मैनपुरी। एलाऊ ब्लॉक जागीर क्षेत्र के ग्राम एलाऊ में पंचायत चुनाव की अंतिम मतदाता सूची में बड़ी संख्या में पात्र मतदाताओं के नाम दर्ज न होने से शनिवार को ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। दर्जनों ग्रामीणों ने विरोध प्रदर्शन करते हुए बीएलओ के खिलाफ नारेबाजी की और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग उठाई। प्रदर्शन में महिलाएं एवं युवा भी शामिल रहे। ग्रामीणों का आरोप है कि पंचायत चुनाव की अंतिम मतदाता सूची में कई पात्र मतदाताओं के नाम शामिल नहीं किए गए हैं। गांव निवासी हरिओम चौहान ने बताया कि सूची देखने पर उन्हें पता चला कि उनका, उनकी पत्नी, माता तथा भाई का नाम पंचायत मतदाता सूची में दर्ज नहीं है। जबकि विधानसभा मतदाता सूची में उनके नाम मौजूद हैं और उनके पास वैध वोटर आईडी कार्ड भी है।
उन्होंने बताया कि यह समस्या केवल उनके परिवार तक सीमित नहीं है, बल्कि गांव के कई परिवारों के साथ भी ऐसा हुआ है। गांव के लगभग आधा सैकड़ा युवाओं की आयु 18 वर्ष से अधिक होने के बावजूद उनके नाम मतदाता सूची में शामिल नहीं किए गए हैं। हरिओम चौहान ने बताया कि मामले की शिकायत मुख्यमंत्री जनसुनवाई पोर्टल (सीएम पोर्टल) पर दर्ज कराई जा चुकी है। इसके अलावा थाना दिवस में एसडीएम भोगांव नीरज द्विवेदी को भी शिकायती पत्र सौंपा गया है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि मामले में उचित कार्रवाई नहीं हुई तो ग्रामीण न्यायालय की शरण लेने को बाध्य होंगे। ग्रामीणों ने मांग की है कि ग्राम एलाऊ की पंचायत मतदाता सूची की तत्काल जांच कराई जाए, छूटे हुए पात्र मतदाताओं का सत्यापन कर उनके नाम सूची में शामिल किए जाएं तथा मतदाता सूची तैयार करने में हुई लापरवाही की जांच कर जिम्मेदार अधिकारियों एवं कर्मचारियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाए। साथ ही गांव में विशेष शिविर लगाकर छूटे हुए मतदाताओं का सत्यापन कराने की भी मांग की गई है। प्रदर्शन में रामराज राठौर, विकास कुमार, अजय राठौर, दिनेश कठेरिया, हरिओम कुमार, मंजू देवी, पुष्पा देवी, शीला देवी, रामसेवक पाल, रजनेश पाल आदि लोग मौजूद थे। एसडीएम भोगांव नीरज द्विवेदी ने आश्वासन दिया है कि मामले की जांच कराकर पात्र मतदाताओं के नाम शीघ्र ही पंचायत मतदाता सूची में शामिल कराने की कार्रवाई की जाएगी।
