Web News

www.upwebnews.com

हाथरस में भीषण अग्निकांड: गहरी नींद में सो रहे बुजुर्ग दंपती की जिंदा जलकर मौत, घर का सामान भी राख

November 5, 2026

हाथरस में भीषण अग्निकांड: गहरी नींद में सो रहे बुजुर्ग दंपती की जिंदा जलकर मौत, घर का सामान भी राख

हाथरस। जनपद हाथरस के सादाबाद कस्बे के मोहल्ला कहारान में बुधवार-बृहस्पतिवार की दरमियानी रात करीब दो बजे एक मकान में भीषण आग लगने से दर्दनाक हादसा हो गया। घर के अंदर सो रहे बुजुर्ग दंपती की आग में जिंदा जलकर मौत हो गई। हादसे में 70 वर्षीय शाहजाद और उनकी 65 वर्षीय पत्नी सलमा बेगम की जान चली गई। आग इतनी भीषण थी कि मकान में रखा सामान भी जलकर राख हो गया। घटना के बाद पूरे इलाके में मातम पसरा हुआ है।
जानकारी के मुताबिक, मोहल्ला कहारान निवासी शाहजाद अपनी पत्नी सलमा बेगम के साथ घर में सो रहे थे। देर रात अचानक मकान में आग लग गई। बताया जा रहा है कि आग शॉर्ट सर्किट के कारण लगी। आग इतनी तेजी से फैली कि दंपती को संभलने और बाहर निकलने का मौका नहीं मिल सका। आग की लपटों और धुएं के कारण दोनों घर के अंदर ही फंस गए और उनकी दर्दनाक मौत हो गई।
मकान से आग की ऊंची लपटें और धुआं उठता देख आसपास के लोगों को घटना की जानकारी हुई। पड़ोसियों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने पर दमकल विभाग की गाड़ी मौके पर पहुंची और आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। हालांकि, तब तक मकान के अंदर रखा सामान जलकर राख हो चुका था और बुजुर्ग दंपती की जान नहीं बचाई जा सकी।
बताया गया कि परिवार के अन्य सदस्य शादी में शामिल होने के लिए बाहर गए हुए थे। परिवार सिलाई का काम करता था और त्योहार के चलते मकान में काफी माल रखा हुआ था। आग ने कुछ ही मिनटों में पूरे मकान को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। मृतकों की पहचान शाहजाद (71) और उनकी पत्नी सलमा बेगम (65) के रूप में हुई है। घटना के बाद मोहल्ले में शोक का माहौल बना हुआ है।