News Posted on 12.07.2026 Time 09.04 PM Mainpuri
मैनपुरी। थाना एलाऊ क्षेत्र के गांव कछपुरा, अघार निवासी कुलदीप शाक्य पुत्र सर्वेश शाक्य की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। बताया गया कि कुलदीप शाक्य प्रतिदिन अपने खेत से बैगन तोड़कर मोटरसाइकिल से मैनपुरी बेचने जाया करते थे। रविवार को भी वह रोज की तरह सब्जी बेचने मैनपुरी गए थे। वापस लौटते समय सुबह करीब 8 बजे ओंग-अर्जुनपुर मार्ग पर नाले के पास उनकी मोटरसाइकिल दुर्घटनाग्रस्त हो गई। राहगीरों ने देखा कि कुलदीप मोटरसाइकिल के नीचे दबे पड़े हैं। लोगों ने तुरंत उन्हें बाहर निकालकर सड़क किनारे किया और परिजनों को सूचना दी। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और गंभीर हालत में उन्हें जिला अस्पताल लेकर गए। जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिवार में मातम छा गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, प्रथम दृष्टया मोटरसाइकिल फिसलने से यह हादसा हुआ है। हालांकि पुलिस मामले की जांच कर रही है।
