उ प्र समाचार सेवा
कोषागार के डबल लॉक में ग्रहण किया चार्ज, जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना प्राथमिकता
सीतापुर। जनपद के नवागंतुक जिलाधिकारी प्रथमेश कुमार ने सोमवार 16 नवंबर 2026 को शासन के निर्देशानुसार कोषागार स्थित डबल लॉक में पहुंचकर जिलाधिकारी पद का कार्यभार ग्रहण किया। इस दौरान अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व आयुष चौधरी कोषाधिकारी दिलीप कुमार सिंह सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
कार्यभार ग्रहण करने के बाद जिलाधिकारी ने उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों से परिचय प्राप्त किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि शासन एवं मुख्यमंत्री के निर्देशों के अनुरूप जनपद में संचालित सभी जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचाना उनकी प्राथमिकता होगी।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि आम जनता की शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। जनसमस्याओं के समाधान में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए तथा शासन की योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाया जाए।
