Web News

www.upwebnews.com

कांवड़ियों पर बरसे फूल, गूंजे ‘बम-बम भोले’ के जयकारे

August 8, 2026

कांवड़ियों पर बरसे फूल, गूंजे ‘बम-बम भोले’ के जयकारे

हतीसा पुल स्थित कांवड़ कैंप में जनप्रतिनिधियों व अधिकारियों ने किया भव्य स्वागत, बांटा प्रसाद

हाथरस। श्रावण मास के पावन अवसर पर गंगाजल लेकर अपने गंतव्य की ओर लौट रहे शिवभक्त कांवड़ियों का हाथरस-मथुरा मार्ग स्थित हातिसा पुल के निकट नगर पालिका परिषद द्वारा स्थापित कांवड़ कैंप में जनप्रतिनिधियों एवं जिला प्रशासन के अधिकारियों ने पुष्प वर्षा कर भव्य स्वागत किया। इस दौरान कांवड़ियों को प्रसाद भी वितरित किया गया।कांवड़ियों के स्वागत के दौरान सांसद अनूप प्रधान वाल्मीकि, विधायक सदर अंजुला सिंह माहौर, विधायक सादाबाद प्रदीप कुमार सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रेम सिंह कुशवाह, रालोद जिलाध्यक्ष श्याम सिंह, जिलाधिकारी अतुल वत्स एवं पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा ने शिवभक्तों पर पुष्पवर्षा की। कांवड़ियों और उपस्थित लोगों के ‘बम-बम भोले’ के जयकारों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा।जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने कांवड़ियों से संवाद कर उनका कुशलक्षेम जाना। उन्होंने श्रद्धालुओं के निवास जनपद, यात्रा मार्ग तथा हाथरस में कांवड़ मार्गों एवं शिविरों में उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली। अधिकारियों ने यह भी पूछा कि यात्रा के दौरान उन्हें किसी प्रकार की परेशानी तो नहीं हुई। कांवड़ियों ने जिला प्रशासन एवं पुलिस की व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए आभार जताया।जिलाधिकारी अतुल वत्स ने कहा कि कांवड़ियों की सुरक्षा, सुविधा और सुगम यात्रा प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने श्रद्धालुओं से यातायात नियमों का पालन करने, निर्धारित मार्गों का उपयोग करने और अनावश्यक जल्दबाजी से बचने की अपील की। उन्होंने प्रशासन एवं पुलिस द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए सावधानी और अनुशासन के साथ यात्रा पूरी करने का आह्वान किया।पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा ने भी कांवड़ियों से अनुशासन बनाए रखने की अपील की। उन्होंने बताया कि कांवड़ यात्रा मार्गों पर सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था को लेकर पुलिस बल लगातार निगरानी कर रहा है।कांवड़ कैंप में स्वास्थ्य विभाग की ओर से श्रद्धालुओं को आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। इसके अलावा पेयजल, भोजन, विश्राम सहित अन्य आवश्यक सुविधाओं की भी व्यवस्था की गई है। व्यवस्थाओं से कांवड़ श्रद्धालु संतुष्ट नजर आए।इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व, उपजिलाधिकारी सदर सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी एवं पुलिस बल मौजूद रहा।

Hathras अनियंत्रित बाइक पेड़ से टकराई, युवक की मौत

हाथरस। थाना हाथरस जंक्शन क्षेत्र के गांव जलालपुर के निकट शनिवार दोपहर हुए सड़क हादसे में बाइक सवार 35 वर्षीय युवक की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।बताया जाता है कि आगरा के बरहन क्षेत्र के इमलिया निवासी सत्येंद्र पुत्र नंदकिशोर शनिवार दोपहर करीब 12 बजे लाडपुर गांव से जलालपुर स्थित अपनी रिश्तेदारी में जा रहा था। जलालपुर से कुछ पहले अचानक उसकी बाइक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई।टक्कर इतनी जोरदार थी कि सत्येंद्र बाइक से गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके पर मौजूद लोगों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन उसकी मौत हो चुकी थी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।बताया गया है कि सत्येंद्र मेहनत-मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करता था। उसके परिवार में पत्नी और चार बच्चे हैं। हादसे के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है। पुलिस मामले की आवश्यक कार्रवाई में जुटी है।

हिमाचल में बस दुर्घटनाग्रस्त, 7 की मृत्यु 6 घायल

ACCIDENT

शिमला, 08 अगस्त 2026, प्रदेश के चंबा ज़िले में आज सुबह एक बस दुर्घटना में 7 लोगों की मौत हो गई और 11 अन्य घायल हो गए। राज्य आपातकालीन संचालन केंद्र के अनुसार दुर्घटना सुबह करीब 7:15  बजे हुई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार बस बैरागढ़ से चंबा की ओर जा रही थी। इसी दौरान चलुआंज मोड़ के पास चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और बस सड़क से उतरकर नीचे दूसरी सड़क पर गिर गई।

घायलों में से 6 लोगों को आगे के इलाज के लिए पंडित जवाहरलाल नेहरू राजकीय चिकित्‍सा महाविद्यालय तथा अस्‍पताल चंबा रेफर किया गया है।

चंबा के पुलिस अधीक्षक विजय सकलानी ने बताया कि दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस दल ने मौके पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्य शुरू किया। दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। दुर्घटना में जान गंवाने वाले 7 लोगों की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है।

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने हिमाचल प्रदेश के चंबा में हुई दुर्घटना में हुई जानमाल की हानि पर गहरा दुख व्यक्त किया। सोशल मीडिया पोस्ट पर श्री मोदी ने इस घटना में अपनों को खोने वाले परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।

हर दिन पिछले दिन से बेहतर बनने के लिए प्रयासरत रहें युवा: मोदी

नरेंद्र मोदी
नई दिल्ली, 08 अगस्त 2026, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान- आई.आई.टी. दिल्ली के विद्यार्थियों से आग्रह किया कि वे अपने निर्णयों में राष्ट्रीय हित को सर्वोपरि रखें और स्वयं से यह प्रश्न करें कि उनके कार्यों से देश को किस प्रकार लाभ हो सकता है और उसकी आवश्यकताओं की पूर्ति हो सकती है। श्री मोदी ने ये बातें आई.आई.टी. दिल्ली के 57वें दीक्षांत समारोह को संबोधित करते हुए कहीं। प्रधानमंत्री ने कहा कि प्रत्येक पीढ़ी अपने समय की विशिष्ट चुनौतियों का सामना करती है और अपनी राष्ट्रीय जिम्मेदारी निभाती है। उन्होंने कहा कि स्नातक विद्यार्थियों द्वारा अगले 30 से 35 वर्षों में किए जाने वाले कार्य का देश के विकसित भारत के मार्ग पर महत्वपूर्ण असर पड़ेगा।
प्रधानमंत्री ने कहा कि देश में नए क्षेत्र उभर रहे हैं, जो युवाओं के लिए नए अवसर प्रदान कर रहे हैं। उन्होंने सेमीकंडक्टर, अंतरिक्ष और ड्रोन जैसे क्षेत्रों का उदाहरण देते हुए कहा कि भारत सभी क्षेत्रों में आत्मनिर्भर बनने की दिशा में कार्य कर रहा है। श्री मोदी ने कहा कि आत्मनिर्भरता की यह पहल विकसित भारत के निर्माण के लिए एक मजबूत आधार का काम करेगी।
श्री मोदी ने सोशल मीडिया के युग में उत्पन्न होने वाले विकर्षणों के बारे में भी बात की। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को वेतन, नौकरी या कार्यक्षेत्र के आधार पर दूसरों से अपनी तुलना करने से बचना चाहिए। श्री मोदी ने कहा कि जीवन कोई लीडरबोर्ड नहीं है और किसी की यात्रा दूसरों से प्रतिस्पर्धा नहीं, बल्कि स्वयं से प्रतिस्पर्धा है। उन्होंने विद्यार्थियों से आग्रह किया कि वे हर दिन पिछले दिन से बेहतर बनने के लिए प्रयासरत रहें।
इस अवसर पर शिक्षा मंत्री प्रल्हाद जोशी ने कहा कि प्रधानमंत्री के दृष्टिकोण ने भारत के शिक्षा तंत्र को शिक्षार्थी-केंद्रित, अनुसंधान-आधारित और भविष्य के लिए तैयार बनाया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने भारत के संस्थानों में नया आत्मविश्वास जगाया है। उन्‍होंने कहा कि देश के कैंपस न केवल स्नातक, बल्कि नवप्रवर्तक, शोधकर्ता और राष्ट्र निर्माता भी तैयार करने में सक्षम हैं।
आई.आई.टी. दिल्ली के बोर्ड ऑफ गवर्नर्स के अध्यक्ष हरीश साल्वे और आईआईटी दिल्ली के निदेशक प्रोफेसर रंगन बनर्जी भी समारोह में उपस्थित थे। इस अवसर पर प्रधानमंत्री ने आई.आई.टी. दिल्ली में ‘परम प्रज्ञा’ नामक एक उच्च दक्षता की कंप्यूटिंग सुविधा का उद्घाटन भी किया।

ब्रिक्स बैठक में संस्कृति का भोपाल घोषणापत्र जारी

भोपाल, 08 अगस्त 2026, भारत की ब्रिक्‍स अध्यक्षता में आज मध्‍य प्रदेश के भोपाल में 11वीं ब्रिक्‍स संस्कृति मंत्रियों की बैठक हुई। बैठक में ‘भोपाल घोषणापत्र’ को अपनाया गया। इसका उद्देश्‍य ब्रिक्‍स सदस्य और सहयोगी देशों के बीच सांस्कृतिक सहयोग को मज़बूत करना है। बैठक में 10 ब्रिक्‍स सदस्य और चार सहयोगी देशों सहित कुल 14 देशों के प्रतिनिधि शामिल हुए।

प्रतिनिधियों ने सांस्कृतिक और रचनात्मक उद्योगों को बढ़ावा देने के तरीकों पर चर्चा की। उन्होंने कलाकारों के लिए और ज़्यादा मौके बनाने पर भी ध्यान दिया। बैठक में कलाकारों को बड़े बाज़ारों तक पहुँचने में मदद करने के लिए डिजिटल प्लेटफ़ॉर्म के इस्तेमाल पर चर्चा हुई। सांस्कृतिक विरासत की सुरक्षा और उसे बहाल करना भी एक अहम मुद्दा था।

भारत ने ब्रिक्‍स देशों के कलाकारों के बीच सांस्कृतिक आदान-प्रदान और पेशेवर नेटवर्क को बढ़ावा देने के लिए एक पायलट योजना ‘स्वैच्छिक कलाकार रजिस्ट्री’ शुरू करने की घोषणा की। बैठक में कलाकारों के अधिकारों और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के दौर में कॉपीराइट वाले कामों के सही इस्तेमाल पर भी चर्चा हुई।

केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने कहा कि भोपाल ने सांस्कृतिक सहयोग के लिए एक व्यावहारिक और भविष्य की सोच वाला ढांचा तैयार किया है। उन्होंने आने वाली पीढ़ियों के लिए पारंपरिक ज्ञान, भाषाओं, लोक संगीत और सांस्कृतिक परंपराओं को सुरक्षित रखने की ज़रूरत पर बल दिया। श्री शेखावत ने कहा कि मध्य प्रदेश की संस्कृति और विरासत पर विशेष ध्यान दिया गया। उन्होंने कहा कि इन सांस्कृतिक परंपराओं को बचाने के लिए सभी देशों को मिलकर काम करना चाहिए।

« Newer PostsOlder Posts »