Web News

www.upwebnews.com

डीएम दीपक मीणा ने विरासत गलियारा का किया सघन निरीक्षण

May 1, 2026

डीएम दीपक मीणा ने विरासत गलियारा का किया सघन निरीक्षण

Santoah kumar Singh Gorakhpur
30/04(2026

व्यवस्थाओं में सुधार के दिए सख्त निर्देश
गोरखपुर। बेमौसम बारिश के बाद शहर के विरासत गलियारा क्षेत्र की व्यवस्थाओं का जायजा लेने के लिए जिलाधिकारी दीपक मीणा ने पाण्डेय हाता से धर्मशाला तक पैदल निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने जल निकासी, बिजली, सुरक्षा और आधारभूत सुविधाओं की स्थिति का बारीकी से आकलन किया और अधिकारियों को तत्काल सुधारात्मक कार्रवाई के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान डीएम ने ड्रेनेज व्यवस्था पर विशेष फोकस करते हुए नालियों की सफाई, कनेक्टिविटी और ढलान को दुरुस्त करने के निर्देश दिए, ताकि बारिश के दौरान जलभराव की समस्या न हो। उन्होंने स्पष्ट कहा कि गलियों और मुख्य सड़कों की नालियों का स्तर संतुलित रखा जाए, जिससे जल निकासी बाधित न हो।
डीएम ने गलियों में नालों के ऊपर स्लैब (पटिया) लगाने के निर्देश भी दिए ताकि आम लोगों और व्यापारियों को आवागमन में कोई परेशानी न हो। वहीं, कई स्थानों पर स्ट्रीट लाइट न होने पर नाराजगी जताते हुए तत्काल लाइट लगाने को कहा।
निरीक्षण के दौरान खराब और क्षतिग्रस्त सीसीटीवी कैमरों को लेकर भी डीएम ने सख्ती दिखाई और उन्हें शीघ्र दुरुस्त करने के निर्देश दिए। साथ ही सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए नए कैमरे लगाने पर भी जोर दिया।
बिजली व्यवस्था को लेकर डीएम ने खुले में लटक रहे तारों को दुर्घटना के लिए खतरनाक बताते हुए उन्हें प्राथमिकता के आधार पर अंडरग्राउंड करने के निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित विभागों को समयबद्ध कार्ययोजना बनाकर काम पूरा करने को कहा।
डीएम ने स्पष्ट चेतावनी दी कि किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य कर समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करें।
निरीक्षण के दौरान एडीएम सिटी अंजनी कुमार सिंह, अपर आयुक्त दुर्गेश मिश्रा, सिटी मजिस्ट्रेट उत्कर्ष श्रीवास्तव, एसडीएम सदर दीपक गुप्ता सहित अन्य अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

चुनौती: बाराबंकी को अतिक्रमण मुक्त,जाम से निजात दिलाना

नवागत जिलाधिकारी के सामने होगी बडी चुनौती
दिलीप कुमार श्रीवास्तव
बाराबंकी। शहर की सड़को पर दिन पर दिन बढ़ते जा रहे अवैध अतिक्रमण से प्रतिदिन आमजन परेशान व बेहाल है। किसके कारण प्रायः शहर की सड़कों पर जाम लगा रहता है, जिससे निजात दिलाना नवागत जिलाधिकारी की प्रथम चुनौती होगी।
रेलवे स्टेशन से घंटाघर, तहसील से रामनगर तिराहा, धनोखर चौराहे से सतरिख नाका, छाया से पीरबटन, कोतवाली से धनोखर तक दुकानदारों के सड़क तक अवैध कब्जे, सड़क तक दुकान का फैला सामान तथा सड़क पर खडी गाडियां जाम का प्रमुख कारण होती है।
यातायात व्यवस्था सुधार के लिए जिलाधिकारी का पैदल मार्च
शहर की यातायात व्यवस्था को अधिक सुचारु एवं व्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी ईशान प्रताप सिंह ने हाल ही पटेल तिराहा, पुराना बस स्टैंड, छाया चौराहा, नेबलेट चौराहा तथा धनोखर क्षेत्र सहित जाम प्रभावित स्थानों का पैदल स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने यातायात अवरोध के कारणों, सड़क किनारे अतिक्रमण, ई-रिक्शा संचालन, वेंडिंग जोन की स्थिति तथा चौराहों पर यातायात दबाव की समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि शहर के प्रमुख मार्गों पर पूर्व से लागू वन-वे व्यवस्था को प्रभावी ढंग से लागू कराया जाए ।
छाया चौराहा एवं वेंडिंग जोन क्षेत्र का निरीक्षण करते हुए जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि जाम प्रभावित क्षेत्रों में सड़क किनारे संचालित प्रतिष्ठानों एवं व्यापारिक प्रतिष्ठानों के प्रतिनिधियों से समन्वय स्थापित कर यातायात सुधार के लिए व्यावहारिक एवं प्रभावी कदम उठाए जाएं।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने अतिक्रमण नियंत्रण, यातायात संकेतकों, पार्किंग प्रबंधन एवं नागरिक सुविधाओं से जुड़े बिंदुओं पर भी अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
कंपनी बाग चौराहे से छाया तक दर्जनों चिकित्सकों के क्लीनिक हॉस्पिटल तथा पैथोलॉजी संचालित होती है, किंतु किसी के पास वाहन पार्किंग व्यवस्था न होने के कारण छोटे-बड़े सभी वहां सड़कों पर खड़े रहते हैं जिसके कारण जाम की स्थिति बनी रहती है। वहीं शहर में करीब एक दर्जन से अधिक मैरिज लान, लाज एवं गेस्ट हाउस मौजूद है । सहालक के समय शादी विवाह एवं अन्य उत्सव के समय इन मैरिज लानो के वाहन सड़कों पर ही खड़े होते हैं, और आवागमन ठप कर देते क्योंकि इन लोगों के पास वाहन पार्किंग की कोई व्यवस्था नहीं है। शहर जाम से जूझता रहता और जिम्मेदार नगर पालिका प्रशासन व यातायात पुलिस कमीँ सब कुछ देख समझ कर भी अनदेखा कर देते हैं।
जिला प्रशासन के निर्देश पर कभी-कभार नगर पालिका प्रशासन शहर में अतिक्रमण अभियान चलता है जो मात्र खानापूरी ही साबित होता। क्योंकि नगर पालिका प्रशासन की कार्रवाई हमेशा गरीब ठेला,गुमटी वालों तक ही सीमित रहती है। बड़े दुकानदारों पर कार्रवाई करने से कटराती है। जिसके कारण अतिक्रमण जस का तस बना रहता है।
शहर मे जाम का दूसरा कारण ऑटो व बैटरी रिक्शा है जिनका कोई रूट निर्धारित न होने के कारण यह हर चौराहा, गली पर खड़े रहते। इन ऑटो बैटरी रिक्शा का कोई स्टैंड ना होने के कारण यह लोग जहां मन करता है वही अपना रिक्शा खड़ा कर देते हैं।
नवागत जिलाधिकारी से शहर का आम नागरिक मांग करता है कि शहर में वाहन पार्किंग स्थल का निर्माण कराया जाए, सड़कों पर दुकानदारों के अवैध कब्जे हटाए जाए, ऑटो व बैट्री रिक्शा वालों का रूट निर्धारित कर इनका स्टैंड बनवाया जाए। तथा शहर में स्थित सभी मैरिज लान, गेस्ट हाउस, चिकित्सकों के क्लीनिक, पैथोलॉजी,अल्ट्रासाउंड सेंटर,व लाजो को नोटिस देकर वाहन पार्किंग की व्यवस्था करने के निर्देश दिए जाएं । तभी शहर को जाम से निजात मिलेगी।

April 30, 2026

बिलारी के युवा अधिवक्ता की ट्रेन से कटकर मौत

तहसील बार एसोसिएशन में निधन पर जताया शोक
Post on 30.4.26
Thursday Moradabad
Rajesh Bhatia

मुरादाबाद।(उप्र समाचार सेवा)।
बिलारी में रेल फाटक पार करते समय युवा अधिवक्ता की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई।इस हादसे से क्षेत्र में हड़कंप मच
गया। अधिवक्ता बिलारी बार एसोसिएशन से जुड़े होने से वहीं वकालत कर रहे थे।
गुरुवार को यह हादसा हुआ।बिलारी थाना क्षेत्र के गांव भूड़ मरेसी के रहने वाले सुमित शर्मा तहसील बार एसोसिएशन में वकालत कर रहे थे। गुरुवार सुबह युवा अधिवक्ता सुमित शर्मा कहीं जाने के लिए रेल फाटक संख्या 12 पर पहुंचे तभी फाटक से गुजरी ट्रेन की चपेट में आ गए। ट्रेन के तेज झटके से वह खुद को बचा नहीं सकें और मौके पर ही दम तोड़ दिया।घटना की सूचना मिलने से अधिवक्ता व परिजनों में शोक व्यक्त हो गया।
इस घटना से बिलारी तहसील में शोक का माहौल फैल गया। असल में सुमित के पिता राम प्रकाश शर्मा वरिष्ठ अधिवक्ता है व कचहरी में कार्यरत है।घटना की सूचना के बाद मौके पर रेलवे व सिविल पुलिस पहुंच गई।शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।बिलारी ने शव का पंचनामा भरा है।

हिंदू समाज में समाप्त हो भेद भाव: नरेंद्र ठाकुर

Narendra Thakur RSS

Posted on 30 April 2026, Time 07.19 PM, Thursday, Lucknow, RSS, Media Samvad, Vishwa samvad Kendra

लखनऊ, 30 अप्रैल 26 । हिंदू समाज में जाति, भाषा, प्रांत आदि के आधार पर भेदभाव समाप्त होना चाहिए। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ व्यक्ति निर्माण से राष्ट्र निर्माण के कार्य में लगा है। इसके लिए 32 से अधिक संगठन समाज के विभिन्न क्षेत्रों में कार्य कर रहे हैं। ये बातें राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के अखिल भारतीय सह प्रचार प्रमुख नरेंद्र ठाकुर ने गुरुवार को नारद जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित मीडिया संवाद कार्यक्रम में कहीं।

उन्होंने कहा कि आरएसएस की 100 वर्ष की यात्रा सामान्य यात्रा नहीं है। हमारे कार्यकर्ताओं ने अनेक उतार-चढ़ाव देखे हैं। संघ विश्व में भारत माता की जय जयकार के लिए कार्य करता है। भारत को दुनिया का सर्वश्रेष्ठ राष्ट्र बनाना संघ का उद्देश्य है। प्रथम सरसंघचालक डॉ. हेडगेवार को याद करते हुए उन्होंने कहा कि संघ व्यक्ति निष्ठ नहीं, तत्व निष्ठ बनने में विश्वास करता है। इसीलिए हमने किसी व्यक्ति को नहीं बल्कि परम पवित्र भगवा ध्वज को गुरु माना।

उन्होंने कहा कि संघ की 85000 से अधिक दैनिक शाखाएं और 32000 से अधिक साप्ताहिक मिलन चल रहे हैं। वनवासी क्षेत्रों से लेकर नगरों तक अनगिनत सामाजिक कार्य स्वयंसेवक चला रहे हैं।

नरेंद्र ठाकुर ने संघ के भविष्य की कार्य योजना पर चर्चा करते हुए कहा कि पंच परिवर्तन का कार्य समाज में चल रहा है। सामाजिक समरसता के माध्यम से हम हिंदू समाज के बीच हर प्रकार का भेदभाव मिटाना चाहते हैं। शताब्दी वर्ष में हिंदू सम्मेलनों में समाज के सभी एक साथ आए और सहयोग किया। कुटुम्ब प्रबोधन के जरिए संघ चाहता है कि पारिवारिक व्यवस्था ठीक रहे तो समाज भी ठीक रहेगा। पर्यावरण संरक्षण भी समाज का प्रमुख कर्तव्य होना चाहिए। साथ ही स्व के आधार पर समाज का जीवन चलना चाहिए। भाषा, वेशभूषा में भी स्व का भाव होना चाहिए। इसी प्रकार सभी को नागरिक कर्तव्यों का बोध होना चाहिए। हर व्यक्ति देश, समाज के प्रति अपने कर्तव्य को समझे।

यूजीसी दिशा निर्देशों को लेकर किए गए एक प्रश्न के उत्तर में उन्होंने कहा कि यह मामला सर्वोच्च न्यायालय के विचाराधीन है। इसलिए संघ इस विषय पर अपना कोई मत व्यक्त नहीं करना चाहता, फिर भी हमारा मानना है कि समाज में सद्भाव बना रहना चाहिए।

कार्यक्रम में संघ के प्रांत संघचालक सरदार स्वर्ण सिंह, विश्व संवाद केंद्र के उपाध्यक्ष अशोक सिंहा, संयुक्त क्षेत्र प्रचार प्रमुख कृपाशंकर, क्षेत्र प्रचार प्रमुख सुभाष, प्रांत प्रचारक कौशल समेत अनेक संघ पदाधिकारी उपस्थित थे।

प्रतापगढ़ में हुआ नारी शक्ति वंदन कार्यक्रम

लोक एवं जनजाति संस्कृति संस्थान एवं जगदीश मातनहेलिया मेमोरियल ट्रस्ट के संयुक्त तत्वावधान में नारी शक्ति वंदन कार्यक्रम। सम्पन्न हुआ।

डा० शक्ति कुमार पाण्डेय
उत्तर प्रदेश समाचार सेवा
प्रतापगढ़, 30 अप्रैल।

यह कार्यक्रम गत दिवस एमडी पीजी कालेज प्रतापगढ़ में नारी शक्ति वंदन अभियान को सांस्कृतिक तथा वैचारिक समर्थन प्रदान करने एवं इसके प्रति जन जागरण हेतु आयोजित किया गया।

कार्यक्रम में डा० शिवानी मातनहेलिया ने अपने साथी कलाकारों, विशेष रूप से सुश्री लक्ष्मी देवी के साथ, नारी सशक्तिकरण से संबंधित गीतों की विशेष प्रस्तुति की। स्त्री के शौर्य व साहस की प्रतीक रानी लक्ष्मीबाई के जीवन पर आधारित सुभद्रा कुमारी चौहान की अमर रचना “खूब लड़ी मर्दानी वो तो झांसी वाली रानी थी” की सांगीतिक प्रस्तुति की गई।

इसी के साथ “वंदे मातरम्” के ओजस्वी पूर्ण गायन को सभी की विशेष सराहना प्राप्त हुई।

इस अवसर पर प्रतापगढ़ की 11 विशिष्ट महिलाओं का सम्मान भी किया गया, जिन्होंने विभिन्न क्षेत्रों में अपने कार्यों द्वारा समाज में उल्लेखनीय योगदान दिया है। वे नाम ये हैं – 1. श्रीमती अरुणा केसरवानी (एक्यूप्रेशर थैरेपी व महिला सशक्तिकरण), 2. श्रीमती अनुभा पाण्डेय (बाल शिक्षा), 3. श्रीमती प्रियंका राज (जूडो कराटे व स्त्री सुरक्षा), 4. श्रीमती सुधा तुलस्यान (व्यवसाय), 5. श्रीमती श्रद्धा सिंह (योग व महिला सहायता प्रकोष्ठ), 6. सुश्री पूजा मंधान (अबेकस प्रशिक्षण), 7. डॉ. शशि प्रभा गुप्ता (स्त्री स्वास्थ्य), 8. डॉ. पूनम सिंह (स्त्री शिक्षा), 9. श्रीमती लक्ष्मी मिश्रा (संगीत शिक्षण), 10. प्रोफेसर किरन मिश्रा (विज्ञान शिक्षा), 11. श्रीमती सोनिया गुप्ता (स्त्री अधिकार व अधिवक्ता)।

कार्यक्रम में मुख्य रूप से लोक एवं जनजाति संस्कृति संस्थान के निदेशक श्री अतुल द्विवेदी जी, प्रतापगढ़ नगरपालिका अध्यक्ष श्रीमती प्रेमलता सिंह जी, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रतापगढ़ के विभाग प्रचारक श्री ओम प्रकाश जी, मुनीश्वर दत्त स्नातकोत्तर महाविद्यालय के प्राचार्य प्रोफेसर शैलेंद्र कुमार मिश्र जी, प्रताप बहादुर स्नातकोत्तर महाविद्यालय के प्राचार्य प्रोफेसर अमित कुमार श्रीवास्तव जी, संस्कार भारती प्रतापगढ़ के जिलाध्यक्ष श्री शिशिर खरे, वरिष्ठ पत्रकार व अंग्रेज़ी के पूर्व विभागाध्यक्ष डॉ शक्ति कुमार पाण्डेय जी, वरिष्ठ शिक्षाविद व प्राचीन इतिहास के प्रोफेसर डॉ बृजभान सिंह, जगदीश मातनहेलिया मेमोरियल ट्रस्ट की सदस्य श्रीमती निधि मातनहेलिया, ट्रस्ट के युवा मंच के संयोजक श्री नीरज अग्रहरि, अनेक विद्वान शिक्षक गण, आमंत्रित मातृशक्तियां व अतिथि गण तथा युवा छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

« Newer PostsOlder Posts »