकर घर पहुंचा और दरवाजा खोला, तो उसने देखा कि भीषण ठंड के बावजूद घर के अंदर पंखा चल रहा था। उसे शक हुआ और वह कमरे के अंदर गया।
देवांश ने बताया कि कमरे के अंदर का मंजर रूह कंपा देने वाला था। दादा-दादी, मां और दीदी चारों फर्श पर खून से लथपथ पड़े थे और पूरे कमरे में चारों ओर खून फैला हुआ था।
यह दृश्य देखकर मासूम देवांश चीखता हुआ घर से बाहर भागा, जिसके बाद मोहल्ले वालों को घटना की जानकारी हुई। इसके बाद पड़ोसियों ने तत्काल घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके पर देखा तो बुजुर्ग श्यामा देवी की सांसें चल रही थी पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए उनको मेडिकल कॉलेज पहुंचाया लेकिन उन्होंने भी वहां पहुंचने के बाद दम तोड़ दिया।
पुलिस द्वारा घर की घेराबंदी कर हर एंगल से जांच शुरू कर दी गई है, तमाम सीसीटीवी फुटेज को खंगाला जा रहा है।
हालांकि इस खौफनाक हत्याकांड को क्यों और किसने अंजाम दिया पुलिस जांच के बाद ही पता चल सकेगा?

January 18, 2026

एटा महोत्सव की हरियाणवी नाइट में मीडिया को कवरेज से रोका गया, पंडाल में हंगामा व तोड़फोड़ से अव्यवस्था हुई उजागर

एटा 18 जनवरी उप्रससे। शहर के सैनिक पढ़ाव मैदान में आयोजित एटा महोत्सव उस समय सुर्खियों में आ गया, जब शनिवार की देर रात को हरियाणवी नाइट के दौरान एक तरफ मीडिया कर्मियों को कवरेज से रोका गया, तो दूसरी ओर पंडाल के भीतर खुलेआम हंगामा और तोड़फोड़ देखने को मिली। महोत्सव की चमक-दमक के बीच अव्यवस्था की यह तस्वीर प्रशासन के दावों की पोल खोलती नजर आई।

हरियाणवी नाइट की प्रदर्शनी पंडाल में कवरेज के लिए पहुंचे प्रिंट मीडिया के पत्रकारों को पुलिस ने गेट पर ही रोक दिया। प्रेस कार्ड, कैमरा और नोटपैड होने के बावजूद पत्रकारों को अंदर जाने नहीं दिया गया, जिससे मौके पर तनाव फैल गया। आक्रोशित मीडिया कर्मियों ने आरोप लगाया कि प्रशासन एक ओर प्रचार के लिए मीडिया का सहारा लेता है, लेकिन मौके पर पुलिस उन्हें बाहरी समझकर व्यवहार कर रही है।

मामला बढ़ने पर पत्रकारों ने प्रदर्शनी अध्यक्ष से सवाल किया कि जब रसूखदार और बिना पहचान पत्र वाले लोग वीआईपी क्षेत्रों में बेरोकटोक घूम रहे हैं, तो मीडिया को क्यों रोका जा रहा है। मीडिया कर्मियों ने इसे अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता पर हमला बताते हुए पुलिस व्यवस्था में तत्काल सुधार की मांग की। बाद में एसपी सिटी श्वेताभ पांडेय के हस्तक्षेप से स्थिति कुछ शांत हुई और रोके गए पत्रकारों को पंडाल में प्रवेश मिला।
इधर पंडाल के अंदर कार्यक्रम के लिए प्रारंभ में ही हालात और भी बेकाबू नजर आए। मशहूर हरियाणवी गायिका रुचिका जांगिड़ के कार्यक्रम के दौरान भीड़ ने जमकर उत्पात मचाया। कुर्सियां तोड़ी गईं, लोग पंडाल के खंभों पर चढ़कर बैठते दिखे और अफरा-तफरी का माहौल बन गया। पुलिस की चाक-चौबंद व्यवस्था के दावे इस हंगामे के आगे कमजोर पड़ते दिखे। हालांकि पुलिस दो उपद्रवियों को मौके से पकड़े जाने का दावा कर रही है। कुल मिलाकर एटा महोत्सव में एक ओर मीडिया के साथ टकराव और दूसरी ओर बेकाबू भीड़ का हंगामा प्रशासनिक तैयारियों पर गंभीर सवाल खड़े कर रहा है। अब यह मामला शहर में चर्चा का विषय बना हुआ है।

January 17, 2026

एटा में सड़क सुरक्षा माह के तहत एआरटीओ ने स्कूल बस व लोडर वाहनों पर कार्रवाई कर काटे चालान

एटा 17 जनवरी उप्रससे। प्रदेश के मुख्यमंत्री द्वारा दिए गए निदेशों के क्रम में सड़क सुरक्षा माह उत्तर प्रदेश में व्यापक रूप से मनाया जा रहा है। इसी क्रम में शनिवार को एआरटीओ सत्येंद्र कुमार ने स्कूल बस व लोडर वाहनों पर कार्रवाई करते हुए चालान किए।

जनपद में सहायक सम्भागीय परिवहन अधिकारी लोडर वाहनों पर सवारियां बैठाने और अन्य यातायात नियमों के उल्लंघन पर लगातार कार्रवाई कर रहे हैं, जिसमें वाहन सीज करना, भारी जुर्माना लगाना और चालान करना शामिल है, ताकि सड़क सुरक्षा बढ़ाई जा सके और ओवरलोडिंग पर लगाम लगाई जा सके, जैसा कि एटा सदर, अवागढ़ क्षेत्रों में हालिया अभियान चलाकर स्कूल बसों और ओवर लोडिंग वाहनों के 15 चालान काटे है।

एटा में गंगा कोल्ड स्टोर के समीप युवक का मिला शव, संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत

एटा 17 जनवरी उप्रससे। जिले के कोतवाली देहात थाना क्षेत्र में एक 25 वर्षीय युवक सोनू पचौरी पुत्र श्री कृष्ण पचौरी निवासी शान्तिनगर का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिला है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

कोतवाली देहात क्षेत्र में गंगा कोल्ड स्टोर के समीप स्थानीय लोगों ने युवक का शव पड़ा देखा। उन्होंने तत्काल कोतवाली देहात पुलिस को इसकी सूचना दी। सूचना मिलने पर पुलिस और परिजन मौके पर पहुंचे। युवक को एटा के वीरांगना अवंतीबाई मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

 

मृतक के पिता कृष्ण कुमार ने बताया कि उन्हें पुलिस से सूचना मिली थी। उन्होंने बताया कि सोनू सुबह घर से टहलने के लिए निकला था। उन्होंने बताया बेटे की मौत के कारण की जानकारी नहीं है और न ही उनकी किसी से कोई रंजिश है।

 

थाना प्रभारी कोतवाली देहात विनोद कुमार ने बताया कि युवक का मृत शव पड़ा मिला था। शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम करवाया है। मृत्यु का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चलेगा।

एटा में घने कोहरे के कारण दो कारों में भिड़ंत, एक घायल

एटा 17 जनवरी उप्रससे। कोतवाली देहात क्षेत्र के जीटी रोड पर शनिवार सुबह घने कोहरे के कारण दो कारों की टक्कर हो गई। इस हादसे में एक व्यक्ति घायल हो गया, जबकि दोनों वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए।

घटना थाना कोतवाली देहात क्षेत्र में रेलवे ओवरब्रिज, महाराणा प्रताप चौक के पास सुबह करीब 9:30 बजे हुई। जानकारी के मुताबिक, कोतवाली नगर क्षेत्र निवासी बृजेश अपने परिवार के साथ गुरुग्राम से एटा लौट रहे थे। बृजेश की कार को पीछे से आ रही एक तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, घने कोहरे के कारण दृश्यता कम होने से यह हादसा हुआ। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घायल व्यक्ति को अस्पताल पहुंचाया और मामले की जांच शुरू कर दी है।

« Newer PostsOlder Posts »