Web News

www.upwebnews.com

एटा में आंधी-बारिश से क्षतिग्रस्त होकर कार पर गिरा पोल,

April 5, 2026

एटा में आंधी-बारिश से क्षतिग्रस्त होकर कार पर गिरा पोल,

अलीगंज मार्ग पर यातायात हुआ बाधित

एटा 05 अप्रैल उप्रससे। जनपद के अलीगंज क्षेत्र में रविवार को आई तेज आंधी और बारिश के कारण एक बड़ा हादसा टल गया। एटा-अलीगंज मार्ग पर चौधरी मुख्तयार सिंह कॉलेज के पास बिजली के कई पोल टूटकर गिर गए। इसी दौरान एक चलती ईको कार पर भी एक बिजली का पोल गिर गया, हालांकि कार सवार बाल-बाल बच गए। इस घटना से कस्बे की विद्युत आपूर्ति ठप हो गई।

तेज हवाओं और बारिश के चलते एक विशाल पेड़ बिजली की लाइनों पर गिर गया, जिससे लगभग आधा दर्जन बिजली के खंभे सड़क पर धराशायी हो गए। एक बिजली का पोल सीधे ईको कार के ऊपरी हिस्से पर गिरा, जिससे कार का अगला शीशा टूट गया और वाहन क्षतिग्रस्त हो गया। गनीमत रही कि कार में सवार सभी लोग सुरक्षित बाहर निकल आए। घटना के समय क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति बंद थी, जिसके कारण एक बड़ा हादसा टल गया। यदि तारों में करंट होता तो यह घटना गंभीर रूप ले सकती थी और जानमाल का बड़ा नुकसान हो सकता था। हादसे के बाद एटा-अलीगंज मार्ग पर यातायात पूरी तरह बाधित हो गया और वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस और विद्युत विभाग की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। टीम ने घंटों की मशक्कत के बाद गिरे हुए पोल और पेड़ को हटाया, जिसके बाद मार्ग पर यातायात बहाल हो सका।

उपकेंद्र अधिकारी अतुल कुमार ने बताया कि तेज आंधी और बरसात की वजह से आठ विद्युत पोल क्षतिग्रस्त हुए हैं। इसके चलते विद्युत आपूर्ति बाधित हो गई है। आपूर्ति सुचारु करने के लिए टीमें लगातार काम कर रही हैं।