फिरोजाबाद। थाना नगला सिंघी क्षेत्र अन्तर्गत सोमवार एक युवक का शव खेत में पेड़ से लटका मिला। परिजनों ने मृतक की पत्नी के प्रेमी पर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस घटना की जांच कर रही है।
थाना नगला सिंघी क्षेत्र के गांव गढ़ी धर्मी में सोमवार को एक युवक का शव पेड़ पर ग्रामीणों ने लटका देखा तो वह हैरान रह गए। मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही परिजन भी पहुंच गए। जिन्होंने मृतक की पहचान गढ़ी धर्मी निवासी रविंद्र (35) पुत्र भीकम सिंह के रूप में की। वह हाल में गढ़ी भाऊ में मकान बनाकर रह रहा था। उसके तीन बच्चे हैं- गगन (15), सुमित (10) और लता (7) है। परिजनों ने आरोप लगाए कि मृतक रविंद्र की पत्नी 5 अप्रैल को गांव के ही एक युवक के साथ चली गई थी, जिसके बाद से परिवार में तनाव था। परिजनों ने यह भी आरोप लगाया है कि पत्नी के साथ गए युवक (प्रेमी) ने ही रविंद्र की हत्या कर शव को पेड़ पर लटकाया है, ताकि इसे आत्महत्या दिखाया जा सके। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। थाना अध्यक्ष पारुल मिश्रा ने पुलिस बल के साथ घटनास्थल का निरीक्षण कर परिजनों से बात की है। पुलिस शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल लाई है और घटना की जांच कर रही है।
