मैनपुरी। पर्यटन विभाग द्वारा वित्तीय वर्ष 2025-26 में राज्य योजना के अंतर्गत मैनपुरी जनपद के लिए पर्यटन विकास की 18 परियोजनाओं के लिए 2229 लाख रूपये की परियोजनाएं स्वीकृत की गई है। इन परियोजनाओं के माध्यम से धार्मिक स्थलों का जीर्णोद्वार एवं बुनियादी सुविधाएं सुलभ कराने का कार्य किया जाएगा। मैनपुरी में अनेक ऐतिहासिक एवं प्राचीन धर्मस्थल है। अकेले समौर बाबा स्थल पर हजारों श्रद्धालु एवं पर्यटक पधार रहे है। विगत 09 वर्षों में जनपद- मैनपुरी का अवस्थापना सुविधाओं एवं धार्मिक स्थलों के सौंदर्यीकरण के चलते भारी बदलाव आया है। कानून व्यवस्था बेहतर होने के साथ कनेक्टिविटी में बढ़ोतरी हुई है। इससे पर्यटकों का आगमन बढ़ा है।
यह जानकारी प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री श्री जयवीर सिंह ने दी। उन्होंने बताया कि मैनपुरी मुख्यालय में स्थित सत्तेश्वर महादेव मंदिर के पर्यटन विकास के लिए 80 लाख रूपये, आर्य समाज मंदिर, मैनपुरी के पर्यटन विकास के लिए 140 लाख रूपये, मैनपुरी सदर में स्थित बजरंगबली हनुमान मंदिर पर्यटन विकास के लिए 110 लाख रूपये, मैनपुरी सदर में ही मां गंगा देवी मंदिर ज्योति के पर्यटन विकास के लिए 01 करोड़ रूपये तथा किशनी विधानसभा क्षेत्र स्थित भगवान श्री नरसिंह धाम के पर्यटन विकास के लिए 75 लाख रूपये की धनराशि स्वीकृत की गई है।
जयवीर सिंह ने बताया कि मैनपुरी सदर स्थित चंद्रपुरा नैनसुख महाराज जी मंदिर के पर्यटन विकास के लिए 01 करोड़ रूपये, मैनपुरी सदर फतेहजंगपुर में शंकर जी महाराज विरजमान मंदिर के पर्यटन विकास के लिए 155 लाख रूपये, मैनपुरी सदर में ही श्री ब्रह्मदेव एवं शिवमंदिर के पर्यटन विकास के लिए 01 करोड़ रूपये, करहल विधानसभा घिरोर में वनखंडेश्वर आश्रम के विकास कार्य हेतु 130 लाख रूपये, मैनपुरी सदर में श्री हनुमान जी मंदिर के पर्यटन विकास के लिए 130 लाख रूपये तथा करहल ग्राम टिण्डौली मैनपुरी में स्थित श्री सिद्धेश्वर महादेव मंदिर के पर्यटन विकास के लिए 65 लाख रूपये की धनराशि स्वीकृत की गई है।
इसी प्रकार करहल विधानसभा क्षेत्र के अंदर मानस स्मारक मंदिर के पर्यटन विकास के लिए 165 लाख रूपये, मैनपुरी सदर में स्थित सतीमाता मंदिर पर्यटन विकास के लिए 90 लाख रूपये, मैनुपरी सदर के वनखंडेश्वर महादेव मंदिर के धाऊ बाईं पास मैनपुरी पर्यटन विकास के लिए 80 लाख रूपये, मैनपुरी सदर में ही ढिबइया में मंदिर के पर्यटन विकास के लिए 01 करोड़ रूपये, मैनपुरी सदर में ही लोहिया पार्क में बहुउद्देशीय अवस्थापना सुविधाओं के लिए 124 लाख रूपये स्वीकृत किए गए है। इसके अलावा मैनपुरी सदर स्थित आवास विकास में बीएसएनएल ऑफिस के सामने पार्क में स्थापना सुविधाओं के लिए 87 लाख रूपये तथा भोगांव विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत किशनी के ग्राम धमियापुर स्थित मंदिर धामेश्वर में अवस्थापना सुविधाओं के लिए 198 लाख रूपये स्वीकृत की गई है।
पर्यटन मंत्री ने बताया कि इन परियोजनाओं को धरातल पर उतारने की जिम्मेदारी यूपीपीसीएल कार्यदायी संस्था को सौंपी गई है। समस्त कार्य गुणवत्ता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए गए है। मा0 मुख्यमंत्री योगी जी के मार्गदर्शन में पूरे प्रदेश में पर्यटन विकास की योजनाएं संचालित की जा रही हैं इसका मुख्य उद्देश्य सांस्कृतिक धरोहर को अक्षुण्ण रखते हुए युवा पीढ़ी को समर्पित करना है।
