Posted on 26/05/2026
Time 9:45 A.M
Gorakhpur
Santosh Kumar Singh
गोरखपुर : 26 मई 2026 ( उप्र समाचार सेवा) गोरखपुर जनपद के गीडा थाना क्षेत्र के ग्राम नगवा में मामूली विवाद के बाद मारपीट और एक चार पहिया वाहन को आग के हवाले करने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को जेल भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह घटना बीते 25 मई 2026 की रात करीब 10:15 बजे की है। ग्राम नगवा में दो पक्षों के बीच वाहन को रास्ता (पास) देने को लेकर विवाद हो गया था। यह विवाद देखते ही देखते हिंसक हो गया। आरोप है कि इस दौरान दूसरे पक्ष के साथ मारपीट की गई और एक चार पहिया वाहन को न केवल क्षतिग्रस्त किया गया, बल्कि उसे आग लगाकर जला भी दिया गया।
घटना के संबंध में वादी द्वारा दी गई तहरीर के आधार पर थाना गीडा में संबंधित धाराओं (मु0अ0सं0 235/2026, धारा 191(2), 326(छ), 109(1), 351(3), 352, 126(2) भारतीय न्याय संहिता) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। अपराधों पर अंकुश लगाने और अपराधियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत, पुलिस अधीक्षक (उत्तरी) के दिशा-निर्देशन और क्षेत्राधिकारी गीडा के पर्यवेक्षण में गीडा पुलिस की टीम ने मामले का खुलासा किया।
पुलिस ने घटना में संलिप्त दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है जिनका नाम कपिल सिंह पुत्र राम प्रसाद सिंह, निवासी ग्राम नगवा, थाना गीडा, जनपद गोरखपुर और विशाल सिंह पुत्र गिरजाशंकर सिंह, निवासी ग्राम नगवा, थाना गीडा, जनपद गोरखपुर है ।
थाना प्रभारी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपीयो के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जा रही है और उन्हें न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा।

