सिधौली-सीतापुर(उप्र समाचार सेवा)। स्थानीय तहसील मुख्यालय पर कस्बे के सिद्धेश्वर नगर मोहल्ले में गुरुवार देर शाम रानी तालाब के पास किराए के कमरे में लकड़ी कारोबारी इजमाल (42) पुत्र इरफान उर्फ अब्बन, निवासी बाड़ी, का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। वह सिधौली में अकेले रहकर लकड़ी का कारोबार करते थे। जानकारी के मुताबिक लकड़ी काटने वाले मजदूर उनसे मिलने कमरे पर पहुंचे तो वह बिस्तर पर रजाई ओढ़े पड़े थे। आवाज देने पर जवाब नहीं मिला। जांच करने पर उनकी मौत का पता चला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और फोरेंसिक टीम से साक्ष्य संकलित कराए। मृतक के चचेरे भाई ने हत्या की आशंका जताते हुए अज्ञात के खिलाफ तहरीर दी है। परिजनों के अनुसार, कुछ महीने पहले पैसों के लेनदेन को लेकर उनका एक कबाड़ कारोबारी से विवाद हुआ था। इजमाल मधुमेह और उच्च रक्तचाप से भी पीड़ित थे। पुलिस क्षेत्राधिकारी वेद प्रकाश श्रीवास्तव ने बताया कि मामले की जांच जारी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल हत्या की पुष्टि नहीं हुई है।
