हाथरस।सिकंद्राराऊ कोतवाली क्षेत्र के गांव बंजारे नगला दौलतपुर के निकट बुधवार दोपहर करीब एक बजे बंबे में एक अज्ञात युवती का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीणों और राहगीरों की भीड़ मौके पर जमा हो गई।बताया गया कि गांव के कुछ बच्चे बंबे में स्नान कर रहे थे। इसी दौरान उनकी नजर पानी में बह रहे एक शव पर पड़ी। बच्चों ने इसकी जानकारी ग्रामीणों को दी, जिसके बाद घटना की सूचना तत्काल पुलिस और डायल-112 को दी गई।सूचना मिलते ही कोतवाली प्रभारी शिवकुमार शर्मा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को बंबे से बाहर निकलवाया। मृतका की उम्र लगभग 22 वर्ष बताई जा रही है। वह पीले रंग का सूट-सलवार पहने हुए थी।पुलिस ने आसपास के लोगों से शव की शिनाख्त कराने का प्रयास किया, लेकिन समाचार लिखे जाने तक उसकी पहचान नहीं हो सकी थी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा युवती की पहचान और मौत के कारणों का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी है।घटना के बाद क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं बनी हुई हैं। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
