सफलता की कहानी
शाहजहांपुर —( संजीव गुप्त,)
जनपद शाहजहांपुर। विकासखंड जलालाबाद की ग्राम पंचायत नूरपुर करही में जल जीवन मिशन योजना ग्रामीण परिवारों के जीवन में सकारात्मक बदलाव ला रही है। योजना के अंतर्गत गांव के 446 ग्रामीण परिवारों की कुल 2420 आबादी तक नल से जल की सुविधा पहुंचाई गई है। इनमें अनुसूचित जाति के 111 ग्रामीण भी प्रत्यक्ष रूप से लाभान्वित हुए हैं। उत्तर प्रदेश जल निगम (ग्रामीण) की ओर से ग्राम पंचायत में आयोजित जलार्पण कार्यक्रम के माध्यम से सभी 446 परिवारों के घरों तक स्वच्छ पेयजल की आपूर्ति सुनिश्चित की गई है। इस कार्य के संबंध में अधिशासी अभियंता सनी सिंह एवं ग्राम प्रधान ऋषिपाल ने महत्वपूर्ण जानकारी दी।
पानी की परेशानी से मिली निजात, आसान हुआ जीवन
योजना से पूर्व गांव के ग्रामीणों को पानी के लिए हैंडपंप, कुएं एवं अन्य पारंपरिक जल स्रोतों पर निर्भर रहना पड़ता था। पानी भरने के लिए महिलाओं एवं बच्चियों को दूर तक जाना पड़ता था, जिससे बच्चियों की पढ़ाई और महिलाओं के दैनिक कार्य प्रभावित होते थे। गर्मियों में जलस्तर गिरने के कारण जल स्रोतों पर भीड़ बढ़ जाती थी और पर्याप्त पानी उपलब्ध नहीं हो पाता था। अब पाइपलाइन के माध्यम से सीधे घरों तक स्वच्छ पेयजल पहुंचने से पानी की किल्लत दूर हुई है और ग्रामीण परिवारों को बड़ी राहत मिली है।
दलित बस्ती में भी आया बदलाव, सामाजिक समानता को मिला बढ़ावा
गांव की दलित बस्ती के 111 अनुसूचित जाति के ग्रामीणों के जीवन में भी जल जीवन मिशन से उल्लेखनीय बदलाव आया है। पहले बस्ती के परिवारों को पानी के लिए दूर स्थित सार्वजनिक जल स्रोतों पर निर्भर रहना पड़ता था। कई बार सामाजिक भेदभाव जैसी परिस्थितियों के कारण उन्हें पानी भरने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। विशेषकर महिलाओं को पानी लाने में अतिरिक्त समय और श्रम खर्च करना पड़ता था। अब दलित बस्ती के सभी घरों में नल कनेक्शन उपलब्ध कराए जाने से इन सभी 111 ग्रामीणों को घर पर ही स्वच्छ पेयजल की सुविधा मिल रही है। इससे सार्वजनिक जल स्रोतों पर होने वाली असुविधाओं और दूसरों पर निर्भरता से राहत मिली है। इस पहल ने सामाजिक समानता एवं सम्मान के साथ बिना किसी भेदभाव के बुनियादी सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण बदलाव किया है।
जलार्पण के बाद भी संचालन एवं रखरखाव पर विशेष ध्यान
जलार्पण का अर्थ हर घर नल से जल योजना को ग्रामवासियों को समर्पित करना है। पेयजल परियोजना का निर्माण पूरा होने के बाद प्रत्येक घर तक नल कनेक्शन के माध्यम से जलापूर्ति शुरू की जाती है। अधिशासी अभियंता सनी सिंह ने बताया कि जल निगम (ग्रामीण) की सर्वोच्च प्राथमिकता जल जीवन मिशन के तहत प्रत्येक ग्रामीण परिवार तक नियमित एवं गुणवत्तापूर्ण पेयजल पहुंचाना है। पेयजल योजनाओं के निर्माण के साथ-साथ उनके सुचारु संचालन एवं रखरखाव पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जलार्पण के बाद योजना को लंबे समय तक व्यवस्थित ढंग से संचालित रखने के लिए विभागीय निगरानी के साथ ग्रामीणों की सक्रिय भागीदारी भी आवश्यक है। इसके लिए ग्रामीणों को पानी की बर्बादी रोकने, जल संरक्षण अपनाने तथा नल, पाइपलाइन एवं अन्य परिसंपत्तियों की देखभाल के प्रति जागरूक किया जा रहा है।
ग्राम प्रधान ऋषिपाल के अनुसार, गांव में हर घर नल से जल की सुविधा उपलब्ध होने से ग्रामीण परिवारों को दैनिक जीवन में काफी सहूलियत मिली है। जल जीवन मिशन ने न केवल पेयजल की समस्या को कम किया है, बल्कि महिलाओं के समय एवं श्रम की बचत और ग्रामीणों के जीवन स्तर में सुधार की दिशा में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
