* 2027 में 403 सीटों पर चुनाव लड़ने का ऐलान**
( संजीव गुप्त द्वारा )
शाहजहांपुर। शहर के एक निजी होटल में आयोजित कार्यक्रम में राष्ट्रीय अधिकार मोर्चा (RAM) के संस्थापक अलंकार अग्निहोत्री ने जनसभा को संबोधित करते हुए सवर्ण समाज के मुद्दों को लेकर जोरदार हुंकार भरी। उन्होंने यूजीसी रेगुलेशन और एससी/एसटी एक्ट को लेकर सरकार पर निशाना साधा और कहा कि सामान्य वर्ग के साथ अन्याय हो रहा है। अलंकार अग्निहोत्री ने कहा कि सुनियोजित तरीके से सामान्य वर्ग को कमजोर किया जा रहा है और उनके बच्चों के भविष्य के साथ खिलवाड़ हो रहा है। ऐसे में सवर्ण समाज को अब राजनीतिक विकल्प के रूप में खुद को स्थापित करना होगा। उन्होंने सत्ता में बैठे सवर्ण नेताओं पर भी निशाना साधते हुए कहा कि यूजीसी जैसे मुद्दे पर वे खुलकर विरोध तक नहीं कर सके। उन्होंने दावा किया कि राष्ट्रीय अधिकार मोर्चा का विस्तार 14 राज्यों तक हो चुका है और वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में पार्टी प्रदेश की सभी 403 सीटों पर चुनाव लड़ेगी और सरकार बनाने का प्रयास करेगी। उन्होंने कहा कि जो भी उनके विचारों के साथ है, उसका पार्टी में स्वागत है। अग्निहोत्री ने एससी/एसटी एक्ट के दुरुपयोग का आरोप लगाते हुए इसे समाप्त करने की मांग की। साथ ही घोषणा की कि इस एक्ट से प्रभावित लोगों को न्याय मिलने तक उनकी पार्टी की ओर से ‘विष्णु तिवारी’ नाम से 21 हजार रुपये प्रतिमाह पेंशन दी जाएगी। कार्यक्रम में प्रदेश अध्यक्ष विश्वदीप अवस्थी ने कहा कि वर्तमान परिस्थितियों में सवर्ण समाज के दमन के खिलाफ नई राजनीतिक ताकत की जरूरत थी, जिसके चलते राष्ट्रीय अधिकार मोर्चा का गठन किया गया है। उन्होंने कहा कि सनातन में विश्वास रखने वाले सभी लोगों का पार्टी में स्वागत है। वहीं सेंट्रल बार एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष नारायण दत्त त्रिपाठी (गुल्लू बाबू) ने कहा कि प्रतिभाशाली छात्रों के खिलाफ साजिश के तहत यूजीसी जैसे प्रावधान लाए जा रहे हैं, जिसका विरोध जरूरी है। उन्होंने कहा कि देश को ऐसी पार्टी की आवश्यकता है जो सनातन मानने वालों के हितों की रक्षा कर सके। कार्यक्रम के बाद अलंकार अग्निहोत्री ने टाउन हॉल स्थित नवनिर्मित शहीदों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण किया। इस दौरान बड़ी संख्या में अधिवक्ता और स्थानीय लोग मौजूद रहे।

