Web News

www.upwebnews.com

मुख्यमंत्री योगी ने किया 208 करोड़ के विकास कार्यों का लोकार्पण

June 3, 2026

मुख्यमंत्री योगी ने किया 208 करोड़ के विकास कार्यों का लोकार्पण

 

Posted on 03/06/2026
Time 14:45 P.M
GORAKHPUR
Santosh Kumar Singh

कहा- ‘अपराधियों के लिए जीरो टॉलरेंस’

​गोरखपुर: 03 जून 2026 ( उप्र समाचार सेवा) मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को गीडा (गोरखपुर औद्योगिक विकास प्राधिकरण) में औद्योगिक विकास और जनसुविधाओं को नई ऊंचाइयों पर पहुँचाते हुए 208 करोड़ रुपये के 71 विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इस दौरान उन्होंने पूर्वी उत्तर प्रदेश के पहले ‘फ्लैटेड फैक्ट्री कॉम्प्लेक्स’ का उद्घाटन कर उद्यमियों को ‘प्लग एंड प्ले’ का बेहतरीन मॉडल सौंपा।
​सुरक्षा ही विकास की पहली शर्त
जनसभा को संबोधित करते हुए सीएम योगी ने स्पष्ट किया कि प्रदेश में अपराधियों के लिए कोई जगह नहीं है। उन्होंने कहा, “अपराध पर जीरो टॉलरेंस की नीति से कोई समझौता नहीं होगा। गरीबों का हक छीनने, व्यापारियों को धमकाने या बेटियों की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों को पाताल से भी खोजकर निकाला जाएगा।” उन्होंने जोर देकर कहा कि सुरक्षा का माहौल होने के कारण ही आज यूपी में 50 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव आए हैं।
​गीडा बना रोजगार का प्रमुख केंद्र
मुख्यमंत्री ने बताया कि पिछले 9 वर्षों में गीडा का स्वरूप पूरी तरह बदल चुका है। यहाँ अब पेप्सिको, बिसलेरी जैसी बड़ी इकाइयाँ और नई डिस्टिलरी लग रही हैं। गीडा का विस्तार अब धुरियापार तक किया जा रहा है, जहाँ 7 हजार एकड़ में इंडस्ट्रियल टाउनशिप बन रही है। उन्होंने कहा कि अकेले गीडा में ही 50 हजार युवाओं को रोजगार मिला है।
​एमएसएमई के लिए ‘फ्लैटेड फैक्ट्री’ क्रांतिकारी कदम
फ्लैटेड फैक्ट्री को छोटे उद्यमियों (MSME) के लिए वरदान बताते हुए सीएम ने कहा कि अब जिनके पास जमीन खरीदने का पैसा नहीं है, वे भी सीधे आकर यहाँ उत्पादन शुरू कर सकते हैं। इसके साथ ही उन्होंने कामगारों के लिए निर्मित ईडब्ल्यूएस (EWS) और एलआईजी (LIG) आवासीय परिसरों का उद्घाटन कर श्रमिकों को उनके कार्यस्थल के पास ही किफायती आवास की सौगात दी।
​भावुक पल: अन्नप्राशन और गोदभराई
विकास कार्यों के उद्घाटन के साथ ही मुख्यमंत्री ने एक मानवीय चेहरा भी प्रस्तुत किया। उन्होंने मासूम बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार कराया और उन्हें दुलारते हुए खिलौने भेंट किए। साथ ही, गर्भवती महिलाओं की ‘गोदभराई’ रस्म पूरी कर उन्हें पोषण पोटली भी वितरित की।
​इस अवसर पर सांसद रवि किशन, विधायक प्रदीप शुक्ल, महापौर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव सहित अन्य जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।