Posted on 03.07.2026 Time 10.10 AM, Road Accident in Etah, 5 dead
एटा में सड़क पर खड़ी खराब रोडवेज बस के यात्रियों को कंटेनर ने रौंदा 5 की मौत, सड़क पर फैले शव
एटा 03 जुलाई 2926 उप्रससे। जनपद में बागवाला थाना क्षेत्र के अंतर्गत गुरुवार देर रात लगभग साढ़े 11 बजे एटा से दिल्ली जा रही रोडवेज बस के यात्रियों को एक कंटेनर ने रौंद दिया। हादसे में 5 लोगों की मौत हो गई। 12 लोग घायल हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि एटा से दिल्ली जा रही रोडवेज बस अचानक खराब हो गई जो सड़क किनारे खड़ी थी। देर हो जाने के कारण यात्री बस से नीचे उतर चुके थे। कुछ यात्री बस के पीछे खड़े थे, तभी तेज रफ्तार कंटेनर आया और सभी को कुचलते हुए सड़क की दूसरी ओर चला गया।
यात्रियों के शव और घायल सड़क से लेकर खेत तक फैल गए। महिलाएं, बच्चे और बुजुर्ग बस के अंदर ही बैठे रहे, इसलिए उन्हें कुछ नहीं हुआ। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों और पुलिस ने घायलों को वीरांगना अवंतीबाई मेडिकल कॉलेज भिजवाया, जहां डॉक्टरों ने पांच लोगों को मृत घोषित कर दिया। जिनमें बुलंदशहर निवासी सतेंद्र (38), फर्रुखाबाद के रहने वाले राजेश (34), सुखराम (30) और शैलेश (29)। एक की पहचान नहीं हो पाई है। बाकी घायलों का इलाज जारी है।
हादसे की सूचना पर डीएम अरविंद सिंह और एसएसपी डॉ. इलामारन मौके पर पहुंचे और हादसे के बारे में जानकारी ली। हादसे के चलते मौके पर जाम लग गया था। पुलिस ने क्रेन से बस और कंटेनर को हटवाकर जाम खुलवाया।
मृतक राजेश के भाई पवन कुमार ने बताया कि बस खराब होने के कारण सड़क किनारे खड़े थे। इसी दौरान पीछे से आए तेज रफ्तार कंटेनर ने टक्कर मार दी। छोटा भाई परिवार की दो बच्चियों के साथ दिल्ली जा रहा था।
वर्जन
डीएम अरविंद सिंह ने बताया कि बस खराब होने के कारण सड़क के किनारे खड़ी थी, लेकिन उसका कुछ हिस्सा सड़क पर था। इसी दौरान पीछे से आए कंटेनर ने बस में टक्कर मार दी, जिससे बाहर खड़े यात्री उसकी चपेट में आ गए। घायलों का बेहतर इलाज कराया जा रहा है। और पूरे मामले की जांच कराई जा रही है।
घायलों में आनंद 52 सेक्टर-34, नोएडा, विवेक 30 नवाबगंज, फर्रुखाबाद, पूनम 32 नवाबगंज, फर्रुखाबाद, विक्रांत 23 नवाबगंज, फर्रुखाबाद, सुमित नवाबगंज, फर्रुखाबाद, नीतीश 30 आवास विकास कॉलोनी एटा, विशाल 15 मेरठ, रवी 17 मेरठ, यतेंद्र 27 मेरठ, दक्ष 10 मेरठ, रिशु 21खलवारा, फर्रुखाबाद, ब्रजेश 24 बाछमई, अमांपुर जनपद कासगंज हैं।
