Web News

www.upwebnews.com

अन्तर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर जागरूकता रैली का हुआ आयोजन

March 8, 2026

अन्तर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर जागरूकता रैली का हुआ आयोजन


उप्रससे,अजय बरया

ललितपुर- अन्तर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर जनपद ललितपुर में महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं अधिकारों के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से ललितपुर पुलिस द्वारा एक जागरूकता रैली का आयोजन किया गया । रैली का शुभारम्भ श्रीमान् जिलाधिकारी सत्य प्रकाश एवं पुलिस अधीक्षक, मो0 मुश्ताक द्वारा हरी झण्डी दिखाकर किया गया।

इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक ने उपस्थित अधिकारीगण, कर्मचारीगण एवं आमजन को संबोधित करते हुए कहा कि समाज में महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं सशक्तिकरण हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। महिलाओं के विरुद्ध होने वाले अपराधों के प्रति जागरूकता तथा त्वरित सहायता के लिए पुलिस सदैव तत्पर है।

रैली में पुलिस अधिकारी/कर्मचारी, महिला पुलिसकर्मी, रिक्रुट आरक्षीगण शामिल रहे। रैली के माध्यम से महिलाओं की सुरक्षा, शिक्षा, आत्मनिर्भरता तथा उनके अधिकारों के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया गया।

यह रैली रिजर्व पुलिस लाइन, ललितपुर से कलेक्ट्रेट चौराहा, तुवन चौराहा, सुमेरा तालाब, शनिचरा चौराहा, घण्टाघर, जेल चौराहा, सदनशाह से होते हुए नगर क्षेत्र में निकाली गई, जिसमें प्रतिभागियों द्वारा महिला सुरक्षा एवं सम्मान से सम्बन्धित नारों के माध्यम से आमजन को जागरूक किया गया ।

घुसपैठ के खिलाफ देशव्यापी कार्रवाई जारी: अमित शाह

हरिद्वार 07 मार्च 26, गृह और सहकारिता मंत्री अमित शाह ने कहा कि देश भर में अतिक्रमण और घुसपैठ के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी है। उन्‍होंने यह बात हरिद्वार में उत्तराखंड सरकार के चार साल पूरे होने के उपलक्ष्य में आयोजित एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कही।

इस अवसर पर श्री शाह ने राज्य के लिए एक हजार एक सौ करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड संघर्ष के दौर से निकल चुका है और विकास की ओर अग्रसर है।

नागरिकता संशोधन अधिनियम का जिक्र करते हुए श्री शाह ने कहा कि धार्मिक उत्पीड़न का सामना करने के बाद भारत आए लोगों को नागरिकता दी जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि हरिद्वार में पाकिस्तान और अफगानिस्तान के लगभग 200 लोगों को नागरिकता दी गई है।

गृह मंत्री ने कहा कि सीमावर्ती गांवों के विकास और पलायन को रोकने के लिए जीवंत ग्राम कार्यक्रम लागू किया जा रहा है, जिससे उत्तराखंड को लाभ होगा।

हैदराबाद में 130 माओवादियों का आत्मसमर्पण

हैदराबाद, 07 मार्च 26 में आज एकीकृत कमान और नियंत्रण केंद्र में एक सौ 30 माओवादियों ने तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी के समक्ष समर्पण कर दिया। इस गुट में राज्य समिति के तीन सदस्य़, क्षेत्रीय समिति का एक और प्रादेशिक समिति के दस सदस्य शामिल है। समर्पण करने वाले माओवादियों ने एक सौ 24 अत्याधुनिक हथियारों का ज़खीरा भी सौंपा। इनमें हल्की मशीन गन, 31 ए. के. 47, 21 राइफल और 20 सेल्फ-लोडिंग राइफल शामिल हैं।

इस अवसर पर संवाददाता सम्मेलन में मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने इतनी बड़ी संख्या में माओवादियों के समर्पण को लोकतंत्र की बड़ी जीत बताया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार हिंसा के बजाय बातचीत और महात्मा गांधी के शांतिपूर्ण सिद्धांत के ज़रिए समस्याओं को हल करने के लिए पूरी तरह से प्रतिबद्ध है। मुख्यमंत्री ने कहा कि तेलंगाना में जनवरी 2024 से अब तक 721 माओवादी मुख्यधारा में शामिल हो चुके हैं।

मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि पहले समर्पण कर चुके माओवादियों के प्रस्ताव और अधिक विचार के लिए गृह मंत्री अमित शाह को भेजे गए हैं।राज्य सरकार ने एक बड़े पुनर्वास पैकेज का भी वादा किया है इसमें  इंदिराम्मा आवास, बेहतर चिकित्सा सुविधाएं और अधिक वित्तीय मुआवज़ा शामिल है। मुख्यमंत्री ने गणपति सहित सभी छिपे हुए माओवादियों से समर्पण करने की अपील की। उन्होंने माओवादी के बीच भरोसा बनाने के सफल प्रयासों के लिए पुलिस बल की भी प्रशंसा की।

बंगाल में प्रोटोकॉल पालन नहीं होने पर राष्ट्रपति नाराज

President Dropadi Murmu

नई दिल्ली 07 मार्च 26, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने आज पश्चिम बंगाल दौरे के दौरान सिलीगुड़ी में 9वें अंतर्राष्ट्रीय संथाल आदिवासी सम्मेलन में राज्य सरकार द्वारा प्रोटोकॉल का पालन नहीं करने पर निराशा व्यक्त की है। कार्यक्रम के बाद लोगों से बातचीत में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने कहा कि जब राष्ट्रपति किसी राज्य के दौरे पर होते है तो प्रोटोकॉल के अनुसार मुख्यमंत्री को अनिवार्य रूप से उपस्थित रहना चाहिए।

राष्ट्रपति ने यह भी कहा कि मुझे ज्ञात हुआ है कि आदिवासी समुदाय के कई लोगों को संथाल सम्मेलन में भाग लेने से रोका गया। राष्ट्रपति ने कहा कि राज्य सरकार ने सम्मेलन के लिए उचित स्थान भी उपलब्ध नहीं कराया ताकि अधिक लोग भाग ले सके। आरोप है कि राज्य सरकार के अधिकारी भी सम्मेलन में शामिल नहीं हुए।

नेपाल में बालेंद्र शाह की पार्टी सरकार बनाने की ओर

Balen Shah Nepal

Posted on 08.03.2026 Sunday, Kathmandu

काठमांडू, 08 मार्च 26, नेपाल में, रैपर से राजनेता बने बालेंद्र शाह की राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टीआरएसपी संसदीय चुनाव में भारी जीत हासिल करने के बाद सरकार बनाने के लिए तैयार है। 35 वर्षीय बालेन्द्र, बालेन नाम से लोकप्रिय हैं। उन्होंने झापा-5 निर्वाचन क्षेत्र में चार बार प्रधानमंत्री रहे सीपीएन (यूएमएल) पार्टी के श्री के.पी. शर्मा ओली को लगभग 50 हजार वोट से हराया।

आरएसपी ने कल रात 9:30 बजे तक घोषित 97 सीटों में से 77 सीट जीती है। इनमें काठमांडू जिले की सभी 10 सीट शामिल हैं। पार्टी 48 सीटों पर बढत भी बनाये हुए है।

नेपाली कांग्रेस-एनसी ने 11 सीटें जीती हैं और सात सीटों पर आगे है। नेपाल कम्युनिस्ट पार्टी (यूएमएल) ने सिर्फ पांच सीटें जीतीं और सात  पर आगे है। नेपाली कम्युनिस्ट पार्टी ने दो सीटें जीतीं और पांच पर आगे है। श्रम शक्ति पार्टी तीन सीट पर आगे है और राष्ट्रीय प्रजातंत्र पार्टी (आरपीपी) ने एक सीट जीती।

प्रतिनिधि सभा के लिए 5 मार्च को हुए चुनाव में, लगभग 60 प्रतिशत मतदान हुआ था। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने चुनाव के सफल आयोजन के लिए नेपाल की जनता और सरकार को बधाई दी है। सोशल मीडिया पोस्ट में उन्होंने कहा कि एक घनिष्ठ मित्र और पड़ोसी के रूप में, भारत नेपाल की जनता तथा उसकी नई सरकार के साथ मिलकर शांति, प्रगति और समृद्धि की नई ऊंचाइयों को छूने के लिए प्रतिबद्ध है।

« Newer PostsOlder Posts »