उ प्र समाचार सेवा
लड़के के कपड़ों पर मिले खून के निशान, फोरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य
परिजनों ने जताई हत्या की आशंका, शव उतारने का किया विरोध
नरेन्द्र मिश्रा
मैगलगंज-खीरी। मैगलगंज थाना क्षेत्र में बुधवार दोपहर औरंगाबाद-मूड़ा बसही मार्ग पर एक जामुन के पेड़ से नाबालिग छात्र-छात्रा के शव लटके मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। दोनों मंगलवार को स्कूल से छुट्टी होने के बाद घर नहीं पहुंचे थे। शव मिलने की सूचना पर परिजनों और ग्रामीणों की भारी भीड़ घटनास्थल पर जुट गई। परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए निष्पक्ष जांच होने तक शव नीचे उतारने से विरोध किया। मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारियों ने बातचीत कर स्थिति संभालने का प्रयास किया।
मृतकों की हुई पहचान
मृतकों की पहचान आरुषि और सुधाकर के रूप में हुई है। दोनों एक ही गांव के निवासी और आपस में रिश्तेदार बताए जा रहे हैं। दोनों औरंगाबाद स्थित जिला पंचायत इंटर कॉलेज में पढ़ते थे।
मंगलवार को स्कूल से घर नहीं लौटे थे दोनों
परिजनों के मुताबिक, मंगलवार को स्कूल की छुट्टी होने के बाद दोनों घर नहीं पहुंचे। काफी देर तक इंतजार करने के बाद परिजनों ने स्कूल से संपर्क किया और उनकी तलाश शुरू कर दी। विद्यालय के प्रधानाचार्य के अनुसार, सीसीटीवी फुटेज में दोनों के स्कूल में मौजूद होने और छुट्टी के बाद वहां से निकलने की पुष्टि हुई है।
साइकिल और चप्पल भी मिली
बुधवार दोपहर परिजनों ने तलाश के दौरान स्कूल ड्रेस में दोनों के शव औरंगाबाद-मूड़ा बसही मार्ग पर एक जामुन के पेड़ से लटके देखे। घटनास्थल से कुछ दूरी पर एक साइकिल और चप्पल भी बरामद होने की बात सामने आई है। पुलिस ने मौके से मिले सामान को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
लड़के के कपड़ों पर खून के निशान मिलने से बढ़ा संदेह
घटनास्थल पर पहुंची फोरेंसिक टीम ने बारीकी से निरीक्षण कर महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, लड़के के कपड़ों पर खून के निशान मिलने की बात सामने आई है। पुलिस ने डॉग स्क्वायड की मदद से भी जांच कराई। इसके अलावा ड्रोन कैमरे से घटनास्थल और आसपास के क्षेत्र की छानबीन की गई। इन परिस्थितियों के बाद मामला और रहस्यमय हो गया है।
एडिशनल एसपी समेत कई थानों की पुलिस पहुंची
दोनों के शव मिलने की सूचना पर एडिशनल एसपी अमित राय, सीओ मितौली यदुवेंद्र यादव और मैगलगंज थाना प्रभारी अखिलेश गंगवार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आक्रोशित परिजनों से बातचीत कर उन्हें समझाने का प्रयास किया। परिजन मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग पर अड़े रहे।
हत्या या आत्महत्या, जांच के बाद खुलेगा राज
पुलिस शुरुआती जांच में प्रेम प्रसंग समेत अन्य संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की पड़ताल कर रही है। हालांकि, अभी किसी भी आशंका की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। सीओ यदुवेंद्र यादव के अनुसार, पुलिस सभी पहलुओं पर गंभीरता से जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फोरेंसिक जांच के निष्कर्ष सामने आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।
घटना ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है। अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि दोनों नाबालिगों की मौत के पीछे आत्महत्या है या कोई आपराधिक साजिश? इसका जवाब पुलिस जांच के बाद ही सामने आएगा।
