Web News

www.upwebnews.com

पढ़ाई के साथ-साथ बच्चों का शारीरिक विकास भी जरूरी

November 4, 2026

पढ़ाई के साथ-साथ बच्चों का शारीरिक विकास भी जरूरी

नियमित योगा व व्यायाम करायें अधीक्षक -जिलाधिकारी

उप्रससे अजय बरया
ललितपुर। राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग के निर्देशों के क्रय में जिलाधिकारी सत्य प्रकाश ने राजकीय संप्रेषण गृह, नेहरूनगर का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का गहन जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने संप्रेक्षण गृह में निवासरत बच्चों के रहन-सहन, भोजन, पहनावा, शारीरिक एवं मानसिक स्थिति के साथ-साथ उनकी शिक्षा और कौशल विकास से जुड़े विभिन्न बिंदुओं पर बारीकी से पड़ताल की। निरीक्षण के समय संप्रेक्षण गृह में कुल 49 बच्चे निवासरत पाए गए, जो सभी शिक्षण कार्य करते हुए मिले। जिलाधिकारी ने परिसर का भ्रमण करते हुए शयन कक्ष, क्लास रूम, टॉयलेट और किचन का निरीक्षण किया तथा मौके पर चल रहे बाउंड्री वॉल के निर्माण कार्य को भी देखा।
व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि बच्चों के कौशल प्रशिक्षण हेतु उन्हें ट्रिपल सी या अन्य समकक्ष व्यवसायिक पाठ्यक्रम का प्रशिक्षण कराया जाए, जिससे यह उनके भविष्य में मददगार साबित हो सके और वे आत्मनिर्भर बन सकें। उन्होंने इस बात पर विशेष जोर दिया कि बच्चों की औपचारिक शिक्षा के साथ-साथ उनके कौशल विकास और शारीरिक विकास के लिए खेलकूद, व्यायाम, योगा आदि गतिविधियां नियमित रूप से कराई जाएं। इसके अलावा, किचन में बनने वाले भोजन की गुणवत्ता और पोषण का विशेष ध्यान रखने तथा मीनू के अनुसार पौष्टिक आहार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। डीएम ने परिसर की सुरक्षा को मजबूत करने के लिए निर्माणाधीन बाउंड्री वॉल के कार्य को उच्च गुणवत्ता के साथ शीघ्र पूरा करने और शयन कक्ष, क्लास रूम व टॉयलेट सहित पूरे परिसर में नियमित साफ-सफाई बनाए रखने के कड़े निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि मानवाधिकार आयोग के मानकों के अनुरूप बच्चों के कल्याण और उनकी सुविधाओं में किसी भी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक संजीव कुमार बाजपेई, सीएमओ डॉ0 वीरेन्द्र सिंह, एसडीएम सदर हेमन्त पटेल, डीआईओएस ओपी सिंह, बीएसए रत्नेश कुमार, डीपीओ नन्दलाल सिंह एवं नीरज सिंह, डीआईओ डीएस दयाल, डीपीआरओ कुॅवर सिंह यादव सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।