अस्पताल ले जाते समय हुई मौत
एटा 15 मई उप्रससे। कोतवाली नगर क्षेत्र में शिकोहाबाद रोड पर सड़क हादसे में 28 वर्षीय युवक की मौत हो गई। युवक को गंभीर हालत में मेडिकल कॉलेज के इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया गया था, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मृतक जितेंद्र फिरोजाबाद जिले के बार्थरा गांव का निवासी है। जितेंद्र ऑटो में बैठकर घर लौट रहा था। मुस्तफाबाद के पास ऑटो से उतरकर वह सड़क किनारे खड़ा था, तभी एक ऑटो ने उसे टक्कर मार दी। इस घटना में जितेंद्र गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने तत्काल परिवार के सदस्यों को सूचना दी और जितेंद्र को जिला मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया।
जितेंद्र के भाई अंशुल ने बताया कि उनका भाई मौसी के घर से लौट रहा था। स्थानीय लोगों से सूचना मिलने पर सभी परिवारीजन मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक जितेंद्र की मौत हो चुकी थी। घटना के बाद परिवार में शोक का माहौल है।
कोतवाली नगर प्रभारी प्रेमपाल सिंह ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस ने मामले की जांच पड़ताल शुरू कर दी है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।
