शाहजहांपुर। ( संजीव गुप्त द्वारा) पुलिस अधीक्षक सौरभ दीक्षित ने जनपद में प्रभार ग्रहण करने के बाद आज रिजर्व पुलिस लाइन स्थित सभागार में पुलिस अधिकारियों सहित जनपद के समस्त थाना-शाखा प्रभारियों के साथ एक गोष्ठी आयोजित कर शान्ति एवं कानून व्यवस्था की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि महिला सुरक्षा, जनसुनवाई, प्रभावी गश्त व्यवस्था तथा संवेदनशील क्षेत्रों में सतर्क निगरानी बनाए रखें। समस्त थाना प्रभारी अपने-अपने थाना क्षेत्रों में नियमित रूप से पैदल गश्त करें, संदिग्ध व्यक्ति और वाहनों की सघन चेकिंग करें तथा आमजन से संवाद कर उनकी समस्याओं का निष्पक्ष निस्तारण करें।
उन्होंने कहा कि महिला सम्बन्धी अपराधों के प्रति विशेष संवेदनशीलता बरतें और ऐसे मामलों में त्वरित कार्रवाई की जाए। उन्होंने आगामी चुनावों और विभिन्न आयोजनों को देखते हुए सभी अधिकारियों को सतर्क रहने तथा जाम की समस्या के समाधान के लिए नियमित पेट्रोलिंग बढ़ाने के निर्देश दिए। कहा कि कानून व्यवस्था से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। अपराधियों के खिलाफ कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। इसके बाद उन्होंने प्रेसवर्ता आयोजित कर पत्रकारों से बातचीत की। उन्होंने जनपद में कानून-व्यवस्था को लेकर कहा कि वह प्रचार-प्रसार से दूर रहकर धरातल पर जनता की सेवा को अपनी प्राथमिकता मानते हैं। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया और अखबारों में अक्सर फर्जी आईपीएस अधिकारियों के पकड़े जाने की खबरें सामने आती हैं, उसी तरह फर्जी पत्रकार भी सक्रिय हैं, जिनसे सर्तक रहें। एसपी ने अपराधियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई करने की बात दोहराई। कहा कि अपराधियों में पुलिस का भय होना चाहिए, इसके लिए विशेष अभियान चलाकर अपराध और अपराधियों पर प्रभावी अंकुश लगाया जाएगा।
