एटा 16 मार्च उप्रससे। जिले के कलेक्ट्रेट स्थित धरना स्थल पर अखिल भारतीय जनहित किसान संघ के पदाधिकारियों ने प्रदर्शन किया। उन्होंने अपनी विभिन्न समस्याओं के निराकरण के लिए राष्ट्रपति के नाम जिलाधिकारी को तीन अलग-अलग ज्ञापन सौंपे। यह प्रदर्शन संगठन के संरक्षक अभिलाख सिंह यादव के नेतृत्व में हुआ।
अभिलाख सिंह यादव ने बताया कि वे देश के किसानों, युवाओं और बेरोजगारों की समस्याओं को लेकर ज्ञापन सौंपने आए हैं। उन्होंने भारत-अमेरिका डील पर सरकार से पुनर्विचार कर उसे समाप्त करने की मांग की। साथ ही, किसानों को एमएसपी गारंटी लागू कर फसलों का उचित मूल्य दिलाने की बात कही। हाल ही में हुई गैस की किल्लत और आलू की फसल के कम दामों पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि कम दाम मिलने के कारण किसान आत्महत्या करने को मजबूर हैं। उन्होंने सरकार से इन समस्याओं पर विचार कर समाधान निकालने का आग्रह किया। इसके अतिरिक्त, विद्युत विभाग के निजीकरण का मुद्दा भी उठाया गया।
निधौली, जलेसर क्षेत्र के दर्जनों गांवों में खारे पानी की समस्या के कारण मीठे पानी की किल्लत का मुद्दा भी उठाया गया। किसानों ने जल जीवन मिशन के तहत हर घर नल पहुंचाने की व्यवस्था जल्द सुनिश्चित करने की मांग की। ज्ञापन सौंपने वालों में अनिल कुमार, रमेश चंद्र, अवनीश यादव, राजेश कुमार, राजकुमार, हिरदेश कुमार, भूदेव, शिशुपाल सिंह, अवधेश कुमार, नीतेश कुमार, राजवती और करिश्मा सहित कई अन्य पदाधिकारी शामिल थे।
