सीतापुर ।अखिलभारतवर्षीय श्रीरामचरितमानस समिति के तत्वावधान में आयोजित मानस मेले के चौथे दिन आज कथाव्यास पूज्यपाद महामंडलेश्वर स्वामी चिदम्बरानन्द जी सरस्वती ने नारद मोह और भगवान श्रीराम के प्राकट्य की पावन कथा सुनाई। कथा के दौरान जैसे ही भगवान श्रीराम व चारों भाइयों के जन्म का प्रसंग आया, पूरा पंडाल जयकारों से गूंज उठा और श्रद्धालुओं ने धूमधाम से जन्मोत्सव मनाया।
कथाव्यास ने ब्रह्मर्षि नारद द्वारा काम पर विजय पाने के दम्भ (अहंकार) और उसके बाद उनके मोहग्रस्त होने की रोचक व सारगर्भित कथा का वर्णन किया। उन्होंने कहा कि जब ब्रह्मर्षि नारद जैसे महान तपस्वी भी काम, क्रोध और मोह जैसे नैसर्गिक अवगुणों के प्रभाव से बच नहीं पाए, तो सामान्य मनुष्य की क्या बिसात है। इसलिए मनुष्य को कभी भी अपने ज्ञान, त्याग, विवेक या धर्माचरण का अहंकार नहीं करना चाहिए। स्वामी जी ने संदेश दिया कि यदि हमसे कोई भूल हो जाए, तो उसका बचाव या कुतर्क करने के बजाय सहजता और सरलता से अपनी गलती स्वीकार कर प्रायश्चित कर लेना चाहिए।
कथा के विश्राम से पूर्व स्वामी जी ने भगवान के अवतरण के विभिन्न हेतुओं पर प्रकाश डाला, जिसके बाद चारों भाइयों का जन्मोत्सव हर्षोल्लास के साथ मनाया गया।
आज की कथा में मुख्य रूप से कार्तिकेय शुक्ल, झनकार नाथ शुक्ल, अमित बाजपेई, साक्षी तिवारी, पूनम चतुर्वेदी, क्षमा शुक्ला, शिवगोपाल बाजपेई, कुलदीप शुक्ल, अरुणेश मिश्र, आचार्य महिपाल सिंह और रमाकांत अवस्थी उपस्थित रहे। इसके साथ ही मानस मेला समिति, हरिहर सेवा समिति, तत्सत सेवा समिति तथा राष्ट्रवादी ब्राह्मण समाज के पदाधिकारियों सहित सैकड़ों श्रद्धालुओं ने कथा का रसपान किया।

