प्रयागराज 23 मार्च 26, जिले के फाफामऊ इलाके में आज दोपहर एक कोल्ड स्टोरेज केन्द्र की छत गिरने से 4 लोगों की मौत हो गई और 12 अन्य घायल हो गए।
मलबे से 17 मजदूरों को बचाया गया है और कई अन्य के फंसे होने की आशंका है। राष्ट्रीय आपदा मोचन बल और राज्य आपदा मोचन बल की टीमें बचाव और राहत अभियान में लगी हैं। मलबा हटाने के लिए 7 जेसीबी मशीनें मौके पर मौजूद हैं।
राज्य सरकार ने एडीएम वित्त की अध्यक्षता में एक समिति का गठन किया है जो अगले 48 घंटे में जांच करेगी और कोल्ड स्टोरेज केन्द्र की छत गिरने के कारणों का पता लगाएगी।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने इस घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया। उन्होंने प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से प्रत्येक मृतक के परिजनों को दो-दो लाख रुपये और घायलों को 50-50 हजार रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने स्थानीय प्रशासन को तत्काल राहत प्रदान करने और घायलों के लिए उचित चिकित्सा उपचार सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है।
मुख्यमंत्री ने घटना में जान गंवाने वालों के परिजनों के लिए दो-दो लाख रुपये और घायलों को 50-50 हजार रुपये की वित्तीय सहायता देने की घोषणा की।
