Web News

www.upwebnews.com

तेज रफ्तार बोलेरो पिकअप ने आल्टो कार को मारी टक्कर, जिला अस्पताल की महिला डॉ की मौत, पति गंभीर

November 20, 2026

तेज रफ्तार बोलेरो पिकअप ने आल्टो कार को मारी टक्कर, जिला अस्पताल की महिला डॉ की मौत, पति गंभीर

उ प्र समाचार सेवा

लखीमपुर खीरी।जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे में जिला अस्पताल (ओयल) में तैनात महिला चिकित्सक डॉ. प्रीति श्रीवास्तव की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके पति गंभीर रूप से घायल हो गए। यह हादसा बुधवार-गुरुवार (19/20 नवंबर) की दरमियानी रात को कोतवाली सदर की पुलिस चौकी क्षेत्र में करीब 11 बजे रामापुर तिराहे के पास हुआ, जब दंपती एक पारिवारिक कार्यक्रम से अपने घर लौट रहे थे।नौरंगाबाद निवासी और बिजली विभाग में कार्यरत आलोक श्रीवास्तव अपनी पत्नी डॉ. प्रीति श्रीवास्तव के साथ शहर की ऑफिसर कॉलोनी में अपने मित्र दिनेश श्रीवास्तव के घर आयोजित एक समारोह में शामिल होने गए थे। देर रात कार्यक्रम से लौटते समय रास्ते में उन्होंने कार में सीएनजी भरवाई और घर के लिए रवाना हुए। जैसे ही उनकी आल्टो कार रामापुर तिराहे के पास पहुंची, सामने से आ रही एक तेज रफ्तार नई बोलेरो पिकअप ने उनकी कार में जोरदार टक्कर मार दी।टक्कर इतनी भीषण थी कि आल्टो कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में डॉ. प्रीति श्रीवास्तव ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया, जबकि उनके पति आलोक श्रीवास्तव गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायल आलोक को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया और डॉ. प्रीति के शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और चिकित्सा जगत में शोक की लहर दौड़ गई।दुर्घटना के बाद मौके से बरामद बोलेरो पिकअप की पहचान को लेकर मामला संदिग्ध हो गया है। पुलिस जांच में सामने आया है कि वाहन की बॉडी पर जहां नंबर प्लेट लगाई जाती है, वहां ‘एमएच-14सी’ लिखा हुआ है, जबकि घटनास्थल से पुलिस को ‘यूपी-31 डीटी-0237’ लिखी एक अलग नंबर प्लेट बरामद हुई है।चौकी प्रभारी के अनुसार, अभी यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि मौके पर मिली यूपी नंबर की प्लेट इसी पिकअप की है या किसी अन्य वाहन की। एक ही वाहन से जुड़े दो अलग-अलग राज्यों के नंबर सामने आने के बाद पुलिस की जांच अब हादसे के कारणों के साथ-साथ पिकअप के वास्तविक पंजीकरण और संभावित संदिग्ध गतिविधियों की ओर भी मुड़ गई है। पुलिस वाहन के चेसिस और इंजन नंबर के आधार पर मालिक का पता लगाने में जुटी है।