Web News

www.upwebnews.com

ओवर हाईट गन्ना ट्रकों का ‘सड़क पर आतंक’, बिजली के तारों से हादसे का खतरा; प्रशासन मौन

November 10, 2026

ओवर हाईट गन्ना ट्रकों का ‘सड़क पर आतंक’, बिजली के तारों से हादसे का खतरा; प्रशासन मौन

उ प्र समाचार सेवा

लखीमपुर खीरी।बेहजम से ओयल मार्ग पर इस समय गन्ना लदे ओवर हाईट ट्रकों का कहर जारी है, जो राहगीरों और स्थानीय निवासियों के लिए जान का दुश्मन बना हुआ है। हरगांव शुगर मिल को जाने वाले इन ट्रकों में क्षमता से कहीं अधिक ऊंचाई तक गन्ना भरा जा रहा है। ओवरलोडिंग के इस खेल से सड़कों पर ‘सड़क हादसे’ और ‘हाई-वोल्टेज करंट’ का दोहरा खतरा मंडरा रहा है, लेकिन जिम्मेदार प्रशासनिक अधिकारी आंखें मूंदकर किसी बड़े हादसे का इंतजार कर रहे हैं।स्थानीय लोगों के अनुसार, ट्रकों में गन्ने को इतनी ऊंचाई तक लादा जा रहा है कि वे सड़कों के ऊपर से गुजर रहे बिजली के क्रॉस तारों को छू रहे हैं। ट्रकों के टकराने से बिजली के तार टूटने, खंभे उखड़ने और पूरे इलाके में हाई-वोल्टेज करंट फैलने की गंभीर आशंका बनी हुई है। हल्की सी लापरवाही भी किसी बड़ी अप्रिय घटना या जनहानि का सबब बन सकती है।गन्ने से ओवरलोड ये अनियंत्रित ट्रक न सिर्फ बिजली के बुनियादी ढांचे को नुकसान पहुंचा रहे हैं, बल्कि सड़क पर चलने वाले अन्य राहगीरों, बाइक सवारों और स्कूली बच्चों के लिए भी साक्षात काल साबित हो रहे हैं। आए दिन गन्ने के बंडल सड़कों पर गिरते रहते हैं, जिससे राहगीर चोटिल हो रहे हैं। इसके अलावा, इन भारी-भरकम ट्रकों के कारण बेहजम ओयल मार्ग पर घंटों लंबा जाम लगना अब आम बात हो गई है।स्थानीय निवासियों और राहगीरों में प्रशासन की इस घोर लापरवाही को लेकर भारी आक्रोश है। लोगों का कहना है कि ओवरलोडिंग का यह अवैध धंधा सरेआम अधिकारियों की नाक के नीचे चल रहा है। बार-बार शिकायत के बावजूद परिवहन विभाग और स्थानीय पुलिस की ओर से अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है।क्षेत्रीय जनता अब सीधे सवाल उठा रही है कि आखिर इन ओवरलोड ट्रकों को बिना रोक-टोक सड़कों पर दौड़ने की हरी झंडी किसने दी,क्या प्रशासन और मिल प्रबंधन को किसी मासूम की जान जाने के बाद ही इस खतरे का अहसास होगा,नियम तोड़ने वाले इन ट्रक मालिकों और मिल चालकों पर सख्त कानूनी कार्रवाई कब होगी,स्थानीय लोगों ने जिला प्रशासन और उच्चाधिकारियों से मांग की है कि बेकाबू हो चुके इन ओवरलोड ट्रकों की चेकिंग की जाए, इनकी ऊंचाई तय की जाए और मिल प्रबंधन को सख्त हिदायत दी जाए, ताकि समय रहते किसी बड़ी तबाही को टाला जा सके।