एटा 10 जुलाई उप्रससे। जनपद के पिलुआ थाना क्षेत्र में शुक्रवार दोपहर बाद एक कार अज्ञात वाहन से टकराकर पलट गई। इस हादसे में कार चालक घायल हो गया, जिसे मौके पर पहुंची पुलिस ने तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया।
यह घटना हाईवे स्थित गांव सुना नहर पुल से एक किलोमीटर दूर स्थित बड़ागांव फ्लाइओवर के पास हुई। शुक्रवार दोपहर करीब 3:30 बजे गाजियाबाद निवासी दीपक पुत्र रामदास पाल अपनी कार (UP14EF8196) से गाजियाबाद से एटा की ओर जा रहे थे। बड़ागांव पुल के ऊपर उनकी कार किसी अज्ञात वाहन से टकरा गई, जिससे वह अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंचा। पुलिस ने कार में फंसे घायल चालक दीपक को बाहर निकाला और प्राथमिक उपचार के बाद एंबुलेंस की मदद से जिला मेडिकल कॉलेज एटा भेजा। क्षतिग्रस्त कार को सड़क से हटवाकर यातायात सुचारु कराया गया।
थाना पिलुआ प्रभारी संदीप सिंह राणा ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम को मौके पर भेजा गया था। उन्होंने बताया कि अज्ञात वाहन की तलाश सीसीटीवी कैमरों की मदद से की जा रही है और मामले की विस्तृत जांच जारी है।
