वाशिंगटन, 26 अप्रैल 26, अमरीका के न्याय मंत्रालय ने कहा है कि राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप की हत्या के प्रयास के संदिग्ध कोल एलन को कल प्रारंभिक सुनवाई के लिए संघीय अदालत में पेश किया जाएगा। एफबीआई निदेशक काश पटेल ने कहा कि ब्यूरो एलन की पिछली गतिविधियों और इस मकसद की पूरी जांच कर रहा है।
यह मामला वाशिंगटन के एक होटल में आयोजित व्हाइट हाउस कॉरेस्पोंडेंट्स एसोसिएशन के भोज में हुई एक बड़ी सुरक्षा चूक के बाद सामने आया है। अधिकारियों ने बताया कि हथियार से लैस व्यक्ति ने हिल्टन होटल में एक सुरक्षा चौकी को तोड़ने का प्रयास किया, जिसके परिणामस्वरूप मुख्य बॉलरूम से दूर लॉबी क्षेत्र में सीक्रेट सर्विस के साथ गोलीबारी हुई। संदिग्ध को हिरासत में ले लिया गया।
राष्ट्रपति ट्रंप, प्रथम महिला मेलानिया ट्रंप और उपराष्ट्रपति जेडी वैंस को सुरक्षित स्थान पर ले जाया गया। अधिकारियों ने बताया कि एक सीक्रेट सर्विस अधिकारी घायल हो गया, लेकिन बुलेटप्रूफ जैकेट पहनने के कारण उसकी जान बच गई।
कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी, मैक्सिको की राष्ट्रपति क्लाउडिया शाइनबाम, ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथोनी अल्बानीज़ और पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ शामिल हैं। इन सभी ने राहत व्यक्त की कि अमरीकी राष्ट्रपति और अन्य अधिकारी सुरक्षित हैं। इसके साथ ही उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि लोकतंत्र में राजनीतिक हिंसा का कोई स्थान नहीं है।
