3.30 करोड़ से बनेगा महिला थाना, 95-95 लाख रुपये की लागत से जसरथपुर व नयागांव में बनेंगी पुलिस चौकियां
एटा 14 जून उप्रससे। जनपद में महिला सुरक्षा और कानून व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने की दिशा में रविवार को अलीगंज क्षेत्र को बड़ी सौगात मिली। अलीगंज-मैनपुरी मार्ग पर प्रस्तावित महिला थाना भवन तथा जसरथपुर एवं नयागांव क्षेत्र में दो नई पुलिस चौकियों के निर्माण कार्य का विधिवत भूमि पूजन एवं शिलान्यास किया गया।
कार्यक्रम में अलीगंज विधायक सत्यपाल सिंह राठौर, उप जिलाधिकारी जगमोहन गुप्ता, क्षेत्राधिकारी राजेश कुमार सिंह सहित प्रशासन एवं पुलिस विभाग के अधिकारी मौजूद रहे। जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने इसे क्षेत्र में सुरक्षा तंत्र को सशक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया। करीब 3.30 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाला महिला थाना महिलाओं को सुरक्षा, सहायता और न्याय के लिए समर्पित मंच उपलब्ध कराएगा। महिला अपराधों से जुड़ी शिकायतों के त्वरित निस्तारण और पीड़ित महिलाओं की प्रभावी सुनवाई में यह थाना अहम भूमिका निभाएगा। अधिकारियों का कहना है कि महिला थाना शुरू होने से महिलाओं को अपनी शिकायत दर्ज कराने के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा और उन्हें बेहतर पुलिस सहायता मिल सकेगी।
इसी क्रम में थाना जसरथपुर और थाना नयागांव क्षेत्र में 95-95 लाख रुपये की लागत से दो नई पुलिस चौकियों का भी निर्माण कराया जाएगा। इन चौकियों के बनने से ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों तक पुलिस की पहुंच मजबूत होगी तथा अपराध नियंत्रण और आपात स्थितियों में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जा सकेगी।
कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों ने कहा कि जनपद में अपराध एवं माफिया तत्वों के खिलाफ लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। आमजन को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने के लिए पुलिस एवं प्रशासन संयुक्त रूप से आधारभूत सुविधाओं का विस्तार कर रहे हैं।
जिलाधिकारी ने निर्माणदायी संस्था सीएनडीएस को निर्देश दिए कि सभी निर्माण कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर उच्च गुणवत्ता और तकनीकी मानकों के अनुरूप पूरे किए जाएं। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
जनप्रतिनिधियों ने कहा कि महिला थाना और नई पुलिस चौकियों का निर्माण क्षेत्र में कानून व्यवस्था को और अधिक मजबूत करेगा तथा महिलाओं की सुरक्षा और जनसुनवाई व्यवस्था को नई मजबूती प्रदान करेगा।
