उ प्र समाचार सेवा
घर में 20 दिन बाद बजने वाली थीं शादी की शहनाइयां, हादसे ने खुशियों को मातम में बदला।
पलियाकलां, लखीमपुर खीरी। पलिया संपूर्णानगर रोड़ पर गुरुवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार और अनियंत्रित ट्राले ने बाइक सवार अधेड़ को कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद अफरा-तफरी मच गई।
मृतक की पहचान प्रभनाथ पुत्र मृगनाथ, निवासी अंबेडकरनगर के रूप में हुई। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। बताया जा रहा है कि मृतक के घर में महज 20 दिन बाद शादी समारोह होना था और परिवार में खुशियों की तैयारियां चल रही थीं, लेकिन एक दर्दनाक हादसे ने परिवार की खुशियों को मातम में बदल दिया।
स्थानीय लोगों के अनुसार, सड़क किनारे चल रहे कार्य सडक किनारे पडे मलवे, वाहनों की पार्किंग, ठेलों आदि ने सड़क काफी संकरी हो गई है जिससे आए दिन हादसे होते रहते हैं। लोगों का आरोप है कि सड़क पर फैली अव्यवस्था भी हादसों का कारण बन रही है। इसके बावजूद जिम्मेदार विभाग इस ओर ध्यान नहीं दे रहे हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हादसे के बाद ट्राला चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरते हुए आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है। स्थानीय लोगों ने सड़क किनारे अतिक्रमण और अवैध पार्किंग हटवाने की मांग उठाई है।
