Web News

www.upwebnews.com

भाजपा की तीन राज्यों में जीत का जश्न: सड़कों पर उतरे कार्यकर्ता, चलाई आतिशबाजी

May 4, 2026

भाजपा की तीन राज्यों में जीत का जश्न: सड़कों पर उतरे कार्यकर्ता, चलाई आतिशबाजी

मैनपुरी। पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद भारतीय जनता पार्टी और उसके सहयोगी दलों को तीन राज्यों में प्रचंड बहुमत मिलने पर मैनपुरी में जश्न का माहौल देखने को मिला। पार्टी कार्यकर्ताओं और हिंदू संगठनों से जुड़े लोगों ने जिला मुख्यालय से लेकर शहर के विभिन्न चौराहों तक आतिशबाजी, नारेबाजी और मिठाइयां बांटकर जीत का उत्सव मनाया।
शहर के करहल रोड चौराहे पर राष्ट्रीय करणी सेवा के जिला अध्यक्ष शंकर भदौरिया के नेतृत्व में दर्जनों कार्यकर्ता एकत्र हुए। यहां कार्यकर्ताओं ने जमकर आतिशबाजी की, नारे लगाए और एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर खुशी जताई। राहगीरों को भी मिठाई बांटकर जीत की बधाई दी गई। इस दौरान शंकर भदौरिया ने कहा कि पांच राज्यों के चुनाव में भारतीय जनता पार्टी का प्रदर्शन ऐतिहासिक रहा है और यह दिन पार्टी के लिए स्वर्णिम क्षण के रूप में याद किया जाएगा। उन्होंने इसे सनातन विचारधारा की जीत बताते हुए कहा कि जनता ने तुष्टिकरण की राजनीति को नकारा है। उन्होंने विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए कहा कि परिवारवाद और तुष्टिकरण की राजनीति करने वालों को जनता ने करारा जवाब दिया है। आगे आने वाले चुनावों में भी भाजपा नए आयाम स्थापित करेगी। साथ ही उन्होंने दावा किया कि 2027 में योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश में भाजपा तीसरी बार सरकार बनाकर हैट्रिक लगाएगी। वहीं भाजपा जिला कार्यालय पर जिला अध्यक्ष ममता राजपूत के नेतृत्व में भी कार्यकर्ताओं ने जश्न मनाया। यहां कार्यकर्ताओं ने आतिशबाजी की और एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर खुशी जाहिर की। पूरे कार्यालय परिसर में “जय श्रीराम” और “भारत माता की जय” के नारों से माहौल गूंज उठा। इस मौके पर ममता चतुर्वेदी ने भी बयान देते हुए कहा कि यह जीत देश की जनता के विश्वास की जीत है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री और पार्टी नेतृत्व की नीतियों पर जनता ने मुहर लगाई है। कार्यकर्ताओं की मेहनत और संगठन की मजबूती का ही परिणाम है कि भाजपा को यह बड़ी सफलता मिली है।