Web News

www.upwebnews.com

शाहजहाँपुर में यातायात व्यवस्था होगी और अधिक सुगम एवं प्रभावी

November 21, 2026

शाहजहाँपुर में यातायात व्यवस्था होगी और अधिक सुगम एवं प्रभावी

यातायात नियंत्रण कक्ष का शुभारंभ एवं आमजन की सुविधा हेतु 24×7 हेल्पलाइन नंबर जारी*
शाहजहाँपुर—( संजीव गुप्त) यातायात व्यवस्था को और अधिक सुचारू, प्रभावी एवं आधुनिक बनाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक सौरभ दीक्षित के निर्देशन में अपर पुलिस अधीक्षक देवेन्द्र कुमार द्वारा यातायात नियंत्रण कक्ष का शुभारंभ किया गया । इस अवसर पर आमजन की सुविधा एवं त्वरित सहायता हेतु यातायात *पुलिस हेल्पलाइन नंबर 8917706948* भी जारी किया गया।
*1. यातायात नियंत्रण कक्ष का शुभारंभ एवं हेल्पलाइन नंबर जारी*
शहर में विभिन्न स्थानों पर लगने वाले जाम एवं उससे आमजन को होने वाली असुविधा को दृष्टिगत रखते हुए यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए यातायात नियंत्रण कक्ष की स्थापना की गई है । इसके माध्यम से शहर की यातायात व्यवस्था की निगरानी करते हुए जाम की सूचनाओं पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी ।
*2. गूगल मैप एवं जनसुझावों के आधार पर 30 ड्यूटी प्वाइंट चिह्नित*
शहर में यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाने के लिए गूगल मैप एवं आमजन से प्राप्त फीडबैक के आधार पर नगर क्षेत्र में कुल 30 ड्यूटी प्वाइंट चिह्नित किए गए हैं। इन सभी ड्यूटी प्वाइंटों पर वाहनों के बढ़ते दबाव एवं जाम की समस्या को ध्यान में रखते हुए यातायात पुलिसकर्मियों की ड्यूटी निर्धारित की गई है ।
*3. हैंडहेल्ड वायरलेस सेट से यातायात पुलिसकर्मियों को किया गया सुसज्जित*
चिह्नित सभी 30 ड्यूटी प्वाइंटों पर तैनात यातायात पुलिसकर्मियों को हैंडहेल्ड वायरलेस सेट उपलब्ध कराए गए हैं, जिससे यातायात नियंत्रण कक्ष एवं ड्यूटी प्वाइंटों पर तैनात पुलिसकर्मियों के मध्य त्वरित संपर्क स्थापित कर यातायात व्यवस्था की प्रभावी निगरानी एवं जाम की स्थिति में तत्काल कार्रवाई की जा सके ।
*4. जाम की सूचना पर तत्काल पहुंचेगी नजदीकी ड्यूटी प्वाइंट की टीम*
नई व्यवस्था के अंतर्गत शहर में किसी भी स्थान पर जाम लगने की सूचना यातायात नियंत्रण कक्ष के हेल्पलाइन नंबर 8917706948 पर प्राप्त होने पर तत्काल वायरलेस सेट के माध्यम से संबंधित स्थान के निकटतम ड्यूटी प्वाइंट पर तैनात यातायात पुलिसकर्मियों को आवश्यक निर्देश दिए जाएंगे। निर्देश प्राप्त होते ही संबंधित यातायात पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचकर जाम खुलवाने एवं यातायात को सुचारू बनाने की कार्रवाई करेंगे। इसके अतिरिक्त संबंधित क्षेत्र के यातायात उपनिरीक्षक भी तत्काल मौके पर पहुंचकर यातायात व्यवस्था को व्यवस्थित कराना सुनिश्चित करेंगे।
*5. त्वरित कार्रवाई हेतु तीन दोपहिया वाहन क्यूआरटी टीम का गठन*
नगर निगम क्षेत्र में यातायात व्यवस्था के प्रभावी संचालन एवं जाम की स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए तीन दोपहिया वाहन क्यूआरटी (क्विक रिस्पांस टीम) का गठन किया गया है। जाम की सूचना प्राप्त होने पर यातायात पुलिस की क्यूआरटी टीम के साथ-साथ संबंधित थाना पुलिस की चीता मोबाइल भी तत्काल मौके पर पहुंचकर यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाने में सहयोग करेगी।
*6. यातायात पुलिस हेल्पलाइन नंबर 24×7 रहेगा उपलब्ध*
आमजन की सुविधा के लिए जारी किया गया यातायात पुलिस हेल्पलाइन नंबर 8917706948 चौबीसों घंटे (24×7) उपलब्ध रहेगा। जनपदवासी शहर के किसी भी स्थान पर जाम की समस्या उत्पन्न होने पर उक्त हेल्पलाइन नंबर पर सूचना देकर यातायात पुलिस से सहायता प्राप्त कर सकते हैं। हेल्पलाइन के माध्यम से प्राप्त सूचनाओं पर त्वरित कार्रवाई करते हुए संबंधित स्थान पर यातायात पुलिस की उपलब्धता सुनिश्चित की जाएगी।

पुलिस कप्तान सौरभ दीक्षित द्वारा जनपदवासियों से अपील की गई है कि शहर में कहीं भी जाम की समस्या उत्पन्न होने पर तत्काल यातायात पुलिस हेल्पलाइन नंबर 8917706948 पर सूचना दें तथा यातायात नियमों का पालन करते हुए जनपद की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने एवं जाममुक्त शाहजहाँपुर के निर्माण में अपना महत्वपूर्ण योगदान दें।

*यातायात पुलिस हेल्पलाइन नंबर – 8917706948 (24×7)*