Posted on 05/06/2026
Time 11:05 A.M
Gorakhpur
Santosh Kumar Singh
गोरखपुर। 5 जून 2026 ( उप्र समाचार सेवा ) विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर आज मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के गृह जनपद गोरखपुर में पर्यावरण संरक्षण का अनूठा संकल्प देखने को मिला। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के राष्ट्रव्यापी आह्वान पर चलाए जा रहे ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत गोरखपुर के सांसद रवि किशन और भाजपा महानगर अध्यक्ष रमेश गुप्ता ने पौधारोपण कर प्रकृति को हरा-भरा बनाने का संदेश दिया।
सांसद रवि किशन ने पौधारोपण करते हुए कहा कि ‘प्रकृति है तो हम हैं।’ उन्होंने बताया कि ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान महज एक पौधा लगाना नहीं है, बल्कि यह अपनी धरती मां और जन्म देने वाली मां के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का एक भावनात्मक माध्यम है। उन्होंने गोरखपुर की जनता से अपील की कि वे इस अभियान से जुड़ें और पर्यावरण की सुरक्षा के लिए कम से कम एक पौधा अवश्य लगाएं।
आज का दिन गोरखपुर और पूरे उत्तर प्रदेश के लिए एक विशेष संयोग लेकर आया। विश्व पर्यावरण दिवस के साथ ही आज उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का जन्मदिन भी है। इस दोहरे उत्सव के अवसर पर सांसद रवि किशन और महानगर अध्यक्ष रमेश गुप्ता ने मुख्यमंत्री को जन्मदिन की हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दीं।
दोनों नेताओं ने भगवान गोरक्षनाथ के समक्ष प्रार्थना करते हुए मुख्यमंत्री के उत्तम स्वास्थ्य, सुदीर्घ जीवन और लंबी आयु की कामना की। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में प्रदेश विकास और जन-कल्याण के नए आयाम स्थापित कर रहा है।
