Posted on 27/05/2026
Time 14:55 P.M
Gorakhpur
Santosh Kumar Singh
अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत, प्रधानमंत्री को सौंपा जाएगा ज्ञापन
गोरखपुर: 27 मई 2026 ( उप्र समाचार सेवा) अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत, गोरक्ष प्रांत ने आज एक प्रेस वार्ता के दौरान एमआरपी (MRP) व्यवस्था में विसंगतियों के खिलाफ अपनी आवाज बुलंद की। पंचायत के सचिव कुमुद कांत ने स्पष्ट किया कि देश में वस्तुओं के मूल्य निर्धारण में एकरूपता न होने से उपभोक्ताओं के अधिकारों का व्यापक हनन हो रहा है।
प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए सचिव कुमुद कांत ने ‘चलो जंतर-मंतर, दिल्ली’ अभियान की घोषणा की। उन्होंने बताया कि एमआरपी में मनमानी और पारदर्शिता की कमी के कारण आम उपभोक्ता को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। इस व्यवस्था को दुरुस्त करने और उपभोक्ताओं के हितों की रक्षा के लिए संगठन ने दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन करने का निर्णय लिया है।
कुमुद कांत ने जानकारी दी कि इस आंदोलन के माध्यम से संगठन अपनी मांगों को प्रमुखता से केंद्र सरकार के समक्ष रखेगा। अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत की ओर से प्रधानमंत्री, केंद्रीय वित्त मंत्री और अन्य संबंधित केंद्रीय मंत्रियों को एक विस्तृत ज्ञापन सौंपा जाएगा, जिसमें मांग की जाएगी कि
देशभर में एमआरपी निर्धारण में एकरूपता लाई जाए। उपभोक्ता अधिकारों का संरक्षण सुनिश्चित करने के लिए सख्त नीतियां बनाई जाएं। मूल्य निर्धारण की प्रक्रिया को पारदर्शी बनाया जाए।
पंचायत ने आम उपभोक्ताओं से इस अभियान के समर्थन में आगे आने का आह्वान किया है ताकि उपभोक्ता हितों के लिए प्रभावी कानून बन सके।
