Santoah kumar Singh Gorakhpur
30/04(2026
व्यवस्थाओं में सुधार के दिए सख्त निर्देश
गोरखपुर। बेमौसम बारिश के बाद शहर के विरासत गलियारा क्षेत्र की व्यवस्थाओं का जायजा लेने के लिए जिलाधिकारी दीपक मीणा ने पाण्डेय हाता से धर्मशाला तक पैदल निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने जल निकासी, बिजली, सुरक्षा और आधारभूत सुविधाओं की स्थिति का बारीकी से आकलन किया और अधिकारियों को तत्काल सुधारात्मक कार्रवाई के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान डीएम ने ड्रेनेज व्यवस्था पर विशेष फोकस करते हुए नालियों की सफाई, कनेक्टिविटी और ढलान को दुरुस्त करने के निर्देश दिए, ताकि बारिश के दौरान जलभराव की समस्या न हो। उन्होंने स्पष्ट कहा कि गलियों और मुख्य सड़कों की नालियों का स्तर संतुलित रखा जाए, जिससे जल निकासी बाधित न हो।
डीएम ने गलियों में नालों के ऊपर स्लैब (पटिया) लगाने के निर्देश भी दिए ताकि आम लोगों और व्यापारियों को आवागमन में कोई परेशानी न हो। वहीं, कई स्थानों पर स्ट्रीट लाइट न होने पर नाराजगी जताते हुए तत्काल लाइट लगाने को कहा।
निरीक्षण के दौरान खराब और क्षतिग्रस्त सीसीटीवी कैमरों को लेकर भी डीएम ने सख्ती दिखाई और उन्हें शीघ्र दुरुस्त करने के निर्देश दिए। साथ ही सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए नए कैमरे लगाने पर भी जोर दिया।
बिजली व्यवस्था को लेकर डीएम ने खुले में लटक रहे तारों को दुर्घटना के लिए खतरनाक बताते हुए उन्हें प्राथमिकता के आधार पर अंडरग्राउंड करने के निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित विभागों को समयबद्ध कार्ययोजना बनाकर काम पूरा करने को कहा।
डीएम ने स्पष्ट चेतावनी दी कि किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य कर समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करें।
निरीक्षण के दौरान एडीएम सिटी अंजनी कुमार सिंह, अपर आयुक्त दुर्गेश मिश्रा, सिटी मजिस्ट्रेट उत्कर्ष श्रीवास्तव, एसडीएम सदर दीपक गुप्ता सहित अन्य अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

