-सदर विधायक अंजुला सिंह माहौर
हाथरस। जनपद में लंबे समय से लंबित मेडिकल कॉलेज निर्माण की मांग अब पूरी होने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ती नजर आ रही है। शासन स्तर पर सकारात्मक पहल शुरू होने से जल्द ही निर्माण कार्य प्रारंभ होने की उम्मीद जताई जा रही है।बताया जाता है कि सदर विधायक अंजुला सिंह माहौर द्वारा कई बार मुख्यमंत्री से मुलाकात कर हाथरस में मेडिकल कॉलेज स्थापना की मांग उठाई गई थी। साथ ही निर्माण प्रक्रिया में आ रही बाधाओं को दूर कराने का भी आग्रह किया गया था, ताकि कार्य शीघ्र शुरू हो सके।इसी क्रम में जिलाधिकारी हाथरस द्वारा मार्च माह में भूमि हस्तांतरण के संबंध में शासन को पत्र भेजा गया था। अब इस संबंध में शासन से पत्र प्राप्त हो चुका है, जिससे प्रक्रिया में तेजी आने के संकेत मिले हैं।इस पहल को लेकर क्षेत्र में खुशी का माहौल है। जनसमुदाय ने विधायक के प्रयासों की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया है। समय-समय पर विधानसभा और पत्राचार के माध्यम से जनपद में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए मेडिकल कॉलेज की आवश्यकता उठाई जाती रही है।जनपदवासियों को उम्मीद है कि जल्द ही मेडिकल कॉलेज का निर्माण कार्य शुरू होगा, जिससे स्थानीय लोगों को उच्च स्तरीय चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी।

