तिलक वीर अन्य साथियों सहित नोएडा से गिरफ्तार
मथुरा । कोतवाली पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए मुखबिर की सूचना पर करीब तीन सप्ताह से फरार चल रहे पूर्व पार्षद चौधरी तिलक वीर ,रवी, गिरीश, राजू उर्फ राजीव और सौदान सिंह को ग्रेटर नोएडा के नॉलेज पार्क के पास स्थित होटल डोलिंग रिसोर्ट से पुलिस ने दबोच लिया। सभी आरोपी कृष्ण विहार कॉलोनी, थाना कोतवाली मथुरा के निवासी हैं।
मिली जानकारी के अनुसार, 12 मार्च को सियाराम वाटिका में आयोजित एक विवाह समारोह के दौरान तिलक वीर और उनके साथियों का बारातियों से विवाद हो गया था। आरोप है कि विवाद के दौरान अंधाधुंध फायरिंग की गई, जिसमें एक महिला घायल हो गई।
सूचना पर पहुंची पुलिस के साथ भी आरोपियों ने अभद्रता करते हुए धक्का-मुक्की की और पुलिस द्वारा जब्त की गई पिस्टल छीनकर मौके से फरार हो गए थे।
फरारी के दौरान प्रशासन ने सख्त कार्रवाई करते हुए जिलाधिकारी द्वारा तिलक वीर के दोनों शस्त्र लाइसेंस निलंबित कर दिए थे।
सर्विलांस की मदद से एसओजी को गुरुवार को आरोपियों के नोएडा में होने की सटीक सूचना मिली, जिसके बाद घेराबंदी कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। फिलहाल सहायक पुलिस अधीक्षक (आईपीएस) आसना चौधरी के नेतृत्व में सभी आरोपियों से गहन पूछताछ की जा रही है।इस सफल कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक विनोद बाबू मिश्रा, उपनिरीक्षक रविंद्र बाबू, पवन चौहान, एसओजी प्रभारी संदीप सहित स्वाट व एसओजी टीम के कई पुलिसकर्मी शामिल रहे।
