एटा 16 नवंबर उप्रससे। जनपद में ऑनलाइन गेमिंग और सट्टेबाजी की आड़ में बैंक खातों का इस्तेमाल कर साइबर ठगी करने के आरोप में पुलिस ने तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से 31 ATM कार्ड, 12 सिम कार्ड, पांच मोबाइल फोन और 19,530 रुपए नकद बरामद किए हैं।
पुलिस ने बताया मोबाइल फोन में 84 ई-मेल आईडी के लॉगिन और करोड़ों रुपए के संदिग्ध लेन-देन से जुड़े डिजिटल सबूत मिले हैं।
थाना सकीट पुलिस, साइबर थाना और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने 15 नवंबर की शाम सकीट-औंछा रोड पर चेकिंग के दौरान सफेद होंडा सिटी कार को रोका। कार में सवार तीन युवकों की तलाशी लेने पर ATM कार्ड, सिम कार्ड, मोबाइल फोन और अन्य दस्तावेज मिले। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान एटा निवासी उत्कर्ष वर्मा उर्फ यशु वर्मा और मैनपुरी निवासी रोहित शाक्य व नितिन के रूप में हुई है। पुलिस ने उनके पास से आधार और पैन कार्ड भी बरामद किए हैं। पूछताछ में उत्कर्ष ने बताया कि वह करीब डेढ़ साल से दिल्ली निवासी तरुण के संपर्क में था। वह लोगों को एक महीने के लिए बैंक खाते उपलब्ध कराने पर पांच से 10 हजार रुपए देने का लालच देता था। इसके बाद खाताधारकों से ATM कार्ड, सिम और पासबुक ले लेता था। पुलिस का कहना है कि आरोपी करीब 60 बैंक खाते जुटा चुका था। इन खातों से होने वाले लेन-देन पर उसे 10 से 30 प्रतिशत कमीशन मिलता था। उसके दोनों साथियों को भी कमीशन दिया जाता था।
पुलिस ने बताया आरोपी www.rana247.vip वेबसाइट के जरिए कैसीनो, क्रिकेट, फुटबॉल और Aviator जैसे ऑनलाइन गेम और सट्टेबाजी से जुड़ा काम करने की बात बता रहा है। पूछताछ में उसने IPL मैचों के दौरान करीब दो करोड़ रुपए का मुनाफा होने और डेढ़ साल में लगभग 8.5 करोड़ रुपए कथित संचालक तक पहुंचाने का दावा किया है। नोएडा में बैठे संचालक के नेटवर्क में 50 से अधिक हैंडलर होने की जानकारी भी सामने आई है। इन दावों की जांच की जा रही है। जांच के दौरान उत्कर्ष के मोबाइल से महादेव ट्रेडर्स नाम के बैंक खाते का स्टेटमेंट मिला। इसमें करोड़ों रुपए का संदिग्ध लेन-देन सामने आया है। एक व्हाट्सएप ग्रुप की चैट भी बरामद हुई है। आरोपियों से जुड़े बैंक खातों के खिलाफ बिहार, महाराष्ट्र, उत्तर प्रदेश और दिल्ली से छह साइबर शिकायतें मिली हैं। इन शिकायतों में कुल 1,24,970 रुपए की धनराशि संबंधित है।
पुलिस डिजिटल साक्ष्यों और बैंक खातों की जांच कर रही है। साथ ही गिरोह के अन्य सदस्यों और ठगी की रकम का पता लगाया जा रहा है। आरोपियों के खिलाफ BNS और IT एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
