मैनपुरी , किशनी थाना क्षेत्र में पॉलिटेक्निक कॉलेज के सामने दावत खाकर लौट रहे युवकों को अज्ञात वाहन ने रौंद दिया। भीषण टक्कर में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। तीसरा साथी गम्भीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने घायल को सैफई स्थित अस्पताल भेजा, जहां उसकी भी मौत हो गई।
गुरुवार को जटपुरा निवासी इदरीश की बेटी की शादी थी। शादी में शामिल होने के लिये उनके रिश्तेदार 34 वर्षीय मोहम्मद वसीम पुत्र मोहम्मद मतीन, 50 वर्षीय सत्तार पुत्र रज्जाक खान निवासीगण गणेश चौधरी छिबरामऊ, कन्नौज व 35 वर्षीय आफताब उर्फ छोटे पुत्र इकबाल निवासी गिरीश गंज छिबरामऊ आए थे। रात 10 बजे वसीम का भाई नदीम अपनी पत्नी शाहीन को लेकर बाइक पर छिबरामऊ के लिए रवाना हुए। एक बाइक पर वसीम अपने साथ सत्तार व आफताब के साथ घर के लिए चला। किशनी नगर से कुसमरा की तरफ पॉलिटेक्निक कॉलेज के सामने उनकी टक्कर किसी अज्ञात वाहन से हो गई।
इसमें वसीम व सत्तार की मौके पर ही मौत हो गई। पॉलिटेक्निक कॉलेज के चौकीदार व ग्रामीण तेज आवाज सुनकर मौके पर पहुंचे और डायल 112 को सूचना दी। बीच सड़क और सुनसान जगह होने के कारण शवों को हाईवे पर निकल रहे वाहन कुचलते रहे। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष छत्रपाल सिंह मौके पर पहुंचे और मृतकों के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। घायल आफताब को सीएचसी पहुंचाया। जहां उसकी बेहद गम्भीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे मिनी पीजीआई सैफई के लिये रेफर कर दिया। वसीम के जेब से निकले ड्राइविंग लाइसेंस से उसकी पहचान हुई। पुलिस ने उसके भाई को फोन पर सूचना दी। मृतक वसीम के भाई पूर्व सभासद नदीम ने बताया कि वह लोग साथ में निकले थे। इन लोगों ने महिला साथ होने के कारण उनसे आगे चलने को कहा। छिबरामऊ पहुंचने पर घर न आने पर चिंता हुई तो वसीम के नम्बर पर फोन किया जिस पर पुलिस ने फोन उठाया और घटना के बारे में बताया। देर रात परिजन सैफई के लिये रवाना हो गए थे।
