Web News

www.upwebnews.com

ऑपरेशन दौरान महिला की मौत, डॉक्टर फरार

April 15, 2026

ऑपरेशन दौरान महिला की मौत, डॉक्टर फरार

एटा में निजी अस्पताल का मामला

एटा। कोतवाली नगर क्षेत्र के शिकोहाबाद रोड स्थित सदाशिव अस्पताल में बच्चेदानी का ऑपरेशन कराने आई 50 वर्षीय महिला की मौत हो गई। परिजनों ने डॉक्टरों पर गलत ब्लड चढ़ाने का आरोप लगाया है। घटना के बाद अस्पताल में हंगामा मच गया और आरोपी डॉक्टर मौके से फरार हो गए।

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने महिला के शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की प्रक्रिया पूरी कर पोस्टमॉर्टम कराया।

50 साल की रूपा देवी पत्नी वीरपाल निवासी गिलोरी, थाना पटियाली, जनपद कासगंज से एटा में बच्चेदानी का ऑपरेशन करवाने आई थीं। रविवार को उन्हें अस्पताल में भर्ती किया गया था। डॉक्टरों ने खून की कमी बताते हुए उन्हें ब्लड चढ़ाया। एक यूनिट ब्लड चढ़ाने के बाद रूपा देवी की हालत बिगड़ गई। जब डॉक्टर ने दूसरी यूनिट ब्लड चढ़ाया, तो उसी दौरान उनकी मौत हो गई। मृतका के भतीजे मनजीत ने बताया कि मौत के बाद अस्पताल से डॉक्टर फरार हो गए हैं।

वर्जन
मुख्य चिकित्सा अधिकारी राजेंद्र प्रसाद ने जानकारी देते हुए बताया कि सदाशिव अस्पताल पंजीकृत है। महिला की मौत की सूचना मिलने के बाद एसीएमओ को जांच के लिए भेजा गया है। उन्होंने आश्वस्त किया कि रिपोर्ट आने के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।