Web News

www.upwebnews.com

एटा में दो मंजिला मकान में आग लगने से 6 दुकानें सहित 4 गाड़ियां जलकर राख

July 9, 2026

एटा में दो मंजिला मकान में आग लगने से 6 दुकानें सहित 4 गाड़ियां जलकर राख

Posted on 09.07.2026 Time 05.29 PM Etah, UP News

एटा 09 जुलाई उप्रससे। जनपद के अलीगंज कस्बा में एक मकान में भीषण आग लग गई। गुरुवार सुबह करीब साढ़े 6 बजे की सुबह लोगों के शोर मचाने पर परिवार को जानकारी हुई। आग की जानकारी मिलते ही मौके पर हड़कंप मच गया। लोगों ने तुरंत मामले की जानकारी पुलिस और फायर ब्रिगड को दी।

सूचना पर आधे घंटे में फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची। दमकलकर्मियों ने करीब 2 घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। बच्चों ने पड़ोसी के मकान की छत पर कूदकर जान बचाई। कई घंटे तक आग लगी रहने से करीब 6 दुकानें लपटों की चपेट में आ गईं। इन दुकानों में रखीं चार गाड़ियां जलकर खाक हो गईं। इसके अलावा मकान की गृहस्थी का सामान और इनवर्टर जल गया। आग लगने से करीब 50 से 60 लाख रुपए के नुकसान का आंकलन किया गया है।

अलीगंज के रहने वाले चमन खान पुत्र जाहूर खान व्यापारी हैं। मोहल्ला कूंचादायम खान में मकान बनाकर परिवार के साथ रहते हैं। इसी बिल्डिंग की ग्राउंड फ्लोर पर चमन खान की 6 दुकानें हैं। पहली मंजिल पर परिवार रहता है। चमन खान परिवार के साथ मकान की पहली मंजिल पर सो रहे थे।
गुरूवार की सुबह उन्हें लोगों के चीखने-चिल्लाने की आवाज सुनाई दी। शोर सुनकर उनकी नींद खुली। बाहर निकलने पर उन्होंने देखा कि आग की तेज लपटों ने पूरी बिल्डिंग को अपनी चपेट में ले लिया था। घटना की जानकारी पर परिवार में हड़कंप मच गया। तुरंत परिवार के बाकी सदस्यों को घर से बाहर निकाला गया। पुलिस और फायर ब्रिगेड को मामले की जानकारी दी।
सुचना पर फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। तब तक आग ने पूरी बिल्डिंग को चपेट में ले लिया था। फायर ब्रिगेड ने करीब 2 घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।

चमन खान के बेटे अर्थ ने बताया कि परिसर में कुल छह दुकानें हैं। इनमें एक फास्ट फूड की दुकान, एक हार्डवेयर की दुकान और एक डॉक्टर का क्लीनिक चलता है। जबकि तीन दुकानें खाली थीं। आग की चपेट में आने से दुकानों में रखा सामान जलकर खाक हो गया है।

चमन खान ने बताया आग में छह दुकानों में रखा करीब 50 लाख रुपए का सामान, इनवर्टर, गृहस्थी का सामान और कपड़े जलकर राख हो गए। इसके अलावा ट्रेवर, बाइक, स्कूटी और ऑटो समेत चार वाहन भी आग की चपेट में आकर पूरी तरह जल गए।

चमन खान की परिजन शाहीन ने बताया कि वह दूसरी मंजिल पर अपने पांच बच्चों के साथ सो रही थीं। अचानक शोर-शराबा सुनकर उनकी नींद खुली। उन्होंने देखा कि सीढ़ियों तक आग पहुंच चुकी थी और ऊपर रखा इनवर्टर भी जल रहा था। इसके बाद उन्होंने सबसे पहले अपने बच्चों को उठाया और पड़ोसी की छत पर कूदकर सभी की जान बचाई। जब तक सभी बच्चे सुरक्षित स्थान पर पहुंचे, तब तक आग दूसरी मंजिल तक पहुंच चुकी थी और हाल में रखा कपड़े समेत अन्य घरेलू सामान भी जलकर नष्ट हो चुका था।
वहीं चमन मियां के भतीजे सऊद अली ने बताया कि परिवार के लोग बुधवार को जलालाबाद स्थित अपनी नानी के घर किसी रिश्तेदार की तबीयत खराब होने के कारण गए थे और गुरुवार तड़के करीब 5:30 बजे वापस लौटे थे। घर पहुंचने के बाद उन्होंने गाड़ी खड़ी कर दी और सभी लोग ऊपर जाकर सो गए। करीब 15 से 20 मिनट बाद बाहर से लोगों की चीख-पुकार सुनाई दी। जब वे नीचे आए तो देखा कि ट्रैवलर गाड़ी के बोनट से आग की लपटें निकल रही थीं। जब तक आग बुझाने का प्रयास किया जाता, तब तक आग तेजी से फैल चुकी थी और उसने आसपास की दुकानों को भी अपनी चपेट में ले लिया।

उपजिलाधिकारी अलीगंज जगमोहन गुप्ता ने बताया कि राजस्व विभाग की टीम को मौके पर भेज दिया गया है। टीम द्वारा आग से हुए नुकसान का आकलन कराया जा रहा है। रिपोर्ट मिलने के बाद पीड़ित परिवार को नियमानुसार आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।