एटा में नहर की पटरी टूटने से 100 बीघा तंबाकू-गेहूं की खड़ी फसल जलमग्न, ग्रामीणों ने खुद संभाला मोर्चा : : UP News | UP Web News

Web News

www.upwebnews.com

एटा में नहर की पटरी टूटने से 100 बीघा तंबाकू-गेहूं की खड़ी फसल जलमग्न, ग्रामीणों ने खुद संभाला मोर्चा

March 18, 2026

एटा में नहर की पटरी टूटने से 100 बीघा तंबाकू-गेहूं की खड़ी फसल जलमग्न, ग्रामीणों ने खुद संभाला मोर्चा

एटा 18 मार्च उप्रससे। जनपद के थाना राजा का रामपुर क्षेत्र के ग्राम लालपुर बुजुर्ग में नहर की पटरी कटने से किसानों पर आफत टूट पड़ी। तेज बहाव के साथ खेतों में घुसे पानी ने करीब 100 बीघा फसल को जलमग्न कर दिया। जब किसान खेतों पर पहुंचे तो सामने बर्बादी का मंजर देख उनके होश उड़ गए।

बताया जा रहा है कि अज्ञात कारणों से नहर की पटरी टूट गई, जिससे पानी का रुख सीधे खेतों की ओर हो गया। कुछ ही घंटों में तंबाकू, गेहूं और अन्य तैयार खड़ी फसल पानी में डूब गई। कई किसानों की पूरी फसल नष्ट होने की कगार पर पहुंच गई है।

ग्राम प्रधान ने बताया कि सूचना मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचकर नहर जोड़ने में जुट गए और हालात काबू करने के लिए खुद ही प्रयास शुरू कर दिए। ग्रामीणों ने जेसीबी मशीन बुलाकर कटी पटरी को जोड़ा तब जाकर पानी का बहाव रोका जा सका। हालांकि तब तक बड़ा नुकसान हो चुका था।

किसानों ने कहा खेत पर पहुंचे तो चारों तरफ पानी ही पानी था, पूरी मेहनत बर्बाद हो गई। अगर समय पर नहर की मरम्मत होती तो यह नौबत नहीं आती। अब हमारे सामने परिवार चलाने का संकट खड़ा हो गया है।

ग्रामीणों का आरोप है कि नहर की लंबे समय से देखरेख और मरम्मत नहीं हुई, जिससे यह हादसा हुआ। किसानों ने प्रशासन से मामले की जांच कर दोषियों पर कार्रवाई और तत्काल मुआवजे की मांग की है।
इस घटना के बाद पूरे इलाके में किसानों के बीच गहरी चिंता और आक्रोश है। मेहनत की फसल डूबने से आर्थिक संकट गहरा गया है। प्रभावित किसान अब प्रशासन से जल्द राहत की आस लगाए बैठे हैं।