Web News

www.upwebnews.com

स्वास्थ्य विभाग की छापेमारी, राज नर्सिंग होम का ऑपरेशन थिएटर व प्रसव कक्ष सील, तीन पैथोलॉजी लैब भी बंद

November 17, 2026

स्वास्थ्य विभाग की छापेमारी, राज नर्सिंग होम का ऑपरेशन थिएटर व प्रसव कक्ष सील, तीन पैथोलॉजी लैब भी बंद

सिकंदराराऊ में बिना पंजीकरण ऑपरेशन और प्रसव कराने का मामला आया सामने, शहर में अपंजीकृत डायग्नोस्टिक सेंटर पर भी कार्रवाई

हाथरस, 16 नवम्बर 2026 (उप्र समाचार सेवा)। जिले में अवैध रूप से संचालित अस्पतालों और पैथोलॉजी लैब के खिलाफ स्वास्थ्य विभाग ने कार्रवाई तेज कर दी है। सीएमओ और डिप्टी सीएमओ डॉ. प्रवीण भारती के नेतृत्व में टीम ने सिकंदराराऊ के ईदगाह रोड स्थित राज नर्सिंग होम का औचक निरीक्षण किया। अस्पताल पंजीकृत मिला, लेकिन ऑपरेशन और प्रसव कराने की अनुमति नहीं थी। इसके बावजूद मौके पर दो महिलाएं भर्ती मिलीं। इनमें एक महिला का ऑपरेशन से प्रसव कराया गया था, जबकि दूसरी महिला के गर्भाशय का ऑपरेशन किया गया था।निरीक्षण के दौरान दोनों महिलाओं की उपचार संबंधी पत्रावलियां उपलब्ध नहीं कराई गईं। जिस डॉक्टर ने ऑपरेशन किए थे, उसका मोबाइल नंबर भी अस्पताल संचालक नहीं दे सका। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने कार्रवाई करते हुए अस्पताल के ऑपरेशन थिएटर और प्रसव कक्ष को सील कर दिया।उधर, डॉ. एमआई आलम ने हाथरस शहर में अपंजीकृत रूप से संचालित डॉ. आरआई मेमोरियल डायग्नोस्टिक सेंटर को सील कर दिया। माधव पैथोलॉजी का संचालक टीम को देखकर मौके से भाग गया। विभाग की ओर से वहां दोबारा टीम भेजकर कार्रवाई की जाएगी। वहीं सासनी में संचालित परी पैथोलॉजी और लैब पैथोलॉजी का पंजीकरण नहीं मिलने पर दोनों को सील कर दिया गया।इसी क्रम में डॉ. प्रवीण भारती ने सिकंदराराऊ स्थित विनायक हॉस्पिटल का भी निरीक्षण किया। यहां एक गर्भवती महिला भर्ती मिली। अस्पताल संचालक ने बताया कि महिला का प्रसव किस महिला चिकित्सक से कराया जाएगा। इस पर विभाग ने संचालक को नोटिस जारी किया। अस्पताल के पंजीकृत चिकित्सक डॉ. राहुल भी निरीक्षण के दौरान मौके पर नहीं मिले।स्वास्थ्य विभाग की इस कार्रवाई से जिले में अपंजीकृत अस्पतालों और पैथोलॉजी संचालकों में खलबली मची हुई है।