Web News

www.upwebnews.com

त्योहार की खुशियां मातम में बदलीं, अज्ञात वाहन की टक्कर से युवक की दर्दनाक मौत

November 10, 2026

त्योहार की खुशियां मातम में बदलीं, अज्ञात वाहन की टक्कर से युवक की दर्दनाक मौत

उ प्र समाचार सेवा
कस्ता खीरी।मितौली मैंगलगंज मार्ग पर बबौना गांव के पास एक भीषण सड़क हादसा सामने आया है, जहाँ एक अज्ञात वाहन ने बाइक सवार युवक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि युवक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।इस हृदयविदारक घटना से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।हादसे के शुरुआती समय में मृतक की पहचान नहीं हो सकी थी। सूचना मिलते ही कस्ता चौकी प्रभारी आशुतोष कुमार सिंह पुलिस बल के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर शिनाख्त के प्रयास शुरू किए। काफी मशक्कत के बाद मृतक की पहचान अखिलेश मिश्रा पुत्र चिरौजी लाल निवासी ग्राम ढखिया कुस्तौल, थाना मितौली के रूप में हुई। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और अज्ञात वाहन की तलाश शुरू कर दी है।इस दर्दनाक हादसे ने एक हंसते-खेलते परिवार की खुशियां पल भर में छीन लीं। जिस घर में भैया दूज के पावन त्योहार पर भाई-बहन के अटूट प्रेम और मिलन के स्वागत की तैयारियां चल रही थीं, वहां अब चीख-पुकार और मातम पसरा हुआ है। माता-पिता के बुढ़ापे का इकलौता सहारा और बहन का लाडला भाई अब हमेशा के लिए इस दुनिया से चला गया है। त्योहार के ही दिन भाई की मौत की खबर मिलते ही बहन की आंखों से आंसुओं का सैलाब उमड़ पड़ा और परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।क्षेत्र में आए दिन हो रहे ये सड़क हादसे स्थानीय लोगों के लिए गंभीर चिंता का विषय बन चुके हैं। तेज रफ्तार और लापरवाही के कारण रोजाना मासूम लोग अपनी जान गंवा रहे हैं। पुलिस और स्थानीय प्रबुद्ध जनों ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे यातायात नियमों का कड़ाई से पालन करें और सड़कों पर संयम व सावधानी से वाहन चलाएं, ताकि किसी और परिवार का चिराग इस तरह न बुझे।